T20 WC 2026: अब होगा IND vs PAK मैच! पाकिस्तान ने टेके घुटने, मोहसिन नकवी ने गुपचुप की ICC से बातचीत
PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने रविवार को लाहौर में BCB के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम और (ICC के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा के साथ महत्वपूर्ण बैठक की.
T20 World Cup 2026 IND vs PAK: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान ने अपने-अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है. जहां पहले मैच में भारत ने यूएसए को हराया तो वहीं पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स पर जीत दर्ज की थी. अब भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को मुकाबला होना है, लेकिन इस मैच का पीसीबी ने बॉयकॉट किया था. जिसके बाद से बवाल मचा हुआ है. आईसीसी भी पीसीबी को चेतावनी दे चुका है.
इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने रविवार को लाहौर में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा के साथ महत्वपूर्ण बैठक की.
यह बैठक लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित हुई, जिसकी तस्वीरें PCB ने शेयर की हैं. यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भारत-पाक मुकाबले को लेकर बना गतिरोध खत्म करने के प्रयास तेज हो गए हैं और सभी पक्ष किसी समाधान की दिशा में आगे बढ़ते दिख रहे हैं.
पाकिस्तान ने क्यों किया था बॉयकॉट?
दरअसल, पाकिस्तान ने इससे पहले भारत के खिलाफ कोलंबो में प्रस्तावित मैच के बहिष्कार की धमकी दी थी. PCB का तर्क था कि वह बांग्लादेश के समर्थन में एकजुटता दिखा रहा है, क्योंकि ICC ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिए जाने के बावजूद बांग्लादेश के मैचों को भारत से बाहर कराने से इनकार कर दिया था. पाकिस्तान का मानना था कि जब सुरक्षा को लेकर आपत्तियां थीं, तब भी ICC ने बांग्लादेश के पक्ष में कोई राहत नहीं दी, इसलिए उसने विरोध के तौर पर सख्त रुख अपनाया.
स्कॉटलैंड को एंट्री से क्यों बढ़ा विवाद?
हालात तब और उलझ गए जब ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने का फैसला लिया. इस निर्णय के बाद क्रिकेट प्रशासनिक गलियारों में विवाद और गहरा गया और पाकिस्तान का रुख और ज्यादा सख्त हो गया. सूत्रों के मुताबिक, ICC ने पाकिस्तान से यह स्पष्ट करने को कहा है कि वह भारत के खिलाफ मैच से हटने के लिए ‘फोर्स मेज्योर’ क्लॉज का इस्तेमाल किस आधार पर कर सकता है.
इस सवाल के बाद PCB पर दबाव बढ़ा और पाकिस्तान को अपने रुख पर फिर से सोचना पड़ा. रिपोर्ट के मुताबिक हालात उस वक्त बदले जब श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने PCB को एक ई-मेल भेजकर बहिष्कार खत्म करने और खेल के हित में समाधान निकालने का आग्रह किया.
क्या होगा IND vs PAK मैच?
लाहौर में हुई बैठक के बाद मिले संकेतों से साफ है कि पाकिस्तान का रुख अब पहले की तुलना में काफी नरम हुआ है. बताया जा रहा है कि बातचीत सकारात्मक माहौल में हुई और सभी पक्षों ने क्रिकेट के व्यापक हित को प्राथमिकता दी. ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि 15 फरवरी को कोलंबो में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी और क्रिकेट फैंस को इस हाई वोल्टेज मुकाबले से वंचित नहीं होना पड़ेगा.





