50-50 हुआ FAB 4, विराट के बाद विलियमसन का भी संन्यास, रूट-स्मिथ में अभी दम बाकी, रिकॉर्ड बुक में कौन कहां खड़ा?
न्यूजीलैंड क्रिकेट के महान बल्लेबाज Kane Williamson ने 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. 19,346 रन, 48 शतक और 2021 में न्यूजीलैंड को पहला ICC खिताब दिलाने वाले विलियमसन की विरासत सिर्फ रिकॉर्ड्स नहीं, बल्कि उनकी शालीनता और खेल भावना के लिए याद की जाएगी.
फैब-4 में बचे अब सिर्फ रूट और स्मिथ
Kane Williamson Retirement: क्रिकेट की दुनिया में आज एक युग का अंत हो गया है. फैब-4 में विराट कोहली, स्टीव स्मिथ और जो रूट के साथ शामिल न्यूजीलैंड के महान बल्लेबाज और पूर्व कप्तान केन विलियम्सन ने 16 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद अचानक संन्यास का ऐलान कर दिया. 35 साल के विलियमसन ने अपने करियर में रन, रिकॉर्ड और कप्तानी से ज्यादा अपनी शालीनता, धैर्य और खेल भावना से करोड़ों क्रिकेट फैंस के दिलों में जगह बनाई.
विलियमसन सिर्फ न्यूजीलैंड के सबसे बड़े बल्लेबाजों में से एक नहीं रहे, बल्कि वह उस पीढ़ी के क्रिकेटर हैं जिन्होंने दिखाया कि महानता सिर्फ आंकड़ों से नहीं, बल्कि व्यवहार और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता से भी तय होती है. 19,346 अंतरराष्ट्रीय रन, 48 शतक और 6 दोहरे शतक उनकी बल्लेबाजी की कहानी खुद बयान करते हैं.
एक कप्तान, जिसने न्यूजीलैंड को इतिहास का सबसे बड़ा गौरव दिया
Kane Williamson की कप्तानी का सबसे सुनहरा अध्याय साल 2021 में लिखा गया, जब उन्होंने न्यूजीलैंड को पहली बार ICC खिताब जिताया. उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड ने पहला ICC World Test Championship खिताब अपने नाम किया. हालांकि, वनडे और टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उनसे दूर रही. 2019 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ सुपर ओवर में बेहद दर्दनाक हार मिली. उस टूर्नामेंट में विलियमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे, लेकिन ट्रॉफी जीतने का सपना अधूरा रह गया.
'फैब फोर' का हिस्सा, लेकिन अपनी अलग पहचान
पिछले दशक के महान बल्लेबाजों में विलियमसन का नाम Virat Kohli, Steve Smith और Joe Root के साथ 'फैब फोर' में लिया जाता है. जहां बाकी बल्लेबाज अपनी आक्रामकता के लिए जाने जाते थे, वहीं विलियमसन अपनी क्लास, टाइमिंग और शांत दिमाग के लिए मशहूर रहे. टेस्ट क्रिकेट में 110 मैचों में 9515 रन, वनडे में 175 मैचों में 7256 रन और टी20 इंटरनेशनल में 93 मैचों में 2575 रन उनके शानदार सफर की गवाही देते हैं. इस तरह उन्होंने 378 इंटरनेशनल मैचों में 19346 रन हैं.
संघर्ष, दर्द और फिर भी मुस्कुराता हुआ चेहरा
विलियमसन का करियर सिर्फ जीत की कहानियों से नहीं बना. 2019 वर्ल्ड कप की हार, 2021 टी20 वर्ल्ड कप की निराशा और कई बड़े मुकाबलों में दबाव के बावजूद उन्होंने हमेशा संयम बनाए रखा. उनकी सबसे बड़ी खासियत यही रही कि हार के बाद भी उन्होंने विरोधियों का सम्मान किया और क्रिकेट की असली भावना को आगे बढ़ाया.
विलियम्सन ने संन्यास का फैसला क्यों लिया?
विलियमसन ने कहा कि यह फैसला अचानक नहीं था. उन्होंने लंबे समय से इस पर विचार किया और महसूस किया कि अब क्रिकेट से हटने का सही समय है. उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड की जर्सी पहनकर उन्होंने हर मैच में अपना 100 प्रतिशत दिया और वह अपने फैसले से संतुष्ट हैं. उन्होंने टीम के भविष्य को लेकर भी भरोसा जताया और कहा कि न्यूजीलैंड क्रिकेट में काफी प्रतिभा मौजूद है.
Kane Williamson की विरासत के 10 बड़े अध्याय
- 16 साल का शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर (लगातार प्रदर्शन और स्थिरता के लिए याद किए जाएंगे)
- न्यूजीलैंड के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज (19 हजार से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन उनकी महानता दिखाते हैं)
- 2021 World Test Championship विजेता कप्तान (न्यूजीलैंड को पहला ICC खिताब दिलाया)
- 'फैब फोर' के महान बल्लेबाज (दुनिया के टॉप बल्लेबाजों की सूची में हमेशा शामिल रहे)
- शांत स्वभाव, मजबूत मानसिकता (दबाव में भी संयम नहीं खोया)
- 2019 वर्ल्ड कप की दर्दनाक हार के बावजूद उनकी खेल भावना ने उन्हें महान बनाया
- टेस्ट क्रिकेट के मास्टर (तकनीक और धैर्य के लिए पूरी दुनिया में सम्मान मिला)
- न्यूजीलैंड क्रिकेट की पहचान बने (छोटे देश को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई)
- लीडरशिप का नया उदाहरण (कप्तानी में आक्रामकता से ज्यादा समझदारी दिखाई)
- एक खिलाड़ी से ज्यादा एक इंसान की विरासत (क्रिकेट जगत उन्हें रिकॉर्ड्स के साथ उनके व्यवहार के लिए याद रखेगा)
Kane Williamson का संन्यास लेना सिर्फ न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए नहीं, बल्कि पूरी क्रिकेट दुनिया के लिए एक भावुक पल है. उन्होंने साबित किया कि महान खिलाड़ी सिर्फ मैच नहीं जिताते, बल्कि खेल की संस्कृति को भी ऊंचा उठाते हैं.
फैब फोर के 3 अन्य बल्लेबाजों का कैसा रहा रिकॉर्ड?
1- विराट कोहली
- विराट कोहली ने अब तक 559 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसकी 626 पारियों में उन्होंने 52.74 की औसत से 28215 रन बनाए हैं, जो फैब-4 में सबसे ज्यादा है. कोहली के नाम 7 दोहरे शतक, 85 शतक और 146 अर्धशतक हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 254 रन है.
- कोहली ने 123 टेस्ट की 210 पारियों में 46.85 की औसत से 9230 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 7 डबल सेंचुरी, 30 शतक और 31 अर्धशतक जड़े हैं.
- फैब-4 में कोहली इकलौते ऐसे खिलाड़ी रह गए, जो टेस्ट क्रिकेट में 10,000 रनों का ऐतिहासिक आंकड़ा पार नहीं कर सके. उन्होंने पिछले साल मई में टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लिया था.
- कोहली के नाम 311 वनडे मैचों में 58.72 की औसत और 93.82 की स्ट्राइक रेट के साथ 14797 रन दर्ज हैं. इसमें 54 शतक और 77 अर्धशतक दर्ज हैं. उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी 183 रन की है.
- कोहली ने 125 टी-20 मैच की 117 पारियों में 48.70 की औसत के साथ 3056 रन बनाए हैं. इसमें 1 शतक और 38 अर्धशतक शामिल हैं. उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 122 रन है.
2- स्टीव स्मिथ
- ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने अब तक 360 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसकी 429 पारियों में उन्होंने 47.72 की औसत से 17657 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ पारी टेस्ट में 239 रन की रही. उन्होंने कुल 84 अर्धशतक और 49 शतक लगाए हैं. टेस्ट में उनके नाम 4 दोहरे शतक हैं.
- स्टीव स्मिथ ने 123 टेस्ट की 220 पारियों में 56.06 की औसत के साथ 10763 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 4 डबल सेंचुरी, 37 शतक और 44 अर्धशतक लगाए हैं.
- वनडे में 170 मैचों की 154 पारी में 43.28 की औसत के साथ स्मिथ के बल्ले से 5800 रन निकले. इस दौरान उन्होंने 12 शतक और 35 अर्धशतक लगाए. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 157 गेंद में 164 रन रहा. भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी में 4 मार्च 2025 को दुबई में खेले गए मैच में मिली हार के बाद उन्होंने वनडे से संन्यास ले लिया. इस मैच में उनके बल्ले से 96 गेंद में 73 रन की पारी निकली.
- स्मिथ ने 67 टी-20 इंटरनेशनल की 55 पारियों में 24.86 की औसत और 125.46 की स्ट्राइक रेट से 1094 रन बनाए, जिसमें 5 अर्धशतक शामिल हैं. उनका हाईएस्ट स्कोर 53 गेंद में 90 रन है. वे महज 1 बार डक पर आउट हुए, जबकि 11 बार नाबाद रहे. उन्होंने अपना आखिरी टी-20 मुकाबला भारत के खिलाफ तिरुवनंतपुरम में 26 नवंबर 2023 को खेला. उस मैच में उन्होंने 16 गेंद में 19 रन बनाए.
3- जो रूट
- जो रूट इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज हैं. उन्होंने 385 इंटरनेशनल मैचों की 508 पारियों में 49.50 की औसत से 22422 रन बनाए. इसमें 61 शतक और 116 अर्धशतक शामिल हैं.
- रूट ने 164 टेस्ट की 300 पारियों में 50.73 की औसत के साथ 13952 रन बनाए, जिसमें 41 शतक और 66 अर्धशतक शामिल हैं. उनका हाईएस्ट स्कोर 262 रन है.
- जो रूट ने 189 वनडे मैचों की 178 पारियों में 49.52 की औसत के साथ 8650 रन बनाए, जिसमें 20 शतक और 45 अर्धशतक शामिल हैं. उनका हाईएस्ट स्कोर नाबाद 166 रन है.
- रूट ने 32 टी-20 इंटरनेशनल मैचों की 30 पारियों में 35.72 की औसत और 126.31 की स्ट्राइक रेट के साथ 893 रन बनाए. इस दौरान उनका सबसे बड़ा स्कोर नाबाद 49 रन रहा. टी-20 इंटरनेशनल में रूट के नाम 5 अर्धशतक हैं. उन्होंने 5 मई 2019 को कार्डिफ में पाकिस्तान के खिलाफ अपना आखिरी वनडे मुकाबला खेला, जिसमें उनके बल्ले से 42 गेंद में 47 रन निकले.
रूट बनाम स्मिथ हुआ फैब-4
क्रिकेट की दुनिया के 'FAB 4' (विराट कोहली, केन विलियमसन, जो रूट और स्टीव स्मिथ) अब आधिकारिक तौर पर 50-50 के समीकरण में बंट चुके हैं, क्योंकि विराट कोहली के बाद अब केन विलियमसन ने भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. विराट कोहली और केन विलियमसन के बाद अब इस एलीट ग्रुप के केवल दो खिलाड़ी, जो रूट और स्टीव स्मिथ ही टेस्ट क्रिकेट में एक्टिव हैं. इस प्रकार, फैब-4 की यह रेस अब पूरी तरह से रूट बनाम स्मिथ पर आकर टिक गई है, जहां देखना होगा कि इन दोनों में से कौन सबसे बड़े रिकॉर्ड्स के साथ अपने करियर का अंत करता है.




