Begin typing your search...

क्यों विवादों में घिरी Kaviya Maran? 2 करोड़ में खरीदा पाकिस्तानी प्लेयर Abrar Ahmed, IPL 2026 से पहले SRH के बॉयकॉट की मांग

द हंड्रेड 2026 की नीलामी में सनराइजर्स लीड्स ने पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद को खरीदा, जिसके बाद काव्या मारन सोशल मीडिया पर विवादों में घिर गई हैं. भारतीय फैंस इस फैसले से नाराज हैं और IPL 2026 से पहले सनराइजर्स हैदराबाद के बहिष्कार की मांग कर रहे हैं.

kavya maran controversy srh boycott abrar ahmed the hundred 2026 auction
X
( Image Source:  X: @Gill_Iss, Instagram: abrarahmedpak01 )
रूपाली राय
Edited By: रूपाली राय7 Mins Read

Published on: 13 March 2026 3:41 PM

सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की मालकिन काव्या मारन (Kavya Maran) इन दिनों सोशल मीडिया पर बड़े विवाद में घिर गई हैं. वजह है उनकी दूसरी टीम सनराइजर्स लीड्स ने इंग्लैंड की लीग द हंड्रेड 2026 के खिलाड़ियों की नीलामी में पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद को खरीद लिया है. इस खबर के बाद से भारतीय फैंस बहुत नाराज हैं और अब आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद का बहिष्कार करने की मांग तेज हो गई है.

द हंड्रेड की नीलामी लंदन में गुरुवार को हुई थी. इसमें सनराइजर्स लीड्स ने अबरार अहमद पर बोली लगाई और आखिरकार उन्हें 1,90,000 पाउंड (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में खरीद लिया. काव्या मारन खुद नीलामी में मौजूद थीं और टीम के मुख्य कोच डेनियल विटोरी के साथ बैठकर बोली लगा रही थीं। टीम के कप्तान हैरी ब्रूक हैं. यह कई सालों बाद पहली बार हुआ है जब आईपीएल से जुड़ी किसी भारतीय फ्रेंचाइजी ने किसी पाकिस्तानी क्रिकेटर को कॉन्ट्रैक्ट दिया हो.

क्या कर बैठे सनराइजर्स?

द हंड्रेड में कुल 8 टीमें हैं, जिनमें से 4 मैनचेस्टर सुपर जाएंट्स, एमआई लंदन, सदर्न ब्रेव और सनराइजर्स लीड्स भारतीय मालिकों की हैं. पहले ऐसा माना जा रहा था कि ये टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बोली नहीं लगाएंगी, क्योंकि भारत-पाकिस्तान के बीच राजनयिक रिश्ते खराब होने की वजह से आईपीएल में 2008-09 के बाद से कोई पाकिस्तानी खिलाड़ी नहीं खेल पाया है. लेकिन सनराइजर्स लीड्स ने इस धारणा को तोड़ दिया. अबरार अहमद नीलामी में बिकने वाले दूसरे पाकिस्तानी खिलाड़ी थे. इससे पहले उस्मान तारिक को बर्मिंघम फीनिक्स ने लगभग 1.72 करोड़ रुपये में खरीदा था. द हंड्रेड का सीजन 21 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक चलेगा.

विवाद क्यों इतना बड़ा?

फैंस का गुस्सा इसलिए है क्योंकि अबरार अहमद के पुराने सोशल मीडिया पोस्ट्स में उन्होंने कथित तौर पर भारतीय सेना और कुछ घटनाओं जैसे ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम से जुड़ी बातों का मजाक उड़ाया था. कई यूजर्स कह रहे हैं कि ऐसे खिलाड़ी को कॉन्ट्रैक्ट देकर काव्या मारन ने राष्ट्रीय भावनाओं को ठेस पहुंचाई है और सिर्फ पैसे के लिए देश की भावनाओं को नजरअंदाज किया. सोशल मीडिया पर #BoycottSunrisers, #ShameOnKavyaMaran, #ShameOnHRH जैसे हैशटैग ट्रेंड कर रहे हैं. लोग लिख रहे हैं कि 'भारतीय मालिक, भारतीय ब्रांड, लेकिन राष्ट्रीय भावना कहां गई?' एक यूजर ने कहा, 'सालों तक IPL टीमों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से दूरी बनाए रखी, लेकिन विदेशी लीग में पैसा आते ही सब भूल गए.' कुछ ने तो SRH के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स घटने और टीम के X अकाउंट के सस्पेंड होने की भी बात कही.

आईपीएल 2026 पर क्या असर?

आईपीएल 2026 का सीजन 28 मार्च से शुरू होने वाला है. लेकिन इस विवाद के चलते फैंस SRH का बहिष्कार करने की अपील कर रहे हैं. लोग कह रहे हैं कि वे SRH के मैच नहीं देखेंगे, जर्सी नहीं खरीदेंगे और टीम को सपोर्ट नहीं करेंगे. हालांकि, सनराइजर्स लीड्स और सनराइजर्स हैदराबाद अलग-अलग फ्रेंचाइजी हैं, लेकिन दोनों एक ही ग्रुप (सन ग्रुप) के हैं, इसलिए गुस्सा SRH पर भी निकल रहा है.

कौन है काव्या मारन

काव्या मारन एक भारतीय व्यवसायी हैं और आईपीएल की मशहूर टीम सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की सह-मालिक (co-owner) और सीईओ हैं. वे सोशल मीडिया और क्रिकेट फैंस में काफी पॉपुलर हैं, खासकर अपनी टीम के मैचों में स्टेडियम में मौजूदगी और एक्सप्रेशन्स के लिए. 6 अगस्त 1992 को चेन्नई, तमिलनाडु में उनका जन्म हुआ. उनकी एजुकेशन की बात करें तो, कॉमर्स में ग्रेजुएशन किया है. काव्या के पिता कलानिधि मारन सन ग्रुप के चेयरमैन और फाउंडर. सन ग्रुप भारत के सबसे बड़े मीडिया ग्रुप्स में से एक है, जिसमें सन टीवी नेटवर्क शामिल है. उनके पिता भारत के सबसे अमीर लोगों में गिने जाते हैं. 2018 में काव्या को सनराइजर्स हैदराबाद की सीईओ बनाया गया था. वे टीम के साथ को-ओनर भी हैं और सन टीवी नेटवर्क लिमिटेड की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भी हैं. सन ग्रुप की अन्य क्रिकेट फ्रेंचाइजीज में भी उनकी भूमिका है, जैसे: सनराइजर्स ईस्टर्न केप (SA20 लीग, दक्षिण अफ्रीका). सनराइजर्स लीड्स (The Hundred लीग, इंग्लैंड). वे टीम की प्लेयर ऑक्शन, मैनेजमेंट और स्ट्रैटेजी में एक्टिव रहती हैं.

कौन हैं पाकिस्तानी प्लेयर अबरार अहमद?

अबरार अहमद पाकिस्तान के एक युवा और टैलेंटेड लेग स्पिनर हैं, जिन्हें उनकी अनोखी गेंदबाजी और हैरी पॉटर जैसी दिखने की वजह से 'Harry Potter' का टैग भी मिला है. वे पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए टेस्ट मैचों में मुख्य स्पिनर के रूप में खेलते हैं. 27 साल के अबरार ने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ मल्टान में टेस्ट डेब्यू किया था, जहां उन्होंने डेब्यू पर ही 7 विकेट लिए. मैच में कुल 11 विकेट लेकर उन्होंने कमाल कर दिया. उन्होंने न्यूजीलैंड, श्रीलंका जैसे टीमों के खिलाफ भी अच्छा प्रदर्शन किया, खासकर स्पिन-फ्रेंडली पिचों पर. वे पाकिस्तान के स्पिन डिपार्टमेंट में अब पहली पसंद बन चुके हैं, क्योंकि पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान को अच्छे स्पिनर की कमी थी.

स्‍पोर्ट्स न्‍यूजपाकिस्तान
अगला लेख