Vaibhav Suryavanshi को लेकर ऐसा क्या बोल गईं ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर, सोशल मीडिया पर मच गया बवाल- देखें VIDEO
ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर से वैभव को लेकर सवाल पूछा गया, जिससे सोशल मीडिया पर बवाल मचता हुआ दिखाई दे रहा है.
Vaibhav suryavanshi
आईपीएल 2026 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से धमाल मचा रहे हैं. हर कोई आज वैभव के बारे में बात कर रहा है. वहीं अब ओलंपिक मेडलिस्ट मनु भाकर से वैभव को लेकर सवाल पूछा गया, जिससे सोशल मीडिया पर बवाल मचता हुआ दिखाई दे रहा है. दरअसल दिल्ली में आयोजित नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के 75वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान एक साधारण सा सवाल बड़े विवाद का कारण बन गया.
ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर से जब युवा क्रिकेट प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी के बारे में राय मांगी गई, तो इस बातचीत ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस को जन्म दे दिया. कई लोगों ने महसूस किया कि इस तरह के सवाल से भाकर की अपनी ऐतिहासिक उपलब्धियों का महत्व कम आंका गया.
क्या बोलीं मनु भाकर?
कार्यक्रम के दौरान जब 15 वर्षीय क्रिकेट वैभव सूर्यवंशी के बारे में मनु भाकर से पूछा गया तो उन्होंने कहा "मैं कहूंगी कि अगर मार्गदर्शन अच्छा हो, आसपास का माहौल अच्छा हो और आसपास के लोग अच्छे हों, तो उम्र सिर्फ एक संख्या है. प्रतिभा की कोई उम्र नहीं होती. बड़ी उपलब्धियां 60 की उम्र में भी होती हैं, छह साल की उम्र में भी. इसलिए अगर उसके आसपास के लोग उसे अच्छी तरह से सलाह दें और सही मार्गदर्शन करें, तो मुझे यकीन है कि वह अगला बड़ा सितारा बनेगा."
हालांकि, सवाल पूछने के तरीके ने सोशल मीडिया पर लोगों को नाराज कर दिया. कई यूजर्स का मानना था कि एक ओलंपिक पदक विजेता से किसी अन्य खेल के उभरते खिलाड़ी पर टिप्पणी मांगना उनके कद के अनुरूप नहीं था.
भड़के KKR के पूर्व टीम निदेशक?
इस पूरे घटनाक्रम पर भड़कते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के पूर्व टीम निदेशक ने कहा कि "दोस्तों, वह ओलंपिक पदक विजेता हैं. उनसे वैभव सूर्यवंशी के बारे में उनकी राय पूछना उनकी उपलब्धियों और उनके खेल के साथ अन्याय है. वैसे भी क्रिकेट देश का सबसे बड़ा जुनून है आपके खेल संपादकों को सूर्यवंशी पर सुर्खियां बटोरने के लिए किसी और सेलिब्रिटी के बयान की जरूरत नहीं है. आप चाहें तो अगली बार वैभव सूर्यवंशी से मनु भाकर के बारे में पूछकर देखिए और देखिए आपको कैसी प्रतिक्रिया मिलती है."
वहीं @TheKhelIndia के एक्स हैंडल से लिखा गया कि "अरे, ये क्या! ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर से क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के बारे में पूछा गया. ये कैसी पत्रकारिता है? क्या कभी किसी क्रिकेटर से उभरते निशानेबाजों के बारे में पूछा गया है?"




