IND vs WI: स्ट्राइक रेट बढ़ा, छक्के बढ़े... क्यों इतने खतरनाक हो गए विराट कोहली; बैटिंग स्टाइल में क्या आया बदलाव?
विराट कोहली टी20 और टेस्ट से रिटायरमेंट लेने के बाद अब वनडे में बेहद खतरनाक लग रहे हैं. उनकी बैटिंग में अब काफी बदलाव आ गया है कोहली पहली गेंद से ही अटैक करने लगे हैं.
Virat Kohli
India vs West Indies ODI Series: टीम इंडिया इन दिनों वेस्टइंडीज के साथ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है. सीरीज का पहला मैच जीतकर भारतीय टीम 1-0 से आगे हैं. पहले मैच में विराट कोहली का बेहद विस्फोटक अंदाज देखने को मिला, जिसके चलते कोहली ने महज 88 गेंदों पर नाबाद 139 रनों की पारी खेली थी. जिसमें 9 छक्के शामिल थे. जबसे विराट कोहली ने टेस्ट और टी20 से रिटायरमेंट लिया है वे वनडे में और ज्यादा खतरनाक हो गए हैं उनके आंकड़े भी यही गवाही दे रहे हैं.
पहले कोहली की पारी में छक्के कम और चौके, सिंगल-डबल ज्यादा होते थे लेकिन अब चौको के साथ-साथ छक्के भी कोहली ज्यादा मार रहे हैं, जिसका नजारा वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में भी देखने को मिला. ये कोहली की पहली ऐसी वनडे पारी थी जिसमें उन्होंने 9 छक्के लगाए हो. इसके अलावा कोहली का अब स्ट्राइक रेट भी बढ़ गया है.
क्या आया बैटिंग स्टाइल में बदलाव?
1. विराट कोहली की बल्लेबाजी में इन दिनों एक अलग ही आक्रामकता दिखाई दे रही है. मैदान पर उनका अंदाज पहले की तुलना में ज्यादा बेखौफ नजर आ रहा है. अब कोहली पारी को धीरे-धीरे आगे बढ़ाने के बजाय शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं. यही बदला हुआ अंदाज उनकी हालिया पारियों को खास बना रहा है.
2. कोहली की बल्लेबाजी में सबसे बड़ा अंतर उनके छक्के लगाने के तरीके में दिखाई दे रहा है. वह आमतौर पर चौकों और दौड़कर बनाए गए रनों के जरिए बड़ी पारी तैयार करने के लिए पहचाने जाते रहे हैं, लेकिन अब उनके बल्ले से बड़े शॉट ज्यादा नियमितता के साथ निकल रहे हैं.
3. वेस्टइंडीज के खिलाफ पारी की शुरुआत में ही कोहली ने अपने इरादे साफ कर दिए थे. उन्होंने सिर्फ तीन गेंदों का सामना करने के बाद अल्जारी जोसेफ की 144.5 किमी/घंटे की रफ्तार वाली शॉर्ट गेंद को पुल करते हुए सीधे बाउंड्री के बाहर पहुंचा दिया. यह शॉट सिर्फ छह रन हासिल करने तक सीमित नहीं था, बल्कि इससे उनकी बदली हुई बल्लेबाजी सोच भी नजर आई.
4. पिछले एक साल के आंकड़ों में भी कोहली की बल्लेबाजी की रफ्तार में बदलाव नजर आता है. उनका स्ट्राइक रेट 112 से ऊपर बना हुआ है. यानी वह रन बनाने के साथ-साथ तेजी से स्कोर बढ़ाने पर भी जोर दे रहे हैं. एक तरफ कोहली लगातार 90 से ज्यादा की औसत से रन बनाने में कामयाब रहे हैं और दूसरी तरफ उनका स्ट्राइक रेट भी 112 से ऊपर चल रहा है.




