198 करोड़ रुपये की संपत्ति, 8 मामले, पत्नी के नाम पर क्या-क्या? 10 पॉइंट्स में जानें प्रशांत किशोर की नेटवर्थ का पूरा लेखा-जोखा
प्रशांत किशोर पहली बार सीधे तौर पर चुनाव में उतरे हैं. वे बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर चुके हैं. इस दौरान उन्होंने अपनी कुल नेटवर्थ का भी लेखा-जोखा दिया.
Prashant Kishor Net Worth
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के साथ अपनी संपत्ति का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया है. पहली बार चुनावी मैदान में उतरे पूर्व चुनावी रणनीतिकार के हलफनामे में घोषित संपत्ति ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है. दस्तावेज के अनुसार, प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी की कुल घोषित संपत्ति करीब 198 करोड़ रुपये है. हलफनामे में चल और अचल संपत्तियों से लेकर निवेश, देनदारियों और लंबित आपराधिक मामलों तक की विस्तृत जानकारी दी गई है.
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 30 जुलाई को होगा, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई निर्धारित है. यह चुनाव कई मायनों में अहम माना जा रहा है क्योंकि प्रशांत किशोर पहली बार सीधे चुनावी मैदान में उतर रहे हैं.
10 पॉइंट्स में जानें सबकुछ
1. हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर ने अपने नाम पर 96.06 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है, जबकि उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास के नाम पर 101.93 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है. दोनों की कुल घोषित संपत्ति लगभग 197.99 करोड़ रुपये है.
2. दस्तावेज के मुताबिक परिवार की चल संपत्तियों का मूल्य 111.78 करोड़ रुपये है, जबकि अचल संपत्तियों का कुल मूल्य 86.29 करोड़ रुपये बताया गया है.
3. प्रशांत किशोर की चल संपत्तियों का मूल्य 22.19 करोड़ रुपये है, जबकि उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास के नाम पर 89.51 करोड़ रुपये की चल संपत्ति दर्ज की गई है.
X/ @abhisheksnandan
4. हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर के पास वेधास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसका मूल्य करीब 95.26 करोड़ रुपये बताया गया है. यह उनकी घोषित संपत्ति का सबसे बड़ा हिस्सा है.
5. हलफनामे में 7.36 करोड़ रुपये से अधिक के बैंक फिक्स्ड डिपॉजिट और बाजार आधारित निवेशों का भी उल्लेख किया गया है. इसके अलावा शेयर, म्यूचुअल फंड, बॉन्ड और बीमा पॉलिसियों में भी निवेश दर्ज है.
6. दाखिल दस्तावेज के मुताबिक, प्रशांत किशोर के पास 65,570 रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 1,95,200 रुपये नकद हैं. परिवार ने 475 ग्राम सोना भी घोषित किया है.
7. प्रशांत किशोर ने रोहतास जिले में स्थित एक बंद पड़ी चावल मिल की जानकारी दी है, जिसकी कीमत करीब 9.75 करोड़ रुपये है. इसके अलावा पाटलिपुत्र कॉलोनी, वसंत विहार और गाजियाबाद में स्थित स्व-अर्जित आवासीय संपत्तियों का मूल्य लगभग 59.25 करोड़ रुपये बताया गया है. विरासत में मिली संपत्तियों का मूल्य करीब 14.62 करोड़ रुपये है.
8. हलफनामे के अनुसार, प्रशांत किशोर ने लगभग 5.77 करोड़ रुपये की देनदारियां घोषित की हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी बताया है कि उनके नाम पर कोई कार पंजीकृत नहीं है.
9. नामांकन पत्र के साथ दाखिल हलफनामे में प्रशांत किशोर ने अपने खिलाफ आठ लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी दी है. इनमें आपराधिक मानहानि और गैरकानूनी सभा से जुड़े मामले शामिल हैं. ये मामले बिहार के विभिन्न जिलों में दर्ज है, जिनमें पटना और बेतिया भी शामिल हैं.
10. हलफनामे में स्पष्ट किया गया है कि उनके खिलाफ दर्ज मामलों में अब तक किसी भी मामले में उन्हें दोषी नहीं ठहराया गया है. सभी मामले न्यायिक प्रक्रिया के तहत लंबित हैं.




