Begin typing your search...

उम्र 25, मणिपुर में DSP... एशियन गेम्स में लगातार तीसरा मेडल जीतने वाली रोशिबिना देवी कौन, जानें कब-कब जीते पदक

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय वुशू खिलाड़ी रोशिबिना देवी नाओरेम ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया. फाइनल में उनको चीन की झांग शियाओयू के हाथों हार का सामना करना पड़ा. ये उनका लगातार तीसरा एशियाई गेम्स मेडल है.

Roshibina Devi
X

Roshibina Devi

( Image Source:  X/ @manipur_police )

Asian Games 2026: भारतीय वुशू खिलाड़ी रोशिबिना देवी नाओरेम ने एशियन गेम्स में एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है. एशियन गेम्स 2026 में महिलाओं के 60 किलोग्राम सांडा वर्ग के फाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के खिलाफ 0-2 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. झांग ने दोनों राउंड 5-0 से अपने नाम किए और मुकाबला कुल 10-0 के स्कोर से जीत लिया.

फाइनल में गोल्ड मेडल भले ही रोशिबिना के हाथ से निकल गया, लेकिन इस मुकाबले के साथ उन्होंने भारतीय खेल इतिहास में एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली. 25 साल की मणिपुरी खिलाड़ी एशियन गेम्स के इतिहास में लगातार तीन पदक जीतने वाली भारत की पहली वुशू खिलाड़ी बन गई हैं. इससे पहले भी वह एशियाई खेलों और विश्व स्तर की प्रतियोगिताओं में भारत के लिए कई बड़े पदक जीत चुकी हैं.

कौन हैं रोशिबिना देवी?

रोशिबिना देवी का जन्म 30 दिसंबर 2000 को मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के क्वाक्सिफाई मायाई लेइकाई में हुआ था. वह मैतेई समुदाय से आती हैं. परिवार में उनके अलावा तीन भाई-बहन हैं. उनकी एक बड़ी बहन और छोटा भाई फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं. रोशिबिना ने वुशू की सांडा स्पर्धा में 60 किलोग्राम भारवर्ग को अपनी पहचान बनाया है. कम उम्र में ही उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए पदक जीतने का सिलसिला शुरू कर दिया था.

कब जीता था पहला गोल्ड मेडल?

रोशिबिना के करियर की शुरुआती बड़ी उपलब्धियों में 2017 की एशियाई जूनियर वुशू चैंपियनशिप का गोल्ड मेडल शामिल है. इस जीत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी प्रतिभा की झलक दिखाई और आगे आने वाली बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए उनका आत्मविश्वास मजबूत किया. इसके बाद उन्होंने 2018 के एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर सीनियर स्तर पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई.

एशियाई खेलों में कितने जीते पदक?

रोशिबिना की सबसे खास उपलब्धियों में एशियाई खेलों में उनका लगातार शानदार प्रदर्शन शामिल है. 2018 में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद उन्होंने 2023 के एशियाई खेलों में सिल्वर मेडल हासिल किया. अब महिलाओं के 60 किलोग्राम सांडा वर्ग में एक और सिल्वर के साथ उन्होंने एशियाई खेलों में लगातार तीन पदक जीतने का रिकॉर्ड बनाया है.

रोशिबिना ने सिर्फ एशियाई खेलों में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय वुशू प्रतियोगिताओं में भी अपनी पहचान बनाई है. उन्होंने मॉस्को वुशू स्टार्स चैंपियनशिप 2023 में गोल्ड मेडल जीता था. इसके अलावा विश्व वुशू चैंपियनशिप 2023 में उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम किया. उनके लगातार शानदार प्रदर्शन को देखते हुए इंटरनेशनल वुशू फेडरेशन (IWUF) ने उन्हें 'फीमेल एथलीट ऑफ द ईयर' (सांडा) के खिताब से भी सम्मानित किया जा चुका है.

कब मिला था अर्जुन अवॉर्ड?

वुशू में देश के लिए लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए रोशिबिना देवी को भारत सरकार ने 2023 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया. यह सम्मान उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है. खेल के साथ रोशिबिना देवी सरकारी सेवा में भी अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. वह घरेलू स्तर पर मणिपुर पुलिस में उपाधीक्षक यानी DSP के पद पर कार्यरत हैं.

अगला लेख