ENG vs NZ First Test Match: पहले ही दिन गिरे 16 विकेट तो माइकल वॉन का फूटा गुस्सा, बोले- लॉर्ड्स की यह पिच टेस्ट लायक नहीं
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन गेंदबाजों का दबदबा रहा और कुल 16 विकेट गिरे. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने मैच के रोमांचक होने के बावजूद पिच की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि पिच में असमान उछाल है. यह अच्छी टेस्ट विकेट नहीं है.
Michael Vaughan Criticises Lords Pitch: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले जा रहे पहले टेस्ट का पहला दिन पूरी तरह गेंदबाजों के नाम रहा. पूरे दिन में 16 विकेट गिरे और बल्लेबाजों को रन बनाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा. मैच रोमांचक जरूर रहा, लेकिन पिच को लेकर बहस भी शुरू हो गई है.
इंग्लैंड की पहली पारी महज 140 रन पर सिमट गई. कप्तान बेन स्टोक्स की टीम 40 ओवर भी नहीं खेल सकी. न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और इंग्लैंड की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया. हालांकि, इंग्लैंड ने भी जोरदार जवाब दिया.
तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने न्यूजीलैंड के टॉप-ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया. उन्होंने अपने शुरुआती स्पेल में ही डेवोन कॉनवे, केन विलियमसन और रचिन रवींद्र को आउट कर न्यूजीलैंड का स्कोर 3 विकेट पर 2 रन कर दिया. दिन का खेल खत्म होने तक न्यूजीलैंड ने 61 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे. वह अभी भी इंग्लैंड से 79 रन पीछे है. ग्लेन फिलिप्स और नाथन स्मिथ क्रीज पर मौजूद थे.
माइकल वॉन ने क्यों पिच पर उठाए सवाल?
पहले दिन के खेल के बाद इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने लॉर्ड्स की पिच की खुलकर आलोचना की. उनका मानना है कि पहले ही दिन पिच पर असमान उछाल दिखाई दिया, जो टेस्ट क्रिकेट के लिए अच्छी बात नहीं है. वॉन ने कहा कि कई गेंदें बल्लेबाजों के बल्ले का किनारा लेकर गईं और कई बार बल्लेबाज फ्रंट फुट पर डिफेंस करते हुए एलबीडब्ल्यू हुए. गेंद का पैड पर जोर से लगना इस बात का संकेत है कि पिच पर उछाल एक समान नहीं था.
वॉन ने कहा कि मैच बेहद मनोरंजक रहा. उन्होंने कहा कि पहले ही दिन 16 विकेट गिरना दर्शकों के लिए रोमांचक था, लेकिन सिर्फ मनोरंजन के आधार पर पिच को अच्छा नहीं कहा जा सकता. इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने यह भी कहा कि लॉर्ड्स की इस पिच को लेकर पिछले कुछ वर्षों से सवाल उठते रहे हैं. उन्होंने याद दिलाया कि पिछले साल भारत के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान भी इसी तरह की चर्चा हुई थी, लेकिन रोमांचक मुकाबले की वजह से पिच की खामियां पीछे छूट गई थीं.
जैमीसन बोले- अब पहले दिन ही बन गया 'मूविंग डे'
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने भी पहले दिन के असाधारण घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि टेस्ट क्रिकेट का पारंपरिक 'मूविंग डे' आमतौर पर तीसरे दिन माना जाता है, लेकिन इस मैच में वह पहले ही दिन आ गया. जैमीसन ने कहा कि न्यूजीलैंड को अभी बल्लेबाजी में काफी काम करना है. इसके बाद गेंदबाजी में भी एक और मौका मिलेगा. उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम मुकाबले में वापसी कर सकती है.
गौरतलब है कि यह 2024 के बाद जैमीसन का पहला टेस्ट मैच था. उन्होंने वापसी को यादगार बनाते हुए पांच विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी.
दूसरा दिन होगा अहम
अब दूसरे दिन की शुरुआत बेहद अहम होगी. न्यूजीलैंड की कोशिश पहले इंग्लैंड के स्कोर को पार करने की होगी, जबकि इंग्लैंड जल्द से जल्द बाकी विकेट लेकर बढ़त हासिल करना चाहेगा.




