4.15 मीटर की छलांग और रच दिया इतिहास, कौन हैं बरानिका एलंगोवन, जिन्होंने एशियन गेम्स में भारत को दिलाया पहला पोल वॉल्ट मेडल?
तमिलनाडु की पोल वॉल्टर बरानिका एलंगोवन ने Aichi-Nagoya Asian Games 2026 में महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया. 4.15 मीटर की छलांग के साथ उन्होंने एशियन गेम्स में पोल वॉल्ट में भारत को पहला पदक दिलाया.
Baranica Elangova
Who is Baranica Elangovan: जापान के Aichi-Nagoya में चल रहे 2026 एशियन गेम्स में भारत के लिए एथलेटिक्स से ऐतिहासिक खबर आई है. भारतीय पोल वॉल्टर बरानिका एलंगोवन ने महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया. 29 साल की बरानिका ने फाइनल में 4.15 मीटर की ऊंचाई पार की और इसी के साथ एशियन गेम्स में पोल वॉल्ट में भारत का पहला पदक जीतने वाली एथलीट बन गईं.
बरानिका का मुकाबला बेहद करीबी रहा. कजाकिस्तान की पोलिना इवानोवा ने भी 4.15 मीटर की ऊंचाई पार की. दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन में बराबरी रहने के बाद काउंटबैक के आधार पर दोनों को कांस्य पदक साझा करना पड़ा. इसके बाद दोनों ने 4.25 मीटर की ऊंचाई पार करने की कोशिश की, लेकिन तीनों प्रयासों में सफल नहीं हो सकीं.
बरानिका ने प्रतियोगिता की शुरुआत 3.85 मीटर की ऊंचाई से की और इसे पहले ही प्रयास में पार कर लिया. इसके बाद उन्होंने 4.00 मीटर भी पहले प्रयास में क्लियर किया. 4.15 मीटर के लिए उन्हें दो प्रयास करने पड़े, लेकिन आखिरकार उन्होंने यह ऊंचाई पार कर ली. 4.25 मीटर पर तीन असफल प्रयासों के बाद उनका मुकाबला खत्म हुआ और ऐतिहासिक कांस्य उनके नाम हो गया.
बरानिका एलंगोवन कौन हैं?
3 फरवरी 1997 को तमिलनाडु के मयिलादुथुरई में जन्मीं बरानिका एलंगोवन ने शुरुआत में पोल वॉल्ट को अपना मुख्य खेल नहीं बनाया था. वह पहले लॉन्ग जंप और स्प्रिंट जैसे इवेंट्स में हिस्सा लेती थीं. बाद में कॉलेज के दौरान उन्होंने पोल वॉल्ट को अपनाया और धीरे-धीरे इसी स्पर्धा में अपनी पहचान बनाई. उनके करियर में चोट का दौर भी आया. 2020 में उन्हें ACL इंजरी का सामना करना पड़ा, जिसके बाद वापसी करना आसान नहीं था. चोट और रिहैबिलिटेशन के दौर से गुजरने के बाद उन्होंने फिर से ट्रेनिंग शुरू की और 2026 में अपने प्रदर्शन में बड़ा सुधार किया.
2026 में दो बार तोड़ा अपना ही नेशनल रिकॉर्ड
बरानिका के लिए 2026 एशियन गेम्स से पहले भी शानदार रहा. मार्च में उन्होंने भुवनेश्वर में 4.22 मीटर की छलांग लगाकर महिलाओं की पोल वॉल्ट का राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया. इससे पहले रिकॉर्ड 4.21 मीटर था। इसके बाद मई में उन्होंने इसी साल अपना रिकॉर्ड फिर बेहतर किया और 4.23 मीटर की छलांग लगाई.
हालांकि बाद में सिंधुश्री जी ने 4.25 मीटर की छलांग के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. Athletics Federation of India के रिकॉर्ड में सिंधुश्री का 4.25 मीटर और बरानिका का 4.23 मीटर दर्ज है. बरानिका फिलहाल भुवनेश्वर में ट्रेनिंग करती हैं और 2026 Asian Games के लिए भारतीय एथलेटिक्स टीम की आधिकारिक सूची में उनका सीजन बेस्ट 4.23 मीटर दर्ज था.
एशियन गेम्स में 4.15 मीटर की छलांग भले ही उनके सीजन बेस्ट से कम रही, लेकिन इसका महत्व अलग है. इस प्रदर्शन ने उन्हें एशियन गेम्स में पोल वॉल्ट पदक जीतने वाली पहली भारतीय बना दिया. उनकी कहानी चोट से वापसी, राष्ट्रीय रिकॉर्ड और अब एशियन गेम्स के पोडियम तक पहुंचने की कहानी है.




