Begin typing your search...

धमाकेदार होगी धोनी की वापसी! 35 सेकंड के वीडियो में दिख गई तैयारी, नीचे से ऊपर आने को तैयार CSK?

धोनी तेजी से चोट से उबर रहे हैं. नेट्स पर लंबे-लंबे शॉट खेलने का उनका 35 सेकंड का वीडियो वायरल हो रहा है. इससे उम्मीद जताई जा रही है कि वे अगले हफ्ते मुंबई इंडियंस या गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में वापसी कर सकते हैं.

dhoni practice photo
X

नेट्स में प्रैक्टिस करते धोनी

( Image Source:  x.com/ChennaiIPL )

IPL 2026 में Chennai Super Kings का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है. टीम को अभी तक 5 मैचों में 2 जीत और 3 हार मिली है. इससे वह प्वाइंट्स टेबल में आठवें नंबर पर है. इस बीच, थाला यानी एमएस धोनी के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. चेन्नई सुपर किंग्स के सूत्रों के मुताबिक, धोनी की चोट से रिकवरी तेजी से हो रही है. वे अगले हफ्ते मैदान पर वापसी कर सकते हैं.

रिपोर्ट के अनुसार, धोनी 23 अप्रैल को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले मुकाबले में या 26 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ एमए चिदंबरम स्टेडियम में होने वाले मैच में वापसी कर सकते हैं. इससे सीएसके की बल्लेबाजी को बड़ा फायदा होगा.

क्या धमाकेदार होगी वापसी?

इस बीच, चेन्नई सुपरकिंग्स के X हैंडल से 35 सेकंड का एक ऐसा वीडियो पोस्ट किया गया है, जिसने फैंस को खुश कर दिया है. इस वीडियो में धोनी नेट्स में प्रैक्टिस करते हुए नजर आ रहे हैं. इस दौरान वे लंबे शॉट लगाते हुए दिखाई दिए. इससे यह उम्मीद बढ़ गई है कि वे इस सीजन आईपीएल में धमाकेदार वापसी करने को तैयार हैं.

क्या Impact Player के तौर पर धोनी की होगी वापसी?

संजू सैमसन इस सीजन विकेटकीपिंग कर रहे हैं. संभावना है कि वह यह जिम्मेदारी आगे भी संभालते रहेंगे. ऐसे में धोनी की वापसी ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के रूप में हो सकती है, जहां वह सिर्फ बल्लेबाजी की भूमिका निभा सकते हैं.

धोनी क्यों नहीं खेल रहे हैं?

धोनी को आईपीएल शुरू होने से एक हफ्ते पहले प्रैक्टिस के दौरान पिंडली (काफ) में चोट लग गई थी. इसी कारण वह टूर्नामेंट के शुरुआती तीन हफ्तों से बाहर हो गए थे. सीएसके का अगला मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ है, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने साफ कर दिया है कि इस मैच में धोनी को जोखिम में नहीं डाला जाएगा.

टीम सूत्रों ने कहा, "धोनी अभी रिहैब कर रहे हैं और हम उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते." धोनी की वापसी से सीएसके की बल्लेबाजी को मजबूती मिलने की उम्मीद है. फैंस भी लंबे इंतजार के बाद उन्हें मैदान पर देखने के लिए उत्साहित हैं.

आईपीएलक्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख