Begin typing your search...

IRS अफसर की बेटी का रेप के बाद हत्या करने वाला आरोपी की खुल गई कुंडली, राजस्थान में भी किया था दुष्कर्म- Top Updates

दिल्ली के कैलाश हिल्स में IRS अफसर की बेटी की रेप के बाद हत्या के मामले में मुख्य आरोपी राहुल मीणा फरार है. जांच में सामने आया है कि वह पहले भी राजस्थान में दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में शामिल रह चुका है.

IRS अफसर की बेटी का रेप के बाद हत्या करने वाला आरोपी की खुल गई कुंडली, राजस्थान में भी किया था दुष्कर्म- Top Updates
X
सागर द्विवेदी
By: सागर द्विवेदी5 Mins Read

Updated on: 22 April 2026 7:54 PM IST

दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स में बुधवार (22 अप्रैल) सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक वरिष्ठ IRS अधिकारी की बेटी का शव घर के अंदर संदिग्ध हालात में मिला. शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई. इस वारदात ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

पुलिस की शुरुआती जांच में 19 वर्षीय पूर्व घरेलू सहायक राहुल मीणा को मुख्य आरोपी माना जा रहा है, जो फिलहाल फरार है. पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर कई टीमों को गिरफ्तारी के लिए लगाया है. चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी पर पहले भी छेड़छाड़ और गंभीर अपराधों में शामिल होने के आरोप लग चुके हैं.

कौन है आरोपी राहुल मीणा? पढ़िए उसकी कुंडली

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी राहुल मीणा के रूप में हुई है. जब पुलिस उसकी तलाश में उसके घर पहुंची, तो वह पहले ही फरार हो चुका था. सूत्रों के मुताबिक, राहुल मीणा का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है, जिसमें यह सामने आया है कि उसने पहले भी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है. पुलिस को जानकारी मिली है कि उसने राजस्थान में भी कुछ लोगों के साथ मिलकर दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था. इतना ही नहीं, हत्या से ठीक एक दिन पहले यानी 21 अप्रैल को भी वह अपने इलाके में छेड़छाड़ की घटना में शामिल था.

पुलिस को राहुल मीणा पर शक क्यों हुआ?

पुलिस के अनुसार, राहुल मीणा पहले इसी घर में करीब 8 महीने तक काम कर चुका था. उसे लगभग डेढ़ महीने पहले घरेलू सामान की खरीदारी में गड़बड़ी करने के आरोप में नौकरी से निकाल दिया गया था. जांच में सामने आया कि आरोपी को घर की पूरी दिनचर्या की जानकारी थी. उसे पता था कि घर के मालिक और उनकी पत्नी रोज सुबह 6 से 6:30 बजे के बीच जिम जाते हैं. इसी मौके का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया.

घर में एंट्री कैसे मिली? क्या था पूरा प्लान?

पुलिस को घटनास्थल पर जबरन घुसने के कोई निशान नहीं मिले हैं. जांच में पता चला है कि घर की चाबी अक्सर बाहर एक तय जगह पर रखी जाती थी, जिसकी जानकारी राहुल को पहले से थी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने उसी चाबी का इस्तेमाल कर घर का दरवाजा खोला और अंदर दाखिल हुआ. CCTV फुटेज में भी उसे घर में घुसते और आसपास के इलाके में बैग लेकर जाते हुए देखा गया है.

वारदात के दौरान क्या हुआ? कैसे की गई हत्या?

मृतका 22 वर्षीय युवती थी, जो UPSC की तैयारी कर रही थी. बुधवार सुबह जब वह घर में अकेली थी, तभी आरोपी अंदर घुसा और उस पर हमला कर दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें पहुंचाईं. इसके बाद मोबाइल चार्जर के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी करीब 30-40 मिनट तक घर के अंदर रहा और फिर मौके से फरार हो गया.

घटना का खुलासा कैसे हुआ?

जब युवती के पिता, जो एक वरिष्ठ IRS अधिकारी हैं, जिम से वापस लौटे तो उन्होंने अपनी बेटी को खून से लथपथ हालत में पाया. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी.

दिल्ली पुलिस ने बताया कि मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है. फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस का मानना है कि यह वारदात सुबह 6:30 से 7 बजे के बीच हुई, जब घर में कोई और मौजूद नहीं था. आरोपी इस समय को पहले से चुनकर आया था, क्योंकि अन्य घरेलू कर्मचारी बाद में आते थे. पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद मृतका का मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गया है.

आरोपी की तलाश में क्या कर रही है पुलिस?

दिल्ली पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं. राजस्थान के अलवर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर स्पेशल सीपी और ज्वाइंट सीपी भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया. यह घटना न सिर्फ एक जघन्य अपराध है, बल्कि यह भी दिखाती है कि घर की सुरक्षा में छोटी सी लापरवाही किस तरह बड़े खतरे में बदल सकती है. आरोपी को घर की हर छोटी-बड़ी जानकारी थी और उसी का फायदा उठाकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.

अगला लेख