Begin typing your search...

पाकिस्तान क्रिकेट में थम नहीं रहा बवाल! पूर्व कोच का चीफ सेलेक्टर पर फूटा गुस्सा, कहा- वे ऐसे मन बदल रहे हैं, जैसे पैंट बदल रहे हों

पाकिस्तान के पूर्व कोच जेसन गिलेस्पी ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के बीच हुए बड़े बदलावों को लेकर PCB चीफ सेलेक्टर आकिब जावेद पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की चयन प्रक्रिया में कोई स्पष्ट रणनीति नहीं दिखती. खिलाड़ियों को टीम से बाहर किए जाने की जानकारी परिवार या मीडिया से मिली.

jason Gillespie Slams Aqib Javed
X

Aqib Javed और jason Gillespie

( Image Source:  X.com/@TalhaDigital007 · )

पाकिस्तान क्रिकेट टीम में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बीच हुए बड़े बदलावों को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. टीम के खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने न सिर्फ कोचिंग स्टाफ में बदलाव किया, बल्कि कई खिलाड़ियों को भी बीच सीरीज में टीम से बाहर कर दिया. अब पाकिस्तान के पूर्व हेड कोच जेसन गिलेस्पी ने PCB के चीफ सेलेक्टर आकिब जावेद के फैसलों पर सवाल उठाए हैं.

गिलेस्पी ने कहा कि मौजूदा हालात देखकर उन्हें खिलाड़ियों के लिए बुरा लग रहा है, क्योंकि क्रिकेट ही उनका रोजगार है. बाहर से देखने पर ऐसा लगता है कि पाकिस्तान के खिलाड़ी दबाव और डर के माहौल में खेल रहे हैं.

गिलेस्पी ने खास तौर पर कप्तान सलमान अली आगा के मामले का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि सलमान ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में टीम की कप्तानी की, लेकिन दूसरे टेस्ट में उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया और तीसरे टेस्ट से पहले घर भेज दिया गया. आखिर चयन प्रक्रिया इस तरह कैसे काम कर सकती है.

आकिब जावेद पर चयन रणनीति को लेकर सवाल

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज गिलेस्पी ने पाकिस्तान की चयन प्रक्रिया में निरंतरता की कमी के लिए सीधे तौर पर आकिब जावेद को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि उन्हें पाकिस्तान टीम में फिलहाल कोई स्पष्ट चयन रणनीति नजर नहीं आ रही है. गिलेस्पी ने तंज कसते हुए कहा कि चयन को लेकर फैसले इतनी तेजी से बदलते हैं जैसे रोज पैंट बदल रहे हों. टीम के चयन में स्थिरता और स्पष्ट योजना दिखाई नहीं दे रही है.

गिलेस्पी ने यह भी कहा कि आकिब जावेद ने हाल ही में पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति के लिए उन्हें और पाकिस्तान के पूर्व व्हाइट-बॉल कोच गैरी कर्स्टन को जिम्मेदार ठहराया था. इस पर गिलेस्पी ने पलटवार करते हुए कहा कि आकिब पिछले करीब दो साल से चीफ सेलेक्टर की भूमिका में हैं, जबकि वह और कर्स्टन उस दौरान टीम के साथ नहीं थे.

गिलेस्पी ने कहा कि अगर मौजूदा समस्याओं के लिए पुराने कोच जिम्मेदार हैं तो आकिब को यह भी देखना चाहिए कि उनके कार्यकाल में क्या हो रहा है. गिलेस्पी ने उन्हें खुद के काम और फैसलों की समीक्षा करने की सलाह दी.

खिलाड़ियों को टीम से बाहर किए जाने की जानकारी कैसे मिली?

गिलेस्पी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की कम्युनिकेशन व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए. उनका दावा है कि जिन खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया गया, उनमें से कुछ को खुद टीम मैनेजमेंट से जानकारी नहीं मिली. गिलेस्पी के मुताबिक, कई खिलाड़ियों को अपने परिवार, दोस्तों या मीडिया के जरिए पता चला कि उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने इसे खिलाड़ियों के प्रति बेहद अपमानजनक तरीका बताया.

रिपोर्ट्स में भी दावा किया गया था कि कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों को सोशल मीडिया पर PCB का बयान देखने या परिवार और दोस्तों से जानकारी मिलने के बाद अपने बाहर होने का पता चला. गिलेस्पी का कहना है कि खिलाड़ियों के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं होना चाहिए.

इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद हुआ बड़ा बदलाव

दरअसल, पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज की शुरुआत बेहद खराब तरीके से की. हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हराया. इसके बाद लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में भी पाकिस्तान को 194 रन से हार का सामना करना पड़ा. लगातार दो हार के बाद इंग्लैंड ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली.

इन हार के बाद PCB ने टीम में बड़ा बदलाव किया. विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान, ओपनर इमाम-उल-हक, सलमान अली आगा, स्पिनर अली उस्मान, तेज गेंदबाज खुर्रम शहजाद, ऑलराउंडर आमिर जमाल और बल्लेबाज अवैस जफर को वापस बुलाया गया.

इसके अलावा पाकिस्तान ने हेड कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को भी उनके पदों से हटा दिया. तीसरे टेस्ट के लिए माइक हेसन और एश्ले नॉफ्के को टीम की जिम्मेदारी दी गई है.

तीसरा टेस्ट 9 सितंबर से बर्मिंघम में खेला जाना है. पाकिस्तान के लिए यह मैच बेहद अहम है, क्योंकि टीम पहले ही तीन मैचों की सीरीज में 0-2 से पिछड़ चुकी है.

गिलेस्पी का पाकिस्तान क्रिकेट से पुराना नाता

जेसन गिलेस्पी ने 2024 में करीब आठ महीने तक पाकिस्तान टीम के हेड कोच के रूप में काम किया था. उनके कार्यकाल में पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज 2-1 से जीती थी.

हालांकि मौजूदा समय में टीम की स्थिति को देखकर गिलेस्पी ने चिंता जताई है. उनका कहना है कि सबसे ज्यादा नुकसान उन खिलाड़ियों का हो रहा है जिनका करियर और रोजी-रोटी टीम के फैसलों पर निर्भर करती है.

गिलेस्पी की आलोचना का मुख्य मुद्दा यही है कि चयन में स्पष्ट रणनीति, फैसलों में निरंतरता और खिलाड़ियों के साथ सही संवाद होना जरूरी है. फिलहाल पाकिस्तान क्रिकेट में हुए इन बदलावों ने टीम के अंदर की व्यवस्था और चयन प्रक्रिया पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख