जज्बा, जोश और जुनून! पहले टीम से बाहर, फिर खोया सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट; कैसे हुई ईशान किशन की जबरदस्त वापसी?
T20 World Cup 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में ईशान किशन की धमाकेदार बल्लेबाजी देखने को मिली. लगभग 2 साल तक टीम इंडिया से बाहर रहने के बाद ईशान ने जबरदस्त वापसी की है.
Ishan Kishan
T20 World Cup 2026, Ishan Kishan: टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ 77 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर टीम इंडिया की जीत में अहम योगदान दिया. उनकी इस शानदार पारी के बाद हर किसी की जुबान पर अब ईशान किशन का नाम है. ये वहीं ईशान किशन है जिन्होंने साल 2023 में टीम मैनेजमेंट से मानसिक दबाव के चलते थोड़ा ब्रेक मांगा था, लेकिन इस ब्रेक के चलते ईशान को लगभग 2 साल तक टीम इंडिया से बाहर रहना पड़ा.
2 साल तक सेलेक्टर्स ने उनको नजरअंदाज किया. इतना ही नहीं टीम से बाहर होने के बाद ईशान को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी बाहर कर दिया गया था. अब ईशान की जबरदस्त वापसी से फैंस काफी गदगद दिख रहे हैं. टीम इंडिया से बाहर रहकर ईशान ने 2 साल तक खूब मेहनत की है, जिसका नतीजा अब ईशान टी20 टीम इंडिया का अहम हिस्सा और मैन विनर प्लेयर बनकर उभरे हैं.
कैसे हुई ईशान की जबरदस्त वापसी?
टीम इंडिया से बाहर रहकर ईशान किशन ने घरेलू क्रिकेट में लगातार कमाल का प्रदर्शन किया. रणजी ट्रॉफी से लेकर विजय हजारे तक में ईशान ने जमकर रन बनाए. हालांकि सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जिस तरह से ईशान ने बल्लेबाजी के साथ-साथ कमाल की कप्तानी करते हुए झारखंड को ट्रॉफी दिलाई थी, वो उनकी टीम इंडिया में वापसी का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में ईशान ने बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा 517 रन बनाए थे.
इस दौरान उनके बल्ले से 2 शानदार शतक भी निकले थे. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में शानदार प्रदर्शन के बाद ईशान किशन को न्यूजीलैंड के साथ खेली गई 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था. इस सीरीज में किशन ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 1 शतक और 1 अर्धशतक भी लगाया था.
वापसी में हार्दिक पांड्या का हाथ?
हार्दिक पांड्या को ईशान किशन के काफी करीबी माना जाता है. लंबे समय तक दोनों ने एकसाथ आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए क्रिकेट खेला है. इसके अलावा प्रैक्टिस के दौरान भी ईशान ने हार्दिक से काफी कुछ सीखा है. वहीं ईशान भी हार्दिक को अपना मेंटोर मानते हैं. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के साथ खेले गए मैच के बाद ईशान ने कहा था कि जब वे टीम से बाहर थे और उन्होंने अपना सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट भी खो दिया था उस वक्त हार्दिक ने उनको काफी मजबूत किया और उनका सपोर्ट किया.
कब हुए थे टीम से बाहर?
साल 2023 में जब टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के दौरे पर थी, तब ईशान किशन भी टीम इंडिया का हिस्सा थे, लेकिन दौरे के बीच में ही ईशान ने मानसिक तनाव के चलते ब्रेक मांग लिया था. ये ब्रेक इतना लंबा साबित होगा उस वक्त ईशान किशन ने भी नहीं सोचा था. इसके बाद उनको लगातार टीम से बाहर रहना पड़ा. आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में ईशान खेलते रहे. लेकिन सेलेक्टर्स ने तब भी उनको नजरअंदाज किया.





