Begin typing your search...

IPL 2026 फाइनल के बाद ऑस्ट्रेलिया लौट रहे क्लार्क का हुआ एक्सीडेंट, बाल-बाल बची जान; बोले- आंख खुली तो कार ट्रक के नीचे थी

IPL 2026 फाइनल की कमेंट्री पूरी करने के बाद पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क सड़क हादसे का शिकार हो गए. उनकी कार एक बड़े ट्रक से टकरा गई और कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे घुस गया.

Michael Clarke Reveals Shocking Road Accident After IPL 2026 Final
X

Michael Clarke 

( Image Source:  @Kohlistic18/IPL )

Michael Clarke Road Accident: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क का IPL 2026 फाइनल के बाद एक्सीडेंट हो गया है. हालांकि, इसमें वह बाल-बाल बच गए. क्लार्क भारत में इंडियन प्रीमियर लीग के फाइनल मुकाबले की कमेंट्री करने के बाद एयरपोर्ट जा रहे थे, तभी उनकी कार एक बड़े ट्रक से टकरा गई. उन्होंने अपने पॉडकास्ट Beyond23 Cricket Podcast में हादसे का पूरा घटनाक्रम बताया और कहा कि मैच के बाद वह कार की पैसेंजर सीट पर सो गए थे. अचानक जोरदार टक्कर के बाद उनकी नींद खुली और जो नजारा उन्होंने देखा, वह बेहद डरावना था.

माइकल क्लार्क ने बताया कि जब उनकी आंख खुली तो कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे घुस चुका था. उस पल उन्हें एहसास हुआ कि हादसा कितना गंभीर हो सकता था.


'कार का आधा हिस्सा ट्रक के नीचे था'

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान के मुताबिक, ड्राइवर ने उन्हें बाद में बताया कि जिस ट्रक से टक्कर हुई, उसकी ब्रेक लाइट्स काम नहीं कर रही थीं. इसी वजह से ड्राइवर समय पर स्थिति को समझ नहीं पाया और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई. क्लार्क ने कहा कि ट्रक एक बड़ा सेमी-ट्रेलर था. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा उसके नीचे चला गया. दुर्घटना के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसे कबाड़ घोषित करना पड़ा.


ड्राइवर को लेकर टेंशन में दिखे क्लार्क

हादसे में क्लार्क को केवल कुछ चोटें और खरोंचें आईं, लेकिन वह अपने ड्राइवर को लेकर ज्यादा चिंतित दिखाई दिए. उन्होंने बताया कि ड्राइवर के पैर में चोट काफी गंभीर थी और संभवतः फ्रैक्चर भी हुआ. क्लार्क ने कहा कि ड्राइवर हादसे के बाद काफी घबराया हुआ था, क्योंकि वह कंपनी के लिए काम करता है और कार उसकी अपनी नहीं थी. यही वजह थी कि वह उसकी स्थिति को लेकर लगातार परेशान रहे.


BCCI और स्थानीय लोगों का जताया आभार

45 वर्षीय क्लार्क ने हादसे के बाद मदद करने वाले स्थानीय लोगों और BCCI का विशेष धन्यवाद किया. उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों ने लगातार उनका और घायल ड्राइवर का हालचाल लिया. क्लार्क ने कहा कि यह पूरी तरह एक दुर्घटना थी. ऐसी घटनाएं कभी भी हो सकती हैं. हालांकि, उनके लिए सबसे बड़ा झटका यह था कि वह गहरी नींद में थे और अचानक खुद को ट्रक के बेहद करीब पाया.

हादसे के बाद भी पकड़ ली फ्लाइट

गंभीर हादसे के बावजूद क्लार्क एयरपोर्ट पहुंचने में सफल रहे और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए अपनी निर्धारित फ्लाइट भी पकड़ ली. उन्होंने कहा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि सुरक्षित घर लौट आए और एक बार फिर IPL का हिस्सा बनने का मौका मिला.


वैभव सूर्यवंशी पर क्या बोले क्लार्क?

क्लार्क ने IPL को शानदार टूर्नामेंट बताते हुए कहा कि उन्हें इस लीग से हमेशा खास लगाव रहा है. उन्होने 15 साल के भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की भी जमकर तारीफ की. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान ने कहा कि कम उम्र में जिस तरह वैभव ने पूरे सीजन में प्रभाव छोड़ा और कई व्यक्तिगत पुरस्कार जीते, वह बेहद खास उपलब्धि है. हालांकि, उनकी टीम Rajasthan Royals क्वालिफायर-2 में Gujarat Titans से हारकर बाहर हो गई थी.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख