T20 WC 2026: टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद भारत में क्यों फंसी वेस्टइंडीज टीम? जानें कब होगी वापसी
टीम इंडिया के हाथों सुपर-8 के आखिरी मैच में हारने के बाद वेस्टइंडीज की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गई थी. मैच हारने के बाद जहां टीम ने घर वापसी की तैयारी कर ली थी, तो वहीं अब वेस्टइंडीज की घर वापसी टल गई है.
West Indies Team
T20 World Cup 2026: टीम इंडिया के हाथों सुपर-8 के आखिरी मैच में हारने के बाद वेस्टइंडीज की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गई थी. मैच हारने के बाद जहां टीम ने घर वापसी की तैयारी कर ली थी, तो वहीं अब वेस्टइंडीज की घर वापसी टल गई है.
दरअसल मिडिल ईस्ट में छिड़े ईरान-इजराइल युद्ध के चलते बहुत सारी इंटरनेशनल उड़ाने रद्द कर दी गई. जिसका असर हर तरफ देखने को मिल रहा है. ऐसे में अभी वेस्टइंडीज को भारत में ही रुकना पड़ेगा. इसको लेकर वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड का भी बयान सामने आया है.
क्या बोला वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड?
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड की तरफ से एक प्रेस रिलीज में कहा गया है कि इंटरनेशनल एयरस्पेस पर लगी सीमाओं के चलते कई प्रमुख फ्लाइट रूट प्रभावित हुए हैं. एयरलाइंस ने सुरक्षा कारणों से अपने शेड्यूल में बदलाव किए हैं, जिसके चलते भारत से कैरिबियन रवाना होने वाली टीम की फ्लाइट योजनाएं बाधित हुई हैं. स्थिति को देखते हुए टीम की वापसी में अनिश्चितता बनी हुई है. हालांकि, बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी निर्णय खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं.
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने अपने बयान में कहा कि वे अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC), संबंधित सरकारी अधिकारियों और एयरलाइन साझेदारों के साथ लगातार संपर्क में हैं बोर्ड के अनुसार, उनका मुख्य उद्देश्य टीम और सपोर्ट स्टाफ के लिए जल्द से जल्द और सबसे सेफ ट्रैवल ऑप्शन सुनिश्चित करना है.
क्या ICC को होगा नुकसान?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण कई टीमें पारंपरिक दुबई रूट के बजाय वैकल्पिक मार्गों से अपने-अपने देशों को लौटेंगी. इससे टूर्नामेंट आयोजकों और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है. उड़ानों के रूट बदलने और अतिरिक्त व्यवस्थाओं से लागत में इजाफे की आशंका जताई जा रही है.




