Begin typing your search...

रोहित शर्मा ने 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में किसका हुआ डेब्यू और कैसी है भारत की प्लेइंग 11?

रोहित शर्मा ने अफगानिस्तान के खिलाफ धर्मशाला में पहले वनडे मैच में बड़ी उपलब्धि दर्ज की. उन्होंने मोहिंदर अमरनाथ का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया.

Rohit Sharma
X

रोहित शर्मा

( Image Source:  BCCI )

Rohit Sharma: भारत और अफगानिस्तान के बीच आज पहला वनडे मैच धर्मशाला में खेला जाना है. इस मैच में मैदान पर उतरते ही पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. हालांकि, पहले यह बारिश की वजह से मुश्किल लग रहा था. अगर शाम 6:32 बजे तक मैच शुरू नहीं होता तो इसे रद्द किया जा सकता था.

दरअसल, धर्मशाला में बारिश होने की वजह से कई घंटों तक टॉस नहीं हो पाया. हालांकि, बाद में बारिश रुकने की वजह से 25-25 ओवर का खेल होना निर्धारित किया गया. मैच में 5 गेंदबाज 5-5 ओवर डाल सकते हैं. वहीं, बैटिंग पावरप्ले 5 ओवर का होगा. टॉस शाम 5:15 बजे हुआ. उससे पहले, बारिश की वजह से रोहित का रिकॉर्ड तोड़ना मुश्किल लग रहा था.

रोहित शर्मा ने कौन-सा रिकॉर्ड तोड़ा?

बारिश से प्रभावित इस मैच में रोहित शर्मा ने इतिहास रच दिया. वे वनडे खेलने वाले दुनिया के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए. उन्होंने इस मामले में मोहिंदर अमरनाथ का रिकॉर्ड तोड़ा. अमरनाथ ने 1989 में 39 साल और 36 दिन की उम्र में अपना आखिरी वनडे मैच खेला था, जबकि रोहित की उम्र अभी 39 साल 44 दिन है.

भारत और अफगानिस्तान में से किसका पलड़ा भारी?

भारत और अफगानिस्तान के बीच अब तक 4 मुकाबले हुए हैं, जिसमें से भारत ने 3 मैच जीते हैं. वहीं, एक मुकाबला बारिश की वजह से टाई हो गया. आखिरी बार दोनों टीमें 2023 वनडे वर्ल्ड कप में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 11 अक्टूबर को आमने-सामने हुई थीं, जिसमें भारत ने 8 विकेट से जीत हासिल की थी.

टॉस किसने जीता?

टॉस भारत ने जीता. कप्तान शुभमन गिल ने पहले बॉलिंग करने का फैसला किया. यशस्वी जायसवाल, कुलदीप यादव और प्रिंस यादव को मौका नहीं मिला.

हर्ष दुबे और गुरनूर बराड़ का डेब्यू

भारत की ओर से आज हर्ष दुबे और गुरनूर बराड़ ने अपना डेब्यू किया. दुबे को केएल राहुल ने, जबकि बराड़ को शुभमन गिल ने कैप सौंपी.

भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ दर्ज की ऐतिहासिक टेस्ट जीत

तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले, भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में पारी और 300 रन से करारी शिकस्त दी थी. यह भारत की टेस्ट में सबसे बड़ी जीत थी. कप्तान शुभमन गिल और केएल राहुल ने शानदार शतक जड़ा, जबकि ऋषभ पंत, साई सुदर्शन और वाशिंगटन सुंदर ने फिफ्टी जड़ी.

गेंदबाजी में अपना डेब्यू कर रहे मानव सुथार ने पहली पारी में 6, जबकि दूसरी पारी में 1 विकेट चटकाए. दूसरी पारी में कुलदीप यादव ने 3, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 4 विकेट चटकाए. मानव सुथार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

भारत की प्लेइंग 11

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, नीतीश रेड्डी. वाशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़.

क्रिकेट न्‍यूजरोहित शर्मा
अगला लेख