वॉटर कैनन, आंसू गैस और छात्रों पर लाठीचार्ज... दिल्ली के बाद अब पटना में फैली आग! 5 पॉइंट्स और 5 वीडियो में देखें पूरा बवाल
बिहार की राजधानी पटना में NEET पेपर लीक मामले को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के लोकभवन मार्च के दौरान बवाल मच गया. जहां पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वॉटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज किया.
Patna AISA Protest
दिल्ली में पिछले कई दिनों से नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्र प्रोटेस्ट कर रहे हैं, जिनपर 20 जुलाई को पुलिस द्वारा लाठीचार्ज भी किया गया. जिसके बाद से अब पूरे देश में आक्रोश देखने को मिल रहा है. ये मामला अब बिहार तक पहुंच गया है. पटना में बुधवार को NEET पेपर लीक मामले को लेकर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के लोकभवन मार्च के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया. प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद हालात बिगड़ गए.
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया, जबकि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर लाठीचार्ज और वाटर कैनन के इस्तेमाल का आरोप लगाया. इस घटनाक्रम के दौरान मौके पर मौजूद कई मीडियाकर्मियों के साथ मारपीट की गई. कुछ पत्रकारों और कैमरामैन के साथ धक्का-मुक्की हुई, उनके कैमरे छीनने की कोशिश की गई और कई मीडिया कर्मियों को चोटें भी आईं.
6 पॉइंट्स में जानें पटना की घटना
1. AISA कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग को लेकर पटना में लोकभवन मार्च आयोजित किया था. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए और परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए.
2. लोकभवन की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग की थी. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक शुरू हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की और झड़प में बदल गई. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने भीड़ को रोकने के लिए लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया.
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने और सुरक्षा व्यवस्था भंग करने की कोशिश की, जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक बल प्रयोग किया गया.
3. हंगामे के दौरान मौके पर मौजूद कई पत्रकार और कैमरामैन भी कथित तौर पर हिंसा का शिकार हुए. चश्मदीदों के मुताबिक कुछ मीडियाकर्मियों के कपड़े फाड़ दिए गए, कई कैमरामैन के कैमरे छीनने की कोशिश की गई.
4. AISA कार्यकर्ता केवल NEET पेपर लीक मामले को लेकर ही प्रदर्शन नहीं कर रहे थे, बल्कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज का भी विरोध कर रहे थे. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छात्रों की आवाज दबाने के बजाय सरकार को परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर जवाब देना चाहिए.
5. झड़प के दौरान कुछ छात्रों और पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया और अतिरिक्त सुरक्षा बल भी बुलाए गए. फिलहाल पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है.




