जहां चैंपियन बनी GT, वहीं बदली RCB की किस्मत; जानिए नरेंद्र मोदी स्टेडियम का खिताबी इतिहास, कभी यहीं टूटा था भारत का सपना
अहमदाबाद का नरेन्द्र मोदी स्टेडियम बड़े फाइनल मुकाबलों का गवाह रहा है. यहां GT और RCB, दोनों ने पहली बार ट्रॉफी जीती थी,, जबकि भारतीय टीम ने इसी मैदान पर वर्ल्ड कप हारने का दर्द और टी20 वर्ल्ड कप जीतने की खुशी, दोनों देखी हैं. अब IPL 2026 फाइनल के साथ यह मैदान एक और इतिहास रचने जा रहा है.
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में चौथी बार होगा आईपीएल फाइनल
Narendra Modi Stadium Final Record: क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं है, यह यादों, भावनाओं और अधूरे सपनों की कहानी भी है... और अगर भारत में किसी एक मैदान ने पिछले कुछ सालों में सबसे ज्यादा खुशियां, आंसू, जश्न और दिल टूटने के पल देखे हैं, तो वह है अहमदाबाद का नरेन्द्र मोदी स्टेडियम... 31 मई 2026 को जब गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु IPL ट्रॉफी के लिए आमने-सामने उतरेंगे, तब यह सिर्फ एक फाइनल नहीं होगा. यह उस मैदान पर खेला जाने वाला एक और ऐतिहासिक अध्याय होगा, जिसने पहले भी कई टीमों की किस्मत लिखी है.
यह नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाने वाला चौथा आईपीएल फाइनल होगा. इसके अलावा, इस ऐतिहासिक स्टेडियम ने 2 ICC फाइनल की भी मेजबानी की है.
यहीं GT ने रचा था इतिहास
साल 2022... IPL में नई-नई आई गुजरात टाइटंस की टीम को बहुत कम लोग खिताब का दावेदार मान रहे थे... लेकिन हार्दिक पांड्या की कप्तानी में गुजरात ने सभी को चौंकाते हुए फाइनल में राजस्थान रॉयल्स को हराया और अपने डेब्यू सीजन में ही ट्रॉफी उठा ली. नरेन्द्र मोदी स्टेडियम उस रात नीली जर्सी के जश्न में डूब गया था. गुजरात के फैंस के लिए वह सिर्फ जीत नहीं, बल्कि एक सपने के सच होने जैसा पल था.
फिर इसी मैदान ने गुजरात का दिल भी तोड़ा
एक साल बाद 2023 में गुजरात फिर फाइनल में पहुंची. सामने थी महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपर किंग्स... बारिश से प्रभावित उस रोमांचक मुकाबले में आखिरी दो गेंदों पर रवींद्र जडेजा ने मैच पलट दिया. एक तरफ चेन्नई जश्न मना रही थी, तो दूसरी तरफ गुजरात के खिलाड़ी और फैंस खामोश खड़े थे. जिस मैदान ने एक साल पहले उन्हें चैंपियन बनाया था, उसी मैदान ने उनसे ट्रॉफी छीन भी ली.
यहीं खत्म हुआ RCB का 18 साल का इंतजार
अगर IPL इतिहास की सबसे भावुक जीतों की बात होगी, तो 2025 का फाइनल हमेशा याद रखा जाएगा. 18 साल... अनगिनत निराशाएं... कई दिग्गज खिलाड़ी... और हर बार टूटते सपने... लेकिन आखिरकार RCB ने पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला IPL खिताब जीत लिया.
विराट कोहली की आंखों में आंसू थे, स्टेडियम में लाखों फैंस खुशी से झूम रहे थे और एक ऐसा इंतजार खत्म हुआ था, जो लगभग दो दशक लंबा था. नरेन्द्र मोदी स्टेडियम उस रात RCB के लिए किसी तीर्थस्थल से कम नहीं था.
भारतीय क्रिकेट ने भी यहां खुशी और दर्द दोनों देखे
19 नवंबर 2023... शायद भारतीय क्रिकेट फैंस इस तारीख को कभी नहीं भूल पाएंगे. पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही भारतीय टीम वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गई. स्टेडियम में सन्नाटा था. करोड़ों भारतीयों का सपना उसी मैदान पर टूट गया था... लेकिन क्रिकेट शायद हमेशा दूसरा मौका देता है.
मार्च 2026 में भारतीय टीम इसी मैदान पर टी20 वर्ल्ड कप फाइनल खेलने उतरी और न्यूजीलैंड को हराकर विश्व चैंपियन बन गई. जिस मैदान ने वर्ल्ड कप हार का दर्द दिया था, उसी ने कुछ साल बाद जश्न मनाने का मौका भी दिया.
अब फिर एक नई कहानी लिखने का वक्त
अब एक बार फिर वही मैदान तैयार है. एक तरफ गुजरात टाइटंस है, जो अपने घरेलू मैदान पर दूसरी ट्रॉफी जीतना चाहती है. दूसरी तरफ RCB है, जो पिछले साल की सफलता को दोहराकर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम करना चाहती है. नरेन्द्र मोदी स्टेडियम ने पहले भी सपने पूरे होते देखे हैं, दिल टूटते देखे हैं और इतिहास बनते देखा है.
31 मई की रात एक टीम ट्रॉफी उठाएगी, दूसरी मायूस होगी... लेकिन इतना तय है कि इस मैदान की यादों में एक और सुनहरी कहानी जुड़ने वाली है... क्योंकि अहमदाबाद का यह मैदान सिर्फ मैच नहीं देखता, यह क्रिकेट के सबसे भावुक पल अपने अंदर संजोता है.




