अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में कोहली की जगह कौन नंबर-3 पर उतरेगा? जानिए कैसी हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग 11
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज का आगाज 13 जून से होने जा रहा है. कोहली की गैर-मौजूदगी में भारतीय टीम के सामने नंबर-3 पर बल्लेबाजी को लेकर नई चुनौती खड़ी हो गई है.
विराट कोहली
India vs Afghanistan ODI Series: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की हैमस्ट्रिंग चोट ने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम मैनेजमेंट की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों को देखते हुए टीम लगातार अपनी मजबूत प्लेइंग कॉम्बिनेशन तलाश कर रही है. ऐसे समय में कोहली की अनुपस्थिति बड़ा झटका मानी जा रही है.
विराट कोहली लंबे समय से वनडे क्रिकेट में भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं. खासतौर पर नंबर-3 पर उनकी भूमिका बेहद अहम रही है. खुद कोहली कई बार अगले वर्ल्ड कप में खेलने की अपनी इच्छा जाहिर कर चुके हैं. ऐसे में उनकी चोट ने टीम के सामने बैकअप विकल्प तैयार करने की चुनौती ला दी है.
भारत की कैसी है तैयारी?
- भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला मैच 13 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा. कोहली की जगह चयनकर्ताओं ने युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया है. हालांकि नंबर-3 की जगह के लिए भारत के पास कई विकल्प मौजूद हैं.
- ईशान किशन पहले भी टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी कर चुके हैं, जबकि केएल राहुल के पास भी नंबर-3 और मिडिल ऑर्डर में खेलने का लंबा अनुभव है. अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज टीम इंडिया के लिए इन खिलाड़ियों को परखने का अच्छा मौका होगी.
- भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने भी संकेत दिए हैं कि टीम इस सीरीज में अलग-अलग बल्लेबाजी संयोजन आजमा सकती है. उन्होंने कहा कि जायसवाल, ईशान और राहुल सभी को मौका मिल सकता है ताकि वर्ल्ड कप से पहले टीम के पास ज्यादा विकल्प तैयार रहें.
- मोर्कल ने कहा कि नंबर-3 की पोजिशन को लेकर टीम इस सीरीज में प्रयोग करेगी और खिलाड़ियों को अलग-अलग स्लॉट में खेलने का मौका दिया जाएगा. इससे टीम को अपनी अंतिम रणनीति बनाने में मदद मिलेगी.
- रोहित शर्मा को लेकर टीम के लिए अच्छी खबर सामने आई है. आईपीएल के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने के बाद रोहित ने पूरी तरह फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है.
- मोर्कल ने साफ किया कि रोहित की फिटनेस को लेकर कोई चिंता नहीं है. उन्होंने बताया कि वे अच्छी रह ट्रेनिंग कर रहे हैं और अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की कैसी हो सकती है प्लेइंग 11?
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), ईशान किशन, केएल राहुल, नितीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा/ प्रिंस यादव.




