बांकीपुर से जीते प्रशांत किशोर, दूसरे नंबर पर रही BJP; कैसा रहा RJD का प्रदर्शन? उम्मीदवार को मिले इतने वोट
बांकीपुर उपचुनाव में BJP को बड़ा झटका लगा है, उसका मजबूत किला ढह गया है. जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बड़ी जीत हासिल की है. देखिए यह रिपोर्ट...
जितने वोट से भाजपा हारेगी कि जीवन में यह कहने का दुस्साहस नहीं कर पाएगी कि हम लोग कुत्ता-बिल्ली को भी खड़ा करेंगे तो चुनाव जीत जाएंगे... इतन वोट से हारेंगे... ये शब्द हैं जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के, जो उन्होंने बांकीपुर विधानसभा पर हुए उपचुनाव की मतगणना में अपनी तय जीत के दौरान कही थी. उनका इशारा बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद के बयान की ओर था, जिन्होंने कहा था कि बांकीपुर से किसी कुत्ता बिल्ली को भी उतार देंगे तो चुनाव जीत जाएगा.
चुनाव आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, प्रशांत किशोर ने 18 हजार 953 मतों से जीत दर्ज की है. उन्हें 63 हजार 203 वोट मिले हैं, जबकि बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 44 हजार 250 वोट मिले.
RJD की उम्मीदवार रेखा कुमारी किस नंबर पर हैं?
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा कुमारी को 14 हजार 85 मत मिले हैं. वह तीसरे नंबर पर रहीं. इस तरह आरजेडी का इस उपचुनाव में भी बुरा हाल हुआ.
प्रशांत किशोर ने अपनी तय जीत पर क्या कहा?
प्रशांत किशोर ने कहा कि यह उनकी नहीं, बांकीपुर की जनता की जीत है. उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, "जैसा कि हम लोगों ने चुनाव प्रचार के दौरान जो बात रखी थी कि यह विधायक बनाने का चुनाव नहीं है. यह जनता द्वारा बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व को यह संदेश देने का प्रयास है कि वह बिहार में किसी अच्छे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाइए. आपको जनता ने 202 विधायक जिताए हैं. किसी अपराधी, किसी गलत चाल चरित्र वाले व व्यक्ति को बिहार का नेतृत्व मत दीजिए. अच्छे आदमी को बनाइए. ताकि बिहार में भी शिक्षा हो, रोजगार हो. .. बिहार के बच्चों को भी बाहर मजूदरी करने न जाना पड़े."
बिहार को अच्छा नेतृत्व मिलना चाहिए: पीके
पीके ने वोट देने वाली बांकीपुर की जनता का धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि बिहार को अच्छा नेतृत्व मिलना चाहिए. बिहार सुधरना चाहिए... लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा, नरेंद्र मोदी और अमित शाह को यह देखना चाहिए कि बिहार में पलायन कैसे बंद हों और बच्चों को उचित शिक्षा कैसे मिले. बिहार में 5 किलो अनाज के नाम पर, जाति और धर्म के नाम पर वोट न मांगना पड़े.
'बिहार के 13 करोड़ लोगों ने आंख बंदकर बीजेपी को वोट दिया'
जनसुराज पार्टी के संस्थापक ने कहा कि अगर 25 सांसद गुजरात से जीतकर गए हैं तो बिहार के 13 करोड़ लोगों ने आंख बंदकर बीजेपी को वोट दिया. मोदी जी को जितनी चिंता गुजरात की है, उतनी थोड़ी चिंता उन्हें बिहार की भी होनी चाहिए. उन्हें बिहार के लिए एक स्पेशल प्रोग्राम बनाना चाहिए, ताकि पलायन रुके. बिहार के लोगों को काम के लिए किसी दूसरे राज्यों में न जाना पड़े.
'30 वर्ष का गढ़ सिर्फ 30 दिन में ढह गया'
प्रशांत किशोर ने कहा कि 30 वर्ष का जो गढ़ है, वह सिर्फ 30 दिन में ढह गया... वह इसलिए ढहा है कि क्योंकि बिहार के लोग भी चाहते हैं 4-5 किलो अनाज और जाति से उठकर उनके बच्चों के लिए केंद्र और राज्य सरकार काम करे.
सम्राट चौधरी पर क्या बोले पीके?
पीके ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि लड़ाई व्यक्तिगत नहीं है. सम्राट चौधरी का जो चाल चरित्र और चेहरा है, वह पब्लिक डोमेन में है. अगर आप किसी अपराधी को बिहार का राजा बनाएंगे, मुख्यमंत्री बनाएंगे तो राज्य की तरक्की नहीं होगी. बांकीपुर और बिहार की जनता मोदी से बस यही आग्रह कर रही है कि वह किसी अच्छे चरित्रवान और काबिल व्यक्ति को बिहार का सीएम बनाएं, ताकि बिहार के लोग इस पर गर्व कर सकें.
प्रशांत किशोर ने कहा कि गुजरात के लोग एक लाख करोड़ के बुलेट ट्रेन पर चलेंगे, वो ठीक है, लेकिन हम लोगों को कम से कम पैसेंजर भी तो मिलना चाहिए. बिहार के लोग सिर्फ मजदूरी करने के लिए पैदा नहीं हुए हैं. उन्होंने कहा कि मेरे विधायक बनने के बाद आपको बांकीपुर में 2-3 महीने में सुधार दिखेगा. मैं बड़े-बड़े वादे नहीं करना चाहता.
बांकीपुर विधानसभा सीट का इतिहास
बांकीपुर विधानसभा सीट 2008 में अस्तित्व में आई. तब से नितिन नबीन लगातार विधायक रहे. उन्होंने 2010, 2015, 2020 और 2025 में यहां से जीत दर्ज की. हालांकि, उनके राज्यसभा सांसद चुने जाने के बाद यह सीट खाली हो गई, जिस पर अब प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज की है. इस चुनाव में मिली हार नबीन के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है, क्योंकि वे इस समय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और यह उनकी सीट थी.




