T20 WC 2026: शादाब खान vs शाहिद अफरीदी, 1:54 मिनट के वीडियो में पूर्व कप्तान ने लगाई लताड़; बोले- बेटा प्रदर्शन करो
T20 World Cup 2026 में टीम इंडिया के हाथों मिली हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में खलबली मची हुई है. इसको लेकर शादाब खान और पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी के बीच नोकझोंक देखने को मिल रही है.
Shahid Afridi-Shadab Khan
T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया से मिली हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट में खलबली सी मच गई है. दरअसल 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया था. इस मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया था. इसके बाद से पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने टीम पर सवाल उठाते हुए बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब खान को टीम से बाहर करने की बात कही थी.
अफरीदी का ये बयान शादाब खान को रास नहीं आया और नामीबिया को हराने के बाद शादाब ने पलटवार करते हुए कहा था कि भले ही वे अच्छे खिलाड़ी रहे हो लेकिन वर्ल्ड कप में उन्होंने भी कुछ नहीं किया था. शादाब के इस बयान के बाद शाहिद अफरीदी का रिएक्शन भी सामने आया है.
शादाब को जवाब देते हुए क्या बोले अफरीदी?
शाहिद अफरीदी ने समा टीवी पर बातचीत करते हुए कहा कि 'शादाब ने ठीक कहा, हम जीत नहीं पाए लेकिन वे जीत गए उनको इज्जत-सम्मान मिला, लेकिन वे इसको संभाल नहीं पाए.शादाब को ये भी पता होना चाहिए जब वो प्रदर्शन नहीं कर रहा था और उसको टीम से बाहर किया जा रहा था तो हमने टीवी चैनलों पर कहा था कि शादाब टीम की बैकबोन है. शादाब की गेंदबाजी महत्वपूर्ण रहेगी और वो बल्लेबाजी भी कर लेता है वो काफी अच्छा लड़का है.'
आगे शाहिद अफरीदी ने कहा कि 'जब हम क्रिकेट खेलते हैं तो हमारे बारे में भी पूर्व क्रिकेटर बातें करते थे. हमको तो ये तक कहा जाता था कि लानत है. हमने उनको बर्दाश्त किया और अपने प्रदर्शन पर फोकस किया और छोटी नहीं बड़ी टीमों के खिलाफ प्रदर्शन किया. हम अपने प्रदर्शन से जवाब देते थे. शादाब मियां, आपका प्रदर्शन भी नामीबिया के खिलाफ ही आया है. आप न्यूजीलैंड के खिलाफ करके दिखाओ, बेटा प्रदर्शन करो. प्रदर्शन करके हमारा मुंह बंद करो.'
किस टीम के साथ होगा पाक का अगला मैच?
पाकिस्तान ने नामीबिया को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में जगह बनाई. अगर इस मैच में पाकिस्तान की टीम हार जाती तो उनको वर्ल्ड कप से बाहर होना पड़ता. अब सुपर-8 में पाकिस्तान अपना पहला मुकाबला न्यूजीलैंड के साथ खेलने वाली है. पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच सुपर-8 का पहला मुकाबला 21 फरवरी को खेला जाएगा.




