Begin typing your search...

बिहार MLC चुनाव में आमने-सामने Congress-RJD, कांग्रेस ने किन-किन उम्मीदवारों को दिया टिकट; जानें कब होगी वोटिंग

बिहार में अगले महीने होने वाले एमएलसी चुनाव के लिए कांग्रेस ने 5 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. बता दें, 5 सीटों में से 3 सीटों पर कांग्रेस का सीधा मुकाबला RJD से होने वाला है.

Congress vs RJD
X

Congress vs RJD

( Image Source:  ANI )

Bihar MLC Election 2026: बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को होने वाले चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने पांच उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं. पार्टी ने दो शिक्षक और तीन ग्रेजुएट निर्वाचन क्षेत्रों से प्रत्याशी उतारे हैं. कांग्रेस के इस ऐलान के बाद तीन ग्रेजुएट सीटों पर उसकी सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ सीधा मुकाबला होगा. इन आठ सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को खत्म हो रहा है.

कांग्रेस की ओर से जारी सूची में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को एक बार फिर दरभंगा शिक्षक सीट से मैदान में उतारा गया है. वहीं पटना शिक्षक सीट से संजय यादव को टिकट मिला है. इन दोनों सीटों पर फिलहाल RJD ने कांग्रेस के खिलाफ उम्मीदवार घोषित नहीं किया है. दूसरी ओर कोसी ग्रेजुएट, दरभंगा ग्रेजुएट और पटना ग्रेजुएट सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों का सामना RJD प्रत्याशियों से होगा.

कांग्रेस ने किसे कहां से दिया टिकट?

1. दरभंगा शिक्षक- मदन मोहन झा

2. पटना शिक्षक- संजय यादव

3. कोसी ग्रेजुएट- मनोज कुमार जायसवाल

4. दरभंगा स्नातक- रजनीकांत पाठक

5. पटना स्नातक- असदुल्ला खान

किन सीटों पर कांग्रेस-RJD आमने-सामने?

कांग्रेस के तीन उम्मीदवार ऐसी सीटों से मैदान में हैं, जहां RJD ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं. इनमें कोसी ग्रेजुएट सीट से मनोज कुमार जायसवाल, दरभंगा ग्रेजुएट से रजनीकांत पाठक और पटना ग्रेजुएट से असदुल्ला खान शामिल हैं. RJD ने सितंबर में छह सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की थी और दो सीटों पर फैसला बाद में करने की बात कही थी. मौजूदा स्थिति में दरभंगा शिक्षक और पटना शिक्षक सीट पर कांग्रेस और RJD के बीच उम्मीदवारों को लेकर सीधा मुकाबला नहीं है.

कब होगा बिहार MLC चुनाव?

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर 23 अक्टूबर 2026 को मतदान होगा. इनमें चार ग्रेजुएट और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी. चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर और नाम वापसी की आखिरी तारीख 9 अक्टूबर है.

ग्रेजुएट सीट पर कौन डाल सकता है वोट?

ग्रेजुएट निर्वाचन क्षेत्र में वोट डालने के लिए व्यक्ति के पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से कम से कम तीन साल पहले की ग्रेजुएट डिग्री होनी चाहिए. इसके साथ संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में उसका निवासी होना भी जरूरी है. इसके अलावा मतदाता का नाम इस चुनाव के लिए तैयार की गई संबंधित मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है.

शिक्षक सीट पर कौन डाल सकता है वोट?

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के लिए माध्यमिक विद्यालय, कॉलेज या विश्वविद्यालय में कम से कम तीन साल का शिक्षण अनुभव जरूरी है. यहां भी सिर्फ योग्यता पूरी करना पर्याप्त नहीं है. संबंधित मतदाता का नाम चुनाव के लिए तैयार की गई विशेष मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है.

अगला लेख