पहले साल 2022, अब 2026... 4 साल बाद फिर हुई तेज प्रताप यादव के घर चोरी, क्या-क्या हुआ गायब और किस पर लगा आरोप?
तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास से चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. राजधानी के 42 हार्डिंग रोड स्थित उनके आवास से नकदी समेत कई कीमती सामान गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई है.
तेज प्रताप के घर हुई चोरी
पटना में बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास से चोरी की बड़ी घटना सामने आई है. राजधानी के 42 हार्डिंग रोड स्थित उनके आवास से नकदी समेत कई कीमती सामान गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई है. मामले को लेकर सचिवालय थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
तेज प्रताप यादव ने इस चोरी के पीछे अपने सहयोगी मोतीलाल राय का नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत के अनुसार, घर में रखी पार्टी फंड की रकम और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों समेत अन्य मूल्यवान वस्तुएं चोरी हो गई हैं. घटना ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है.
कब हुई चोरी की घटना?
तेज प्रताप यादव द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 22 जून को उनके आवास की आलमारी से पार्टी फंड के लिए सुरक्षित रखे गए 20 लाख रुपये चोरी हो गए. इसके अलावा लगभग 2 तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, सोनी की चार पेन ड्राइव, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक लैपटॉप, एक लेनेवो लैपटॉप और चार आईफोन प्रो मैक्स मोबाइल फोन भी गायब बताए गए हैं.
शिकायत मिलने के बाद सचिवालय थाना पुलिस तत्काल उनके हार्डिंग रोड स्थित आवास पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस सभी आरोपों और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
क्या पहले भी हो चुकी थी चोरी?
यह पहला मौका नहीं है जब तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पर चोरी की घटना सामने आई हो. इससे पहले साल 2022 में भी उनके आवास से सामान चोरी होने का मामला दर्ज किया गया था. उस समय तेज प्रताप यादव ने अपने घर की देखरेख करने वाले चंदन नामक युवक पर चोरी का आरोप लगाया था.
एफआईआर के अनुसार, चंदन लंबे समय से उनके आवास पर काम करता था. आरोप था कि 27 मई 2022 को वह घर में रखे नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया था. उस मामले में तेज प्रताप यादव ने चंदन पर आईफोन और तीन बैग चोरी करने का आरोप लगाया था.
तेज प्रताप यादव के आवास पर हुई कथित चोरी और लगाए गए आरोपों के बाद अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चोरी की घटना के पीछे कौन जिम्मेदार है और गायब बताए गए सामान की बरामदगी हो पाती है या नहीं.




