Begin typing your search...

वैभव सूर्यवंशी के दोस्त भी नहीं कम, 83 गेंदों पर 210 रन ठोकने वाले 13 साल के अयान राज कौन? डबल-ट्रिपल सेंचुरी में करते हैं बात!

वैभव के बचपन का दोस्त 13 साल का अयान राज भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटौर रहा है. हाल ही में अयान राज के बल्ले से मुजफ्फरपुर जिला अंडर-16 क्रिकेट लीग में ताबड़तोड़ पारी देखने को मिली है.

Vaibhav Suryavanshi Friend Ayan Raj
X

Vaibhav Suryavanshi Friend Ayan Raj

( Image Source:  X/ @siryanshyadav )

बिहार के 15 साल के विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की लोहा अब पूरी दुनिया मान चुकी है. दुनिया के बड़े-बड़े क्रिकेटर्स वैभव की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं, आईपीएल 2026 में धमाल मचाने के बाद अब उनकी टी20 टीम इंडिया में एंट्री भी हो चुकी है. इस बीच अब वैभव के बचपन का दोस्त 13 साल का अयान राज भी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियां बटौर रहा है.

हाल ही में अयान राज के बल्ले से मुजफ्फरपुर जिला अंडर-16 क्रिकेट लीग में ताबड़तोड़ पारी देखने को मिली है. इस दौरान उन्होंने महज 83 गेंदों पर 210 रनों की पारी खेल डाली. इस दौरान उनके बल्ले से 35 चौके और 9 छक्के देखने को मिले. अब हर कोई इस 13 साल के खिलाड़ी के बारे में जानना चाहता है.

कौन हैं अयान राज?

अयान राज बिहार के मुजफ्फरपुर शहर के सातपुरा नीमच चौक क्षेत्र के निवासी हैं. उनके पिता का नाम दिनेश कुमार है. बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव रहा है और उनका सपना भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी पहनकर देश का प्रतिनिधित्व करना है. क्रिकेट के प्रति उनकी दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने बहुत कम उम्र में ही अपने लक्ष्य को तय कर लिया था और उसी दिशा में लगातार मेहनत कर रहे हैं.

अयान ने मात्र 6 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था. उनके पिता दिनेश कुमार ने बेटे की प्रतिभा को शुरुआती दौर में ही पहचान लिया था और उसे निखारने के लिए हर संभव प्रयास किए. अयान की प्रैक्टिस में कोई बाधा न आए, इसके लिए उनके पिता ने घर की छत पर ही इंडोर क्रिकेट पिच तैयार करवा दी. यही वजह है कि मौसम या अन्य परिस्थितियां उनके अभ्यास को प्रभावित नहीं कर पातीं.

रोजाना कितने घंटे करते हैं प्रैक्टिस?

सफलता के पीछे अयान की कड़ी मेहनत सबसे बड़ी वजह मानी जाती है. चाहे त्योहार का दिन हो या स्कूल की छुट्टियां, वह अपने अभ्यास में कोई कमी नहीं आने देते. अयान रोजाना घर की छत और क्रिकेट एकेडमी में करीब 5 से 6 घंटे तक अभ्यास करते हैं.

अयान राज और युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की दोस्ती बचपन से है. दोनों ने साथ में क्रिकेट खेलते हुए अपने खेल को निखारा है. अयान, वैभव को अपना आदर्श और प्रेरणा मानते हैं. उनका मानना है कि वैभव की उपलब्धियां उन्हें लगातार बेहतर प्रदर्शन करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करती हैं.

किस क्लब के लिए खेलते हैं अयान?

वर्तमान में अयान राज मुजफ्फरपुर के संस्कृति क्लब के लिए खेलते हैं. अयान राज ने जिला स्तरीय अंडर-14 लीग मुकाबले में इतिहास रच दिया था. संस्कृति क्रिकेट एकेडमी की ओर से खेलते हुए उन्होंने महज 134 गेंदों में नाबाद 327 रन की विस्फोटक पारी खेली थी. इस दौरान उनके बल्ले से 41 चौके और 22 छक्के निकले थे.

अगला लेख