बलि का बकरा या गुनहगार? कैसे मालवीय नगर होटल के कुक की एक गलती ने ली 21 लोगों की जान
दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लोरिश स्टे होटल में 3 जून को लगी भीषण आग में 21 लोगों की मौत हो गई. मामले में होटल के कुक केशव नेगी को गिरफ्तार किया गया है. वहीं इस मामले को लेकर अब सवाल उठ रहा है कि क्या दिल्ली के सोते हुए सिस्टम को बलि का बकरा मिल गया या फिर केशव वाकई गुनहगार है.
दिल्ली की सुबहें आमतौर पर भागती-दौड़ती जिंदगी के साथ शुरू होती हैं. लेकिन 3 जून 2026 की सुबह मालवीय नगर में कुछ ऐसा हुआ, जिसने राजधानी को झकझोर कर रख दिया. सुबह करीब साढ़े आठ बजे लोग अपने कमरों में थे.
कोई नाश्ते की तैयारी कर रहा था, कोई अपने अगले सफर की योजना बना रहा था. कुछ विदेशी पर्यटक दिल्ली घूमने निकले ही थे कि अचानक फ्लोरिश स्टे होटल की संकरी इमारत से धुआं उठने लगा.
कुछ ही मिनटों में धुआं आग में बदला और आग मौत में
21 लोग जिंदा होटल में दाखिल हुए थे, लेकिन बाहर नहीं निकल सके. अब, हादसे के तीन दिन बाद पुलिस ने जिस शख्स को गिरफ्तार किया है, उसका नाम है केशव नेगी. पेशे से एक साधारण कुक. लेकिन आज वही इस पूरे हादसे का सबसे बड़ा किरदार बन गया है. सवाल है... क्या केशव नेगी वह गुनहगार है जिसकी एक गलती ने 21 लोगों की जान ले ली? या फिर वह सिर्फ उस सिस्टम का सबसे कमजोर हिस्सा है, जिसे अब पूरे हादसे का दोषी बनाया जा रहा है?
एक किचन से शुरू हुई मौत की कहानी
पुलिस जांच के मुताबिक उस सुबह केशव नेगी होटल के किचन में चाय और कुछ खाने की चीजें बना रहा था. बताया जा रहा है कि इंडक्शन चूल्हे के पास गर्म तेल मौजूद था. अचानक आग भड़की. कुछ सेकंड में हालात हाथ से निकल गए. केशव का दावा है कि उसने आग बुझाने की कोशिश की. लेकिन आग बुझी नहीं. फैलती चली गई और फिर जो हुआ, वही आज उसकी गिरफ्तारी की सबसे बड़ी वजह बन गया.
केशव कुक की जानलेवा भूल?
आग बढ़ती देख केशव ने होटल की मुख्य बिजली सप्लाई बंद कर दी. शायद उस समय उसे लगा होगा कि बिजली काटने से आग रुक जाएगी लेकिन पुलिस का दावा है कि यही फैसला मौत का कारण बन गया. जैसे ही बिजली बंद हुई, होटल के इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे लॉक हो गए. अब सोचिए...
- ऊपर के कमरों में सो रहे लोग.
- संकरी सीढ़ियां.
- चारों तरफ धुआं.
- और बाहर निकलने का रास्ता अचानक बंद.
- जो होटल मेहमानों के लिए ठहरने की जगह था, वह कुछ मिनटों में एक बंद पिंजरे में बदल गया.
मौत से पहले की आखिरी कोशिश
एक जांच में सामने आया है कि एक पति-पत्नी अपनी जान बचाने के लिए बाथरूम में घुस गए थे. उन्हें लगा होगा कि शायद वहां धुएं से बच जाएंगे लेकिन दरवाजा नहीं खुला. धुआं बढ़ता गया. सांसें कमजोर पड़ती गईं. और आखिरकार दोनों की मौत दम घुटने से हो गई. ऐसी ही कई कहानियां उस होटल की दीवारों में दफन हैं.
- किसी ने खिड़की तोड़ने की कोशिश की.
- किसी ने फोन कर मदद मांगी.
- किसी ने आखिरी बार अपने परिवार को कॉल किया.
- लेकिन आग ज्यादा तेज थी.
- और सिस्टम उससे भी ज्यादा कमजोर.
क्या सिर्फ केशव जिम्मेदार है?
यहीं से कहानी में असली ट्विस्ट आता है. क्योंकि अगर सिर्फ कुक की गलती थी, तो फिर ये सवाल कौन जवाब देगा कि... एक होटल को सिर्फ 6 कमरों की अनुमति थी, लेकिन वहां 25 कमरे कैसे चल रहे थे?
- बेसमेंट में कमरे किसकी इजाजत से बने?
- फायर एनओसी क्यों नहीं थी?
- खिड़कियां स्थायी रूप से सील क्यों थीं?
- पूरे होटल में सिर्फ एक एंट्री और एक एग्जिट क्यों था?
और सबसे बड़ा सवाल... अगर इतने नियमों का उल्लंघन हो रहा था, तो MCD, फायर विभाग और प्रशासन आखिर कर क्या रहे थे?
'दिल्ली में सब चलता है'
होटल मालिक लवकेश बजाज की गिरफ्तारी के बाद जब उससे पूछा गया कि 6 कमरों का लाइसेंस लेकर 25 कमरे कैसे चला रहे थे, तो कथित तौर पर उसका जवाब था- 'दिल्ली में सब चलता है.' शायद यही एक लाइन इस पूरे हादसे की सबसे भयावह सच्चाई है. क्योंकि अगर सच में सब चलता है... तो फिर 21 लोगों की मौत के लिए सिर्फ एक कुक को जिम्मेदार ठहराना क्या न्याय होगा?
बलि का बकरा या गुनहगार?
यह सच है कि अगर जांच में केशव नेगी की लापरवाही साबित होती है, तो उसे कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए लेकिन यह भी उतना ही सच है कि 21 मौतों की कहानी सिर्फ एक इंडक्शन चूल्हे से शुरू नहीं हुई थी.
- यह कहानी शुरू हुई थी अवैध निर्माण से.
- बंद खिड़कियों से.
- बिना फायर एनओसी के चल रहे होटल से.
- सोते हुए प्रशासन से.
- और उस सोच से जिसमें माना जाता है कि "सब चलता है".
- आज केशव नेगी जेल में है.
- लेकिन असली सवाल अब भी जिंदा है.
- क्या वह 21 मौतों का अकेला जिम्मेदार है?
- या फिर उसे उस सिस्टम का चेहरा बना दिया गया है, जिसकी लापरवाही ने पहले इस मौत के जाल को बनने दिया और फिर 21 लोगों को उसमें फंसा दिया?




