CSK का गेंदबाजी कोच बनने पर मोहित शर्मा को कितनी मिलेगी सैलरी, क्या पहले भी निभाई ये भूमिका, IPL 2027 में दिखेगा नया अंदाज
पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा अब आईपीएल 2027 में चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजी कोच की भूमिका में दिखने वाले हैं. उन्होंने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत भी चेन्नई के साथ ही की थी.
Mohit Sharma
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा जल्द ही आईपीएल 2027 में एक नई भूमिका में नजर आने वाले हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक, चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने आईपीएल के आगामी सीजन के लिए उन्हें टीम का बॉलिंग कोच बनाने का फैसला किया है. मोहित इससे पहले चेन्नई की टीम के लिए खिलाड़ी के तौर पर चार सीजन खेल चुके हैं.
38 वर्षीय मोहित शर्मा टीम में एरिक सिमंस की जगह लेने वाले हैं. सिमंस ने पूर्व हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग के साथ CSK के सपोर्ट स्टाफ में काम किया था. रिपोर्ट के अनुसार, टीम के नए हेड कोच जहीर खान ने आईपीएल 2027 के लिए मोहित शर्मा को गेंदबाजी कोच के तौर पर जोड़ने का फैसला किया है. CSK के बाकी सपोर्ट स्टाफ को लेकर भी आने वाले हफ्तों में तस्वीर साफ हो सकती है.
मोहित शर्मा को कितनी मिलेगी सैलरी?
आईपीएल फ्रेंचाइजी आमतौर पर अपने असिस्टेंट या बॉलिंग कोच की सटीक सैलरी सार्वजनिक नहीं करती हैं. हालांकि, उपलब्ध जानकारी के आधार पर आईपीएल में गेंदबाजी कोच की फीस करीब 1.5 करोड़ से 3.5 करोड़ रुपये प्रति सीजन के बीच हो सकती है. यह रकम कोच के अनुभव, भूमिका और क्रिकेट में उनके कद के आधार पर अलग-अलग हो सकती है.
CSK के पूर्व गेंदबाजी कोच ड्वेन ब्रावो को करीब 2.5 करोड़ रुपये प्रति सीजन मिलने की बात सामने आई थी. वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स के बॉलिंग कोच भरत अरुण की फीस करीब 2.4 करोड़ रुपये बताई गई है. मोहित पहली बार किसी आईपीएल टीम के मुख्य बॉलिंग कोच की भूमिका में नजर आ सकते हैं. ऐसे में उनका शुरुआती कॉन्ट्रैक्ट करीब 1.5 करोड़ से 2.5 करोड़ रुपये के दायरे में होने का अनुमान लगाया जा रहा है.
CSK के लिए कितने मैच खेले?
मोहित शर्मा का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ पुराना रिश्ता रहा है. उन्होंने टीम के लिए चार सीजन में कुल 48 आईपीएल मुकाबले खेले हैं. इसके अलावा, बंद हो चुकी चैंपियंस लीग टी20 में भी उन्होंने CSK का प्रतिनिधित्व किया था और दो सीजन में टीम के लिए 10 मैच खेले. मोहित ने भारत के लिए 8 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले भी खेले. आईपीएल 2025 में वह खिलाड़ी के तौर पर मैदान पर उतरे थे. इसके बाद उन्होंने दिसंबर 2025 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान किया.
कैसा रहा IPL करियर?
मोहित शर्मा ने 2013 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल डेब्यू किया था. अपने पहले ही सीजन में उन्होंने 15 मैचों में 20 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया. उनकी गेंदबाजी ने टीम में उनकी जगह मजबूत कर दी. इसके अगले सीजन यानी 2014 में मोहित ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी करते हुए पर्पल कैप अपने नाम की. मोहित ने कुल 120 आईपीएल मैचों में 134 विकेट अपने नाम किए. उनका बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन 10 रन देकर 5 विकेट रहा, जो उन्होंने 2023 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ किया था.




