श्रीलंकाई खिलाड़ी को सजा! वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या बोली BCCI?- 5 पॉइंट में जानें पूरा मामला
श्रीलंकाई खिलाड़ी और वैभव सूर्यवंशी की लड़ाई के बाद बीसीसीआई का रिएक्शन सामने आया है. वहीं श्रीलंकाई खिलाड़ी पर एक्शन की जानकारी भी सामने आई है.
vaibhav sooryavanshi fight
श्रीलंका में खेली जा रही ट्राई-नेशन ए सीरीज के दौरान भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अचानक सुर्खियों में आ गए. श्रीलंका ‘ए’ के खिलाड़ी विशेन हलमबागे के साथ मैदान पर हुई तीखी बहस और धक्का-मुक्की के बाद सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर जमकर चर्चा शुरू हो गई. जिसको लेकर काफी सवाल भी उठे.
हालांकि, पूरे विवाद के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने 15 वर्षीय बल्लेबाज का साथ नहीं छोड़ा. बोर्ड ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि वह इस मामले को बड़ा विवाद नहीं मानता और फिलहाल उसका पूरा फोकस खिलाड़ियों के प्रदर्शन और टूर्नामेंट पर है.
विवाद से जुड़ी 5 बड़ी बातें
1. दांबुला में खेले गए भारत ‘ए’ और श्रीलंका ए के मुकाबले में रोमांच चरम पर था. मैच का नतीजा सुपर ओवर में निकला, जहां भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा. मैच समाप्त होने के तुरंत बाद श्रीलंका ए के खिलाड़ी विशेन हलमबागे ने वैभव सूर्यवंशी पर तंज कसते हुए कहा "मैच खत्म, अब तुम घर जाओ."
2. हलमबागे की टिप्पणी सुनने के बाद वैभव सूर्यवंशी नाराज हो गए. टीवी कैमरों में दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस कैद हुई. कुछ ही क्षणों में मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली.
3. घटना के बाद सोशल मीडिया पर वैभव सूर्यवंशी को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा. कई लोगों का मानना था कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट में खिलाड़ियों को अपने व्यवहार पर नियंत्रण रखना चाहिए. लेकिन BCCI ने युवा बल्लेबाज को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाने के बजाय उनका समर्थन किया. बोर्ड ने साफ संकेत दिए कि वह इस घटना को लेकर कोई बड़ा मुद्दा नहीं बनाना चाहता.
4. पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने ‘स्पोर्टस्टार’ से बातचीत में उन्होंने कहा "हम अपने खिलाड़ियों को केवल टूर्नामेंट पर ध्यान केंद्रित करने देंगे. वे ऐसी किसी भी बाहरी या अप्रत्याशित घटना से अपना ध्यान न भटकाएं."
5. जहां BCCI ने अपने खिलाड़ी का समर्थन किया, वहीं दूसरी तरफ श्रीलंका क्रिकेट ने अपने खिलाड़ियों के खिलाफ कदम उठाया है. सूत्रों के मुताबिक, श्रीलंका क्रिकेट द्वारा नियुक्त मैच रेफरी प्रदीप जयप्रकाश ने विशेन हलमबागे और अनुभवी विकेटकीपर निरोशन डिकवेला के खिलाफ अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की है. हालांकि क्या सजा दी गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.




