Begin typing your search...

28 विकेट, 8 से भी कम इकोनॉमी; IPL 2026 में क्या रहा भुवनेश्वर कुमार का सक्सेस मंत्र? सचिन तेंदुलकर ने 1 मिनट 55 सेकंड में समझाया

RCB के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 28 विकेट चटकाए. इस दौरान उनकी इकोनॉमी 8 से भी कम रही. अब क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने उनकी सफलता का मंत्र बताया है.

Sachin Tendulkar Explains Bhuvneshwar Kumar Success Mantra in IPL 2026
X

सचिन तेंदुलकर ने बताया भुवनेश्वर कुमार की सफलता का राज

Sachin Tendulkar on Bhuvneshwar Kumar Success: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम कर लिया है. इस मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 8 विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए, जिसे आरसीबी ने 18 ओवर में 5 विकेट खोकर 161 रन बनाकर आसानी से हासिल कर लिया. विराट कोहली ने 42 गेंद में 75 रन की नाबाद पारी खेली. वहीं, गेंदबाजी में रसिख सलाम डार ने 3, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट लिए.

IPL 2026 में भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 16 मैचों में 7.89 की औसत और 7.95 की इकोनॉमी से 28 विकेट चटकाए. यह टूर्नामेंट में कगिसो रबाडा के बाद सबसे ज्यादा हैं, जिन्होंने 17 मैचों में 21.59 की औसत और से 29 विकेट चटकाए. अब महान बल्लेबाज और क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने भुवनेश्वर कुमार की सफलता को लेकर बड़ा खुलासा किया है.

भुवनेश्वर कुमार पर क्या बोले सचिन तेंदुलकर?

सचिन तेंदुलकर ने X पर एक वीडियो शेयर कर कहा, "भुवनेश्वर कुमार ने इस सीजन शानदार गेंदबाजी की. जो मैंने देखा कि पिछले सीजन जैसे भुवी बॉलिंग कर रहे ते थे, तो उसमें होता था एक लंबा आउट स्विंगर या इनस्विंगर ...यह वेरिएशन उसने अलग डेवलप की है या यह उनका डिसीजन है शायद... लेकिन वे जितना पॉसिबल हो सकता है, सीधी गेंदबाजी करते हैं."

तेंदुलकर ने कहा, "जब बॉलर लंबा इनस्विंगर करना चाहता है या लंबा आउटस्विंगर करना चाहता है तो आउटस्विंगर के लिए सीम फर्स्ट स्लिप या सेकंड स्लिप की ओर होती है. वहीं, जब वह इनस्विंगर करना चाहता है तो राइट हैंड बल्लेबाजों के लिए सीम लेग स्लिप की ओर होती है... और रिस्ट पोजिशन भी चेंज हो जाती है... लेकिन इस सीजन अगर भुवी की सीम देखें तो मुझे लगता है कि वॉबल सीम(Wobble Seam) आ रही है."

क्रिकेट के भगवान ने कहा, "जब वॉबल सीम आती है तो कई बार बल्लेबाजों को पता नहीं होता कि गेंद बाहर जाने वाली है या अंदर आने वाली है. भुवी लेग स्टंप या चौथे स्टंप की ओर गेंदबाजी करते हैं. वहां से सीधा बॉल गिरने की कोशिश करती है वह गेंद गिरकर बाहर जाती है या अंदर आती है. यही भुवी का इस सीजन का सक्सेस मंत्र है."

वॉबल सीम क्या है?

वॉबल सीम (Wobble Seam) तेज गेंदबाजों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली एक विशेष प्रकार की गेंद फेंकने की कला है. इसमें गेंदबाज गेंद को सीधा या सामान्य (अपराइट) रखने के बजाय हल्का सा तिरछा (फाइन लेग या थर्ड मैन की तरफ) पकड़ता है और रिलीज करता है. इससे गेंद हवा में डगमगाती हुई जाती है और पिच पर गिरने के बाद किसी भी दिशा में अनिश्चित रूप से मुड़ सकती है. इससे बल्लेबाजों के लिए यह अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है कि गेंद किस दिशा में जाएगी.

भुवनेश्वर कुमार का IPL 2026 में कैसा रहा प्रदर्शन?

  • SRH के खिलाफ 31 रन देकर 1 विकेट
  • CSK के खिलाफ 41 रन देकर 3 विकेट
  • RR के खिलाफ 37 रन देकर 0 विकेट
  • MI के खिलाफ 38 रन देकर 0 विकेट
  • LSG के खिलाफ 27 रन देकर 3 विकेट
  • DC के खिलाफ 26 रन देकर 3 विकेट
  • GT के खिलाफ 31 रन देकर 1 विकेट
  • DC के खिलाफ 5 रन देकर 3 विकेट
  • GT के खिलाफ 28 रन देकर 3 विकेट
  • LSG के खिलाफ 34 रन देकर 0 विकेट
  • MI के खिलाफ 23 रन देकर 4 विकेट
  • KKR के खिलाफ 34 रन देकर 1 विकेट
  • PBKS के खिलाफ 38 रन देकर 2 विकेट
  • SRH के खिलाफ 51 रन देकर 0 विकेट
  • GT के खिलाफ 28 रन देकर 2 विकेट (क्वालीफायर-1)
  • GT के खिलाफ 29 रन देकर 2 विकेट (फाइनल)
आईपीएलक्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख