Begin typing your search...

असम-अरुणाचल में इनकम टैक्स की मेगा रेड, रतन शर्मा और नवीन सिंघल के ठिकानों पर छापेमारी

असम और अरुणाचल प्रदेश में इनकम टैक्स विभाग ने कारोबारी रतन शर्मा और नवीन सिंघल से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है. कार्रवाई में करोड़ों की नकदी, जेवरात और अहम दस्तावेज बरामद होने की जानकारी सामने आई है.

assam arunachal income tax raid ratan sharma naveen singhal
X
प्रवीण सिंह
Edited By: प्रवीण सिंह

Updated on: 7 Feb 2026 11:56 AM IST

असम और अरुणाचल प्रदेश में इनकम टैक्स विभाग ने एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए कारोबारी रतन शर्मा और नवीन सिंघल से जुड़े कई ठिकानों पर व्यापक छापेमारी शुरू की है. यह कार्रवाई दोनों राज्यों में एक साथ चल रही है और इसे हाल के वर्षों की सबसे बड़ी टैक्स जांच कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है.

सूत्रों के अनुसार, गुवाहाटी के उलुबारी इलाके में स्थित रतन शर्मा के आवास से 30 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के सोने-हीरे के गहने, भारी मात्रा में नकदी और बड़े पैमाने पर व्यापारिक लेन-देन से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं. इसके साथ ही रतन शर्मा के स्वामित्व वाले सत्यम ग्रुप के कार्यालयों में भी इनकम टैक्स की टीमें लगातार छानबीन कर रही हैं.

होटल, रिसॉर्ट, फैक्ट्री और खेतों तक कार्रवाई

छापेमारी की कार्रवाई सिर्फ घर और दफ्तरों तक सीमित नहीं रही, बल्कि होटल, रिसॉर्ट, फैक्ट्रियों और कृषि परिसरों तक की गई है. गुवाहाटी के सोनापुर इलाके में स्थित रतन शर्मा के स्वामित्व वाले मेफेयर रिसॉर्ट पर भी इनकम टैक्स की टीम ने दबिश दी है. दूसरी ओर, महालक्ष्मी ग्रुप से जुड़े कारोबारी नवीन सिंघल के मानिकनगर स्थित आवास और कार्यालयों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया. इसके अलावा, दोनों कारोबारियों की संयुक्त कंपनी कोल पुल्ज प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े परिसरों पर भी इनकम टैक्स विभाग ने कार्रवाई की है.

अरुणाचल में कोयला और फेरो-सिलिकॉन उद्योग जांच के घेरे में

अरुणाचल प्रदेश में केंद्रीय सुरक्षा बलों की मदद से इनकम टैक्स विभाग की टीम टिप्पी स्थित प्लैटिनम एलॉयज प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया. यह कंपनी एक फेरो-सिलिकॉन फैक्ट्री का संचालन करती है. इसके साथ ही चांगलांग जिले के खरसांग क्षेत्र में स्थित खरसांग इंडस्ट्री एलएलपी के परिसरों पर भी छापा मारा गया. यह इकाई कोयला आधारित कोक निर्माण से जुड़ी है. खास बात यह है कि इस कंपनी में अरुणाचल प्रदेश मिनरल डेवलपमेंट एंड ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (APMDTCL) की लगभग 10 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई जा रही है.

कई जिलों में एक साथ तलाशी

इनकम टैक्स विभाग की टीमें अरुणाचल प्रदेश के खरसांग, टिप्पी, भालुकपुंग समेत कई इलाकों में तलाशी अभियान चला रही हैं. इस दौरान स्थानीय पुलिस की मदद भी ली जा रही है ताकि सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनी रहे. सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई कथित कर चोरी और अवैध कारोबारी गतिविधियों से जुड़े मामलों की जांच के तहत की जा रही है. बताया जा रहा है कि हाल के वर्षों में कोयला और अन्य उद्योगों से बड़ी संपत्ति खड़ी करने वाले इन दोनों कारोबारियों पर लंबे समय से एजेंसियों की नजर थी.

जीएसटी फ्रॉड और अवैध कोयला कारोबार के आरोप

सूत्रों का दावा है कि रतन शर्मा पर जीएसटी धोखाधड़ी से जुड़े गंभीर आरोप हैं, जबकि नवीन सिंघल पर अरुणाचल प्रदेश में अवैध कोयला कारोबार से संबंध रखने के आरोप लगाए जा रहे हैं. यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि दोनों कारोबारी कथित तौर पर प्रभावशाली संरक्षण के चलते अब तक बड़ी कार्रवाई से बचते रहे. हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित कारोबारियों या उनकी कंपनियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.

कई दिनों तक चल सकती है कार्रवाई

इनकम टैक्स विभाग के सूत्रों के अनुसार, यह तलाशी अभियान कई दिनों तक जारी रह सकता है. दस्तावेजों, डिजिटल डेटा और संपत्तियों की गहन जांच की जा रही है. अधिकारियों को उम्मीद है कि इस कार्रवाई से बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी और अवैध लेन-देन से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं. फिलहाल, इनकम टैक्स विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और जांच प्रक्रिया जारी है. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

असम न्‍यूज
अगला लेख