Begin typing your search...

Bankipur By-Election 2026 Result: BJP के 30 साल पुराने गढ़ में प्रशांत किशोर की बड़ी जीत, क्या बोले Nitin Nabin?

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने BJP के नीरज कुमार को 19,324 वोटों से हराकर बड़ा उलटफेर किया है. करीब तीन दशक से BJP के मजबूत गढ़ रहे बांकीपुर में मिली इस हार के बाद पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की प्रतिक्रिया सामने आई है.

nitin nabin prashant kishor
X
नितिन नबीन और प्रशांत किशोर
( Image Source:  File Photo )

Bankipur By-election 2026 Result: बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा सीट का नाम लंबे समय से BJP के मजबूत किले के तौर पर लिया जाता रहा है, लेकिन उपचुनाव के नतीजे ने इस स्थापित राजनीतिक समीकरण को अचानक बदल दिया. जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने BJP के उम्मीदवार नीरज कुमार को हराकर न सिर्फ अपनी पहली चुनावी जीत दर्ज की, बल्कि BJP के करीब तीन दशक पुराने दबदबे को भी खत्म कर दिया.

प्रशांत किशोर को इस चुनाव में 64,151 वोट मिले, जबकि BJP उम्मीदवार नीरज कुमार को 44,827 वोट हासिल हुए. इस तरह प्रशांत किशोर ने 19,324 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की.

BJP के गढ़ में कैसे हुआ बड़ा उलटफेर?

  • बांकीपुर सीट वर्ष 1995 से BJP के मजबूत शहरी गढ़ों में रही है.पहले यहां BJP नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा का दबदबा रहा और बाद में उनके बेटे नितिन नबीन ने इस सीट की कमान संभाली.
  • नितिन नबीन लगातार पांच बार बांकीपुर से विधायक रहे. राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद उन्होंने विधानसभा सीट खाली की, जिसके चलते यहां उपचुनाव की स्थिति बनी.
  • खास बात यह है कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में नितिन नबीन ने इसी सीट पर 50 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी. ऐसे में कुछ ही समय बाद हुए उपचुनाव में BJP की हार को बड़ा राजनीतिक उलटफेर माना जा रहा है.

प्रशांत किशोर के लिए पहली बड़ी चुनावी जीत

इस नतीजे का महत्व सिर्फ BJP की हार तक सीमित नहीं है. यह प्रशांत किशोर की पहली चुनावी जीत भी है. राजनीतिक रणनीतिकार के तौर पर लंबे समय तक अलग-अलग दलों के साथ काम करने के बाद प्रशांत किशोर ने जन सुराज पार्टी की शुरुआत की थी. उन्होंने अपनी राजनीतिक मुहिम में शिक्षा, रोजगार और बेहतर शासन जैसे मुद्दों को प्रमुखता दी. हालांकि, 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली थी. ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव में जीत पार्टी के लिए पहली बड़ी चुनावी सफलता बनकर सामने आई है.

BJP ने हार स्वीकार की, नितिन नबीन ने क्या कहा?

नतीजों के बाद BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने जनादेश को स्वीकार करते हुए कहा कि पार्टी अपनी हार के कारणों का गंभीरता से विश्लेषण करेगी. उन्होंने तीन विधानसभा उपचुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि BJP ने गुजरात के मंजलपुर में मिले समर्थन के लिए जनता और कार्यकर्ताओं का आभार जताया है. वहीं बापनी पुर और दतिया में अपेक्षित जनादेश नहीं मिलने पर उन्होंने कहा कि पार्टी दोनों क्षेत्रों के परिणामों का पूरी गंभीरता के साथ गहन आत्ममंथन करेगी.

नितिन नबीन ने यह भी कहा कि पार्टी आगे नई ऊर्जा और दृढ़ संकल्प के साथ जनता के बीच जाएगी और लोगों के विश्वास को और मजबूत करने के लिए लगातार काम करेगी.

BJP के लिए क्यों अहम है बांकीपुर का नतीजा?

बांकीपुर की हार इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यह सीट लंबे समय से BJP के लिए बेहद सुरक्षित मानी जाती रही है. 2025 में जहां BJP ने यहां 50 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी, वहीं उपचुनाव में उसी सीट पर पार्टी को प्रशांत किशोर से हार का सामना करना पड़ा.

दूसरी ओर, प्रशांत किशोर के लिए यह जीत इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि उनकी पार्टी को पिछले विधानसभा चुनाव में कोई सीट नहीं मिली थी. अब बांकीपुर की जीत से जन सुराज को अपना पहला चुनावी आधार मिला है.

क्या बिहार की पूरी राजनीतिक तस्वीर बदल गई?

हालांकि, इस एक उपचुनाव के नतीजे से बिहार की पूरी राजनीतिक तस्वीर बदल गई है, ऐसा कहना जल्दबाजी होगी... लेकिन BJP के पुराने गढ़ में प्रशांत किशोर की जीत ने राजनीतिक चर्चा जरूर तेज कर दी है. आने वाले समय में सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि क्या बांकीपुर का यह नतीजा सिर्फ एक उपचुनावी उलटफेर है या फिर बिहार की राजनीति में किसी नए समीकरण की शुरुआत का संकेत.

Politicsप्रशांत किशोर
अगला लेख