Begin typing your search...

Asian Games 2026: क्रिकेटर बनने का था सपना, 2025 में 7 दिन में जीते 7 गोल्ड मेडल, कौन हैं सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी जय मीणा; भारत को दिलाया पदक

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी जय मीणा ने ब्रॉन्ज मेडल अपने किया. सॉफ्ट टेनिस में ये भारत का पहला मेडल है. वहीं जय मीणा सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी बनने की कहानी काफी संघर्ष से भरी है.

Jay Meena Soft Tennis player
X

Jay Meena Soft Tennis player

( Image Source:  X/ @TheKhelIndia )

Asian Games 2026: भारतीय सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी जय मीणा का एशियाई खेलों में ऐतिहासिक सफर सेमीफाइनल में खत्म हो गया, लेकिन उन्होंने देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि जरूर हासिल कर ली. पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल में जापान के ताकुया कुरोसाका से 2-4 से हारने के बावजूद जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में भारत का पहला एशियाई खेल पदक पक्का कर दिया. करीब 45 मिनट तक चले मुकाबले में जापानी खिलाड़ी ने शुरुआत से ही दबाव बनाया और लगातार तीन गेम अपने नाम कर लिए.

हालांकि, 0-3 से पिछड़ने के बाद जय मीणा ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबले को रोमांचक बना दिया. उन्होंने चौथा गेम 4-1 और पांचवां गेम 6-4 से जीतकर स्कोर 2-3 कर दिया. छठे गेम में कुरोसाका ने अपना संयम बनाए रखा और 4-1 से गेम जीतकर फाइनल में जगह बना ली. जय मीणा को अब ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा, लेकिन उनका यह पदक भारतीय सॉफ्ट टेनिस के लिए ऐतिहासिक है. जय मीणा अब एशियाई खेलों में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं.

कौन हैं जय मीणा?

जय मीणा का जन्म साल 2002 में मध्य प्रदेश के देवास जिले की खातेगांव तहसील के छोटे से गांव सिलफोड़ खेड़ा में हुआ था. एक सामान्य मिडिल परिवार से आने वाले जय ने सीमित संसाधनों के बावजूद खेल के प्रति अपने जुनून को कभी कम नहीं होने दिया. खेल करियर के शुरुआती दौर में आर्थिक परेशानियां उनके सामने बड़ी चुनौती थीं. देवास के पायनियर पब्लिक स्कूल के कोर्ट पर उन्होंने बॉल बॉय के तौर पर भी काम किया. उनका काम खिलाड़ियों द्वारा खेली गई टेनिस गेंदों को उठाकर वापस देना था. खास बात यह है कि जय शुरुआत में क्रिकेटर बनना चाहते थे, लेकिन बाद में सॉफ्ट टेनिस ने उनके करियर की दिशा बदल दी.

कब जीते थे 7 दिन में 7 गोल्ड मेडल?

जय मीणा ने मार्च 2025 में ग्रेटर नोएडा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सॉफ्ट टेनिस टूर्नामेंट्स में शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने सिर्फ सात दिनों के भीतर 7 गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया. उनका यह प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में रहा. जय मिक्स्ड डबल्स में विश्व के नंबर-3 खिलाड़ी रह चुके हैं और भारत के नंबर-1 सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ियों में शामिल हैं.

कौन-कौन सी उपलब्धि हैं दर्ज?

जय मीणा की उपलब्धियों की सूची यहीं खत्म नहीं होती. वह लगातार छह बार राष्ट्रीय चैंपियन रह चुके हैं. घरेलू स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत का प्रतिनिधित्व किया और अपनी पहचान बनाई. साल 2024 की विश्व चैंपियनशिप में भी जय ने भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता था. अब एशियाई खेलों में पदक पक्का करके उन्होंने अपने करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ ली है.

अगला लेख