Begin typing your search...

'अकेले तुम्हारा ही लड़का थोड़ी खोया है', गड्ढे में जान गंवाने वाले कमल के भाई ने बताया सिस्टम ने कैसे ले ली जान?

दिल्ली के जनकपुरी में जल बोर्ड के काम के लिए खोदे गए बिना बैरिकेडिंग गड्ढे में गिरकर 25 वर्षीय कमल ध्यानी की मौत हो गई. रातभर परिवार पुलिस थानों में भटकता रहा, लेकिन सिस्टम की लापरवाही ने उसकी जान ले ली.

अकेले तुम्हारा ही लड़का थोड़ी खोया है, गड्ढे में जान गंवाने वाले कमल के भाई ने बताया सिस्टम ने कैसे ले ली जान?
X
सागर द्विवेदी
Edited By: सागर द्विवेदी

Updated on: 6 Feb 2026 3:20 PM IST

दिल्ली के जनकपुरी में जल बोर्ड (DJB) के काम के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान कमल ध्यानी के रूप में हुई है, जो रोहिणी में नौकरी करता था और देर रात घर लौट रहा था. यह हादसा उस समय हुआ, जब कमल बिना बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेत वाले गहरे गड्ढे में जा गिरा. अब कमल के भाई के जरिए जो बात सामने आ रही है, उसमें पुलिसिया लापरवाही साफ झलकती है.

कमल के भाई ने बताया कि वह हर दिन उसी रास्‍ते से आता-जाता था और गुरुवार रात करीब 11:30 बजे कमल से उनकी आखिरी बार बात हुई थी. उसने बताया था कि वह डिस्ट्रिक्‍ट सेंटर पहुंच चुका है और करीब 15 मिनट में घर आ जाएगा. लेकिन आधे घंटे बाद जब फोन नहीं उठा, तो परिवार को चिंता हुई. भाई ने बताया कि कई बार कॉल करने के बाद भी संपर्क नहीं हो पाया, जिसके बाद वे उसे ढूंढने निकले, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. भाई ने आरोप लगाया कि पुलिस ने शिकायत लिखने से मना कर दिया और कहा कि 24 घंटे के बाद ही शिकायत लिखी जाएगी.

परिवार का आरोप है कि जब वे जनकपुरी थाने पहुंचे और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, तो पुलिस ने 24 घंटे बाद शिकायत दर्ज करने की बात कही. उन्होंने पुलिस से फोन ट्रेस करने की गुहार लगाई. शुरुआत में लोकेशन निकाली गई, लेकिन बाद में उसे ‘गोपनीय’ बताकर साझा नहीं किया गया. उन्होंने फिर हमें बोला कि इस दायरे अंदर 200 मीटर के अंदर फोन है, ढूंढ लीजिए लेकिन वे पार्क बताया. लेकिन लड़का तो यहां पड़ा था.

मृतक के भाई ने आगे बताया कि हम सात लोग रात 12 बजे से सुबह 7 बजे तक भटकते रहे, हर कोने में ढूंढा लेकिन कमल नहीं मिला. मृतक के भाई ने आगे कहा कि हमने 7 थानों में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की एक भी थाने ने शिकायत नहीं लिखी, सुबह जब सात बजे हमें कुछ नहीं मिला, घर जा रहे थे तो सातवें थाने सागरपुर में पहुंचा तो पुलिस ने कहा कि तुम्हारा इकलौता लड़का नहीं खोया है, लाखों लड़के खोते हैं हर दिन. कुल मिलाकर सात थाने गए हम, किसी ने मेरी नहीं सुनी. सब ने कहा कि नंबर दे दो और और फोटो ग्रुप में शेयर कर दूं.

इस मामले में डीसीपी वेस्ट शरद भास्कर ने बताया कि जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड के काम के लिए एक गड्ढा खोदा गया था. उसी गड्ढे में कमल ध्यानी की बाइक गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई. उन्होंने कहा कि रात करीब 2:45 बजे मृतक का भाई थाने पहुंचा था और पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर जिला पार्क इलाके में तलाश भी की, लेकिन सफलता नहीं मिली. सुबह करीब 8 बजे एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि 15 फीट गहरे गड्ढे में एक शव पड़ा है. इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने कहा है कि इस घटना में दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े सभी जिम्मेदार पक्षों की जांच की जाएगी. एफआईआर दर्ज की जा रही है और जल्द ही बाइक को गड्ढे से बाहर निकाला जाएगा. इस हादसे ने एक बार फिर राजधानी में खुले गड्ढों, लापरवाही और जिम्मेदार एजेंसियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

DELHI NEWS
अगला लेख