असम में आई भीषण बाढ़ के बीच अभिनेता रणदीप हुड्डा खुद बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे और लोगों के बीच राहत सामग्री बांटी. डिब्रूगढ़ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह सीधे शिवसागर जिले के प्रभावित इलाकों की ओर रवाना हुए. वहां उन्होंने राहत अभियान में हिस्सा लिया और पीड़ितों को अपने हाथों से खाना परोसा. हुड्डा ने ग्लोबल सिख फाउंडेशन के साथ मिलकर जरूरतमंद परिवारों को पानी, बाल्टियां, गद्दे, खाना पकाने के बर्तन और चप्पल जैसी जरूरी चीजें उपलब्ध कराईं. बाढ़ से हुए नुकसान को देखकर उन्होंने कहा कि हालात बेहद खराब हैं और लोगों को इस वक्त हर संभव मदद की जरूरत है. हुड्डा ने असम की बाढ़ के पीछे अवैध खनन और बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई को भी एक संभावित वजह बताया और पर्यावरण को हुए नुकसान पर चिंता जताई. उन्होंने केंद्र सरकार से असम की इस भयावह बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग भी की. हुड्डा ने कहा कि असम में हुई तबाही को राष्ट्रीय स्तर पर ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि पीड़ितों के लिए और मदद जुटाई जा सके.