कोरिया में रेत खनन को लेकर हुआ ट्रिपल मर्डर! बीजेपी नेता को फॉर्च्युनर में जिंदा जलाया, जबकि दो को पीट-पीटकर मार डाला
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत खनन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां कथित गैंगवार में तीन लोगों की मौत हो गई. एक व्यक्ति की Fortuner SUV में जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.
कोरिया में बीजेपी नेता को जिंदा जलाकर मार डाला
Chhattisgarh Koriya Triple Murder Case: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में रेत खनन को लेकर चल रही वर्चस्व की लड़ाई ने खौफनाक रूप ले लिया. मंगलवार देर रात कथित तौर पर बदले की कार्रवाई में एक गुट ने दूसरे गुट की गाड़ियों को घेर लिया और हमला कर दिया.
सबसे भयावह मंजर तब सामने आया जब एक लग्जरी Fortuner SUV को कथित तौर पर टक्कर मारकर फंसा दिया गया और उसमें आग लग गई. इस हमले में एक व्यक्ति की गाड़ी के अंदर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. घटना कटगोड़ी गांव के सोनहत इलाके की बताई जा रही है.
पुलिस ने क्या-क्या बताया?
- पुलिस के मुताबिक, दो गाड़ियों में जा रहे लोगों को रास्ते में रोका गया. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने टिपर ट्रक की मदद से SUV को कई बार टक्कर मारी, जिससे उसमें बैठे लोग बाहर नहीं निकल पाए.
- मृतकों की पहचान भारत सिंह गेहरवार उर्फ लल्ला सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है. लल्ला सिंह को इलाके में राजनीतिक रूप से प्रभावशाली व्यक्ति बताया जा रहा है. उनके BJP से जुड़े होने की बात सामने आई है.
- पुलिस के अनुसार, इलाके में सिंह और ठाकुर गुट के बीच पिछले कुछ महीनों से रेत के कारोबार को लेकर विवाद चल रहा था. घटना से पहले भी दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा था और उसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
- प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जलती SUV से कुछ लोग शीशे तोड़कर बाहर निकलने में कामयाब हुए, लेकिन बाहर निकलते ही उन पर फिर हमला किया गया. किसी पर धारदार हथियार से वार किया गया तो किसी को बेरहमी से पीटा गया.
- हालांकि पुलिस अभी सभी दावों की पुष्टि कर रही है. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या पीड़ितों को समझौते के बहाने बुलाया गया था. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप ने बताया कि शुरुआती जांच में दिन में हुए विवाद के बाद रात की घटना सामने आई है.
- Fortuner का जला हुआ ढांचा, सड़क पर बिखरे वाहन के पार्ट्स, टूटे शीशे और खून के निशान हमले की भयावहता दिखा रहे थे. फॉरेंसिक टीम मौके से सबूत जुटा रही है ताकि पता लगाया जा सके कि गाड़ी को जानबूझकर जलाया गया या टक्कर के बाद आग लगी.
- इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है. कई पुलिस टीमें आरोपियों को पकड़ने में जुटी हैं.
घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है. कुछ संगठनों ने मामले की CBI जांच की मांग की है और आरोप लगाया है कि यह हमला पूरी योजना के साथ किया गया था. रेत कारोबार, पुरानी रंजिश और कथित साजिश के इस मामले ने छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.




