LPG किल्लत से अफरातफरी! सिलेंडर की लाइन में खड़े शख्स की मौत- देखिए बवाल के पांच वीडियो- कहां क्या हो रहा?
LPG किल्लत से देशभर में हाहाकार. पंजाब में सिलेंडर की लाइन में लगे बुजुर्ग की मौत, गैस की कालाबाजारी, होटल-रेस्टोरेंट बंद होने की नौबत और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मचा बवाल.
देश में इन दिनों LPG गैस को लेकर हाहाकार मचा हुआ है. United States–Israel और Iran के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत तक दिखाई देने लगा है. कई राज्यों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी की शिकायतें भी तेजी से सामने आ रही हैं.
कई जगहों पर जहां कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत करीब 2 हजार रुपये होती है, वहीं उसे 4 हजार रुपये तक में बेचे जाने की खबरें सामने आई हैं. हालात ऐसे हैं कि कहीं लोग सिलेंडर के लिए भागते नजर आ रहे हैं तो कहीं होटल-रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं.
गैस के लिए मची भगदड़, कई जगह सुबह 5 बजे से लाइन
देश के कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर सुबह 5 बजे से ही लंबी कतारें लग रही हैं. लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा. कई जगहों पर स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि सिलेंडर न मिलने पर लोगों की पुलिस से झड़प तक हो गई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में गैस एजेंसियों के बाहर अफरातफरी और धक्का-मुक्की के दृश्य भी देखे जा सकते हैं.
पंजाब के भूषण कुमार मित्तल की मौत की वजह क्या?
इस संकट के बीच पंजाब के बरनाला जिले से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है. बरनाला के गांव शहणा के रहने वाले 66 वर्षीय भूषण कुमार मित्तल तड़के करीब 5 बजे अपने बेटे के साथ स्थानीय गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेने पहुंचे थे. कतार में उनका करीब 25वां नंबर बताया जा रहा था. काफी देर तक लाइन में खड़े रहने के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन दिल का दौरा पड़ने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ भारी गुस्सा भी देखने को मिल रहा है.
होटल-रेस्टोरेंट पर संकट, कई जगह ताले
गैस की कमी का असर सिर्फ घरों तक सीमित नहीं है. Kerala में रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 40% रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं. वहीं कई शहरों में होटल, ढाबों और हॉस्टल मेस में गैस खत्म होने के कारण लकड़ी, कोयले और इलेक्ट्रिक चूल्हों पर खाना बनाना पड़ रहा है. कुछ जगहों पर तो कारोबार पूरी तरह ठप होने लगा है.
कांग्रेस का प्रदर्शन, सिलेंडर की निकाली शवयात्रा
गैस संकट को लेकर दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता मिट्टी के चूल्हे लेकर पहुंचे और LPG सप्लाई व्यवस्था पर सवाल उठाए. वहीं जयपुर में विरोध जताने के लिए गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक शवयात्रा भी निकाली गई.
अधिकारी बोले-गैस की कोई कमी नहीं
इस मामले में Indian Oil Corporation के तहत आने वाले इंडेन गैस के बठिंडा क्षेत्र के सेल्स मैनेजर संचित शर्मा ने कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है और बुकिंग के अगले दिन सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. उन्होंने बुजुर्ग की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि एजेंसी मालिक से बात कर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी.
घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर जबरदस्त बहस छिड़ गई है. विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि LPG की किल्लत अब लोगों की जान लेने लगी है. लोगों का कहना है कि जब हालात इतने खराब हैं तो प्रशासन के “सब ठीक है” वाले दावे जमीन पर क्यों नहीं दिखाई दे रहे. फिलहाल गैस की कमी, कालाबाजारी और वितरण व्यवस्था को लेकर पूरे देश में चिंता और गुस्सा बढ़ता जा रहा है.
LPG किल्लत पर क्या बोले यूजर्स?
यह मामला सामने आते सोशल मीडिया पर बवाल मच चुका है जिसके बाद कांग्रेस ट्वीट कर लिखा कि, मोदी सरकार में LPG की किल्लत जानलेवा हो चुकी है. पंजाब में एक बुजुर्ग कई घंटों से LPG की लाइन में लगे थे, जहां अपनी बारी का इंतजार करते-करते उन्होंने दम तोड़ दिया. लोग बेहाल हैं, भूखे-प्यासे LPG की लाइनों में लगे हैं, लेकिन उन्हें मिल रही है तो सिर्फ- नाउम्मीदी, निराशा और मौत. @ranvijaylive नाम के यूजर ने लिखा कि, गैस सिलेंडर की लाइन में लगे भूषण कुमार की मौत हो गई. वो सुबह 5 बजे से लाइन में लगे थे. भूषण कुमार का अंतिम संस्कार किया गया. देश भर में गैस एजेंसी के बाहर भयंकर भीड़ और लंबी-लंबी लाइन लग रही है.
वहीं LPG संकट के बीच उत्तर प्रदेश के हापुड़ सपा नेता अब्दुल रेहान के घर से 55 भरे हुए गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं, खुली जमाखोरी और कालाबाजारी की परतें. अधिकारियों ने सभी सिलेंडरों को किया जब्त कर जांच शुरू कर दी है. वहीं उत्तर प्रदेश के नोएडा का एक वीडियो में सुबह से लोग गैस के लिए लाइन में लगे हैं. एक वीडियो एक शख्स कहता है कि मेरी उम्र 70 साल से ज्यादा है और मैं 45 मिनट से सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़ा हूं.




