Begin typing your search...

पाकिस्तान से घुसपैठ, कश्मीर में 3 साल से एक्टिव और कई हमलों में वांटेड...कौन था हाशिम मूसा, जिसका बडगाम एनकाउंटर में हुआ अंत

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में ऑपरेशन कोराग के दौरान सुरक्षा बलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा को मार गिराया. वह पहलगाम और पुंछ-राजौरी क्षेत्र में हुए आतंकी हमलों के मामलों में वांछित था.

पाकिस्तान से घुसपैठ, कश्मीर में 3 साल से एक्टिव और कई हमलों में वांटेड...कौन था हाशिम मूसा, जिसका बडगाम एनकाउंटर में हुआ अंत
X

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में मंगलवार से सुरक्षा बलों का ताबड़तोड़ एक्शन जारी है. रिपोट्स के मुताबिक मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का एक टॉप आतंकी मारा गया है. अधिकारियों के मुताबिक, मारे गए आतंकी की पहचान मोहम्मद आसिफ उर्फ ‘हाशिम मूसा’ के रूप में हुई है. वह कई आतंकी हमलों के मामलों में वांछित था.

सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, हाशिम मूसा पर पीर पंजाल रेंज के दोनों तरफ कई सालों से हुए हमलों में शामिल होने का आरोप था. वह इसी महीने की शुरुआत में यूसमर्ग की पहाड़ियों में चलाए गए एक सिक्योरिटी ऑपरेशन के दौरान बच निकलने में भी कामयाब रहा था.

कहां मारा गया मूसा?

हाशिम मूसा बडगाम के यूसमर्ग के पास कोराग इलाके में चलाए गए ‘ऑपरेशन कोराग’ के दौरान मारा गया. यह अभियान भारतीय सेना की चिनार कॉर्प्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त रूप से चलाया. सेना के मुताबिक, सुरक्षा बलों ने संदिग्ध आतंकियों की गतिविधि देखी और फिर एक्शन शुरू किया. इसके बाद आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई और एक आतंकी मारा गया.'

सेना ने क्या कहा?

सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि सतर्क जवानों ने संदिग्ध गतिविधि देखी थी. चुनौती दिए जाने पर आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद भीषण गोलीबारी हुई और एक आतंकी को मार गिराया गया. बताया गया कि हाशिम मूसा यूसमर्ग के पास दूरदराज के जंगल वाले इलाके दूधपथरी में मारा गया.

क्या हाशिम मूसा का बरामद किया गया शव

इसके बाद चिनार कॉर्प्स ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान हाशिम मूसा का शव बरामद कर लिया गया. चिनार कॉर्प्स ने X पर बताया कि ऑपरेशन जारी रहने के दौरान सुबह जनरल एरिया पालमैदान में तलाशी के दौरान पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा का शव बरामद हुआ. उसके पास से युद्ध में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की गई.

कौन था हाशिम मूसा?

मोहम्मद आसिफ उर्फ हाशिम मूसा को ‘आसिफ फौजी’ के नाम से भी जाना जाता था. वह पाकिस्तान का नागरिक और पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का एक वरिष्ठ कमांडर था. वह कश्मीर घाटी और पीर पंजाल क्षेत्र में संगठन के लिए काम कर रहा था. सुरक्षा रिकॉर्ड के मुताबिक, हाशिम मूसा सितंबर 2023 के आसपास भारत में घुसपैठ करने में कामयाब हुआ था और करीब तीन साल से इस क्षेत्र में एक्टिव था.

हाशिम मूसा पर पीर पंजाल क्षेत्र में सुरक्षा बलों पर हुए कई हमलों में शामिल होने का आरोप था. सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, जिस आतंकी समूह से वह जुड़ा था, उसका संबंध 2021 से 2024 के बीच पुंछ और जम्मू-कश्मीर के अन्य हिस्सों में हुए हमलों से था. इन हमलों में सेना और सुरक्षा बलों के कई जवान मारे गए थे.

इसके अलावा उसका नाम पहलगाम आतंकी हमले से भी जोड़ा गया था. सुरक्षा बलों के मुताबिक, पीर पंजाल क्षेत्र में उसके खिलाफ कई मामलों में तलाश थी. मंगलवार को बडगाम के कोराग इलाके में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान उसकी मौत हो गई.

अगला लेख