IPL 2026: KKR का 25 करोड़ी प्लेयर ये कैसे रन आउट हो गया? क्रिकेट का ये नियम बना वजह
केकेआर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए मुकाबले में कैमरू ग्रीन को अजीबोगरीब तरीके से रन आउट होते हुए देखा गया, हालांकि क्रिकेट नियम के हिसाब से ये सही फैसला था.
रन आउट होकर जाते ग्रीन
IPL 2026, KKR vs SRH: आईपीएल 2026 में बीते दिन कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में केकेआर और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला गया. इस मैच में अजिंक्य रहाणे की केकेआर को 65 रनों से हार का सामना करना पड़ा. केकेआर की ये इस सीजन की लगातार दूसरी हार है.
हालांकि इस मैच का सबसे चर्चित पल एक अजीबोगरीब रन आउट रहा, जिसने फैंस और खिलाड़ियों दोनों को हैरान कर दिया. यह रन आउट बल्लेबाजों के बीच गलतफहमी का नतीजा था, जिसने मैच के दौरान एक नाटकीय मोड़ ला दिया. जिसके चलते एक बार फिर से केकेआर का 25 करोड़ी प्लेयर जल्दी आउट हुआ.
हैरान करने वाला रन आउट
कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी के छठे ओवर में यह अजीब घटना देखने को मिली. गेंदबाजी कर रहे ईशान मलिंगा की आखिरी गेंद पर अंगकृष रघुवंशी ने सीधा शॉट खेला. गेंद गेंदबाज के पैर से टकराकर पास ही गिर गई, जिसके बाद दोनों बल्लेबाजों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई. कैमरून ग्रीन ने रन लेने के लिए दौड़ लगा दी, जबकि रघुवंशी गेंद को सही से देख नहीं पाए और कुछ पल के लिए रुक गए.
जब तक दोनों बल्लेबाज स्थिति को समझ पाते, तब तक काफी देर हो चुकी थी. ग्रीन आधी पिच पार कर चुके थे और अब दोनों के पास रन लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा था. इसी बीच, ईशान मलिंगा ने फुर्ती दिखाते हुए गेंद उठाई और तेजी से बॉलर एंड पर स्टंप्स उखाड़ दिए, जिससे रन आउट की स्थिति बन गई.
कैसे थर्ड अंपायर के फैसले ने पलटा मामला?
शुरुआत में ऐसा लगा कि रघुवंशी आउट हो गए हैं और वे पवेलियन की ओर लौटने लगे. लेकिन चौथे अंपायर ने उन्हें बाउंड्री के पास रोक लिया. मामला थर्ड अंपायर के पास पहुंचा, जहां रिप्ले में साफ हुआ कि दोनों बल्लेबाज एक ही लाइन में थे और कैमरुन ग्रीन ने रघुवंशी को क्रॉस नहीं किया था. यानी ग्रीन बॉलर एंड के ज्यादा करीब थे.
क्या कहता है नियम?
क्रिकेट के नियमों के मुताबिक, ऐसी स्थिति में जो बल्लेबाज विकेट के सबसे करीब होता है, उसे रन आउट करार दिया जाता है. इसी आधार पर कैमरन ग्रीन को आउट दिया गया, जबकि रघुवंशी को नॉट आउट करार देते हुए वापस बुला लिया गया. ग्रीन इस मुकाबले में केवल 2 रन ही बना सके और बल्ले से कोई खास योगदान नहीं दे पाए.




