Delhi Excise Policy: बरी होने के बाद मोदी- शाह पर खूब बरसे AAP के मुखिया, बोले-अब तो बस केजरीवाल का कत्ल ही करना पड़ेगा
दिल्ली शराब नीति से जुड़े CBI केस में राउज एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत सभी 23 आरोपियों को बरी कर दिया. फैसले के बाद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर साजिश का आरोप लगाते हुए दोबारा चुनाव की चुनौती दी.
दिल्ली की राजनीति में बड़ा उलटफेर का मामला सामने आया है जिसमें दिल्ली शराब नीति से जुड़े CBI केस में राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया सहित सभी 23 आरोपियों को बरी कर दिया है. जिसके बाद दिल्ली से लेकर पंजाब तक आप में जश्न का माहौल है. अदालत के फैसले के बाद केजरीवाल ने पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला और पूरे मामले को राजनीतिक साजिश करार दिया. आइए प्वाइंट में समझते हैं अरिविंद केजरीवाल ने क्या कहा है?
- कोर्ट के फैसले को 'ऐतिहासिक' बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि चार साल तक ED, CBI और अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल कर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई, लेकिन अदालत ने 600 पन्नों के आदेश में साफ कर दिया कि मामले में मुकदमा चलाने लायक भी सबूत नहीं हैं. फैसले के बाद AAP दफ्तर में समर्थकों की भीड़ जुटी और पार्टी नेताओं ने इसे 'सच्चाई की जीत' बताया.
- शराब नीति केस में कोर्ट ने क्या कहा? दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने अपने विस्तृत आदेश में कहा कि CBI आरोप साबित करने में विफल रही. स्पेशल जज जितेंद्र सिंह ने टिप्पणी की कि जांच एजेंसी की चार्जशीट में कई ऐसी खामियां हैं जिनका किसी गवाह या बयान से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है.
- अदालत ने कहा कि हजारों पन्नों की चार्जशीट में ऐसे बिंदु शामिल हैं जो किसी भी गवाह के बयान का समर्थन नहीं करते. कोर्ट ने CBI को फटकार लगाते हुए कहा कि आरोपों को ठोस आधार पर स्थापित नहीं किया जा सका.
- केजरीवाल ने फैसले के बाद क्या कहा? प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 'आज अदालत ने अपने 600 पन्नों के आदेश में कहा है कि इस मामले में मुकदमा चलाने लायक जरा-सा भी सबूत नहीं है.'
- उन्होंने आगे कहा कि 'दो लोगों- प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए यह साजिश रची. आज उन्हें देश से माफी मांगनी चाहिए... मैंने केवल ईमानदारी कमाई है, पैसा नहीं...'
- केजरीवाल ने दावा किया कि उनके खिलाफ साजिश रची गई. उन्होंने कहा कि उन्होंने जिंदगी में केवल ईमानदारी कमाई है और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए यह पूरा प्रकरण खड़ा किया गया.
- क्या AAP नेतृत्व ने इसे राजनीतिक षड्यंत्र बताया? केजरीवाल ने कहा कि बीते चार वर्षों में ED, CBI और पुलिस के जरिए AAP को निशाना बनाया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि एक समय पार्टी के शीर्ष पांच नेता जेल में थे, लेकिन आरोप साबित नहीं हो सके. उन्होंने कहा कि 'आज मेरे दिल से बड़ा बोझ उतर गया है.'
- साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि 'मैं मोदी जी को चुनौती देता हूं कि दिल्ली में दोबारा चुनाव करवा लें। मैं पूरे भरोसे के साथ कहता हूं कि अगर उन्हें 10 से ज्यादा सीटें मिल जाएं, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा.'
- कोर्ट के फैसले का राजनीतिक असर क्या होगा?राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस फैसले से दिल्ली की राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं. AAP इसे नैतिक जीत के रूप में पेश कर रही है, जबकि भाजपा की ओर से अब तक विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं आई है.
- केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि दिल्ली के तीन करोड़ लोगों को इस “षड्यंत्र” का खामियाजा भुगतना पड़ा. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता में एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया.
अब आगे क्या?
कानूनी जानकारों के अनुसार, यदि जांच एजेंसी चाहे तो उच्च अदालत में अपील कर सकती है. फिलहाल राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले के बाद केजरीवाल, सिसोदिया और अन्य आरोपियों को बड़ी राहत मिली है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में केजरीवाल ने अपनी कानूनी टीम का धन्यवाद किया और कहा कि न्यायपालिका पर उनका विश्वास पहले से अधिक मजबूत हुआ है.




