IPL 2026 में डोसा-इडली गाने पर क्यों मचा बवाल, CSK ने RCB के खिलाफ BCCI से क्यों कर डाली शिकायत?
आईपीएल 2026 के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच मुकाबला अब मैदान से बाहर भी विवादों में घिर गया है.
RCB vs CSK
IPL 2026, RCB vs CSK: आईपीएल 2026 के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच मुकाबला अब मैदान से बाहर भी विवादों में घिर गया है. 5 अप्रैल को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मैच के बाद सीएसके ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है.
सीएसके ने आरोप लगाया है कि मैच के दौरान स्टेडियम में हुए कुछ घटनाक्रम न सिर्फ खेल भावना के खिलाफ थे, बल्कि उनकी टीम और समर्थकों की भावनाओं को भी आहत करने वाले थे.
क्यों छिड़ा विवाद?
रिपोर्ट्स के अनुसार, मैच के दौरान स्टेडियम में एक गाना बजाया गया जिसमें “डोसा, इडली, सांभर, चटनी” जैसे शब्द शामिल थे. सीएसके का मानना है कि इस गाने के जरिए तमिलनाडु की पहचान का मजाक उड़ाया गया. यह गाना मूल रूप से संगीतकार गाना अप्पू द्वारा तैयार किया गया था और पहले भी सीएसके-आरसीबी मैचों के दौरान चर्चा में रहा है. हालांकि, इस बार इसे लेकर विवाद और गहरा गया है.
क्या बोला CSK मैनेजमेंट?
सीएसके के प्रबंध निदेशक कासी विश्वनाथन ने इस पूरे मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा “डीजे आमतौर पर घरेलू टीम का समर्थन करने के लिए मौजूद रहते हैं लेकिन चिन्नास्वामी स्टेडियम में मामला अलग था. हमारे खिलाड़ियों के खिलाफ कुछ टिप्पणियां की गईं. इसे ध्यान में रखते हुए, हमने बीसीसीआई को इस मामले की जांच करने के लिए पत्र लिखा है.”
DJ के व्यवहार से क्यों नाखुश?
गाने के अलावा, सीएसके ने स्टेडियम के डीजे के व्यवहार पर भी गंभीर आपत्ति जताई है. टीम का आरोप है कि खिलाड़ियों के आउट होने के बाद डीजे द्वारा की गई टिप्पणियां मर्यादा से बाहर थीं. सीएसके मैनेजमेंट का कहना है कि डीजे का काम दर्शकों का मनोरंजन करना होता है, न कि विरोधी टीम का मजाक उड़ाना या उन्हें निशाना बनाना.
इसके अलावा सीएसके ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि उनके समर्थकों के साथ स्टेडियम में कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया. हालांकि, इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन टीम ने इसे गंभीर मुद्दा बताया है. बता दें, सीएसके और आरसीबी के बीच मुकाबले हमेशा से हाई-वोल्टेज रहे हैं.




