साल 2016 से चला सिलसिला, हार्दिक पांड्या ICC इवेंट में ऐसे बने पाकिस्तानी बल्लेबाजों के लिए काल! पढ़ें पूरी कहानी
जब-जब ICC इवेंट में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हुई है तब-तब हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान टीम की नाक में दम करके दिखाया है. अपनी गेंदबाजी से लेकर बल्लेबाजी तक के दम पर हार्दिक पांड्या ने हर बार पाकिस्तान को धोया है.
Hardik Pandya
Hardik Pandya vs Pakistan: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों ने अपनी-अपनी जगह बना ली है. 15 फरवरी को दोनों टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मुकाबला खेला गया था. जिसमें भारतीय टीम ने एकबार फिर से पाकिस्तान को धूल चटाई है. टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारतीय टीम 8 बार पाकिस्तान को हरा चुकी है. जबकि पाकिस्तान से टीम इंडिया महज एक बार हारी है.
जब-जब आईसीसी इवेंट में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हुई है तब-तब हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान टीम की नाक में दम करके दिखाया है. अपनी गेंदबाजी से लेकर बल्लेबाजी तक के दम पर हार्दिक पांड्या ने हर बार पाकिस्तान को धोया है. पाकिस्तान के खिलाफ हार्दिक पांड्या का सिलसिला साल 2016 से चलता आ रहा है. जब टीम को विकेट की जरूरत हुई तब हार्दिक ने विकेट दिलाई, जब टीम को मुश्किल समय में रनों की जरूरत हुई तब उन्होंने बल्ले से पाकिस्तानी गेंदबाजों को धोया.
T20 WC 2016 में PAK के खिलाफ कितने विकेट?
टी20 वर्ल्ड कप 2016 में भारत और पाकिस्तान के बीच 19वां मुकाबला खेला गया था. इस मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी थी. मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम 118 रन बना पाई थी. जिसको टीम इंडिया ने 15.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था.
टीम इंडिया की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए विराट कोहली ने इस मैच में सबसे ज्यादा 55 रनों की पारी खेली थी. वहीं बात अगर हार्दिक पांड्या की करें तो उन्होंने गेंदबाजी करते हुए 1 विकेट हासिल किया था. हार्दिक ने शाहिद अफरीदी को आउट किया था.
CT 2017 में कितने विकेट?
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2017 में भारत और पाकिस्तान के बीच 2 मैच खेले गए थे, जिसमें से दोनों ने 1-1 मैच जीता था. टीम इंडिया को फाइनल में पाकिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. इन 2 मैचों में गेंदबाजी करते हुए हार्दिक पांड्या ने 2 विकेट चटकाए थे.
@CricCrazyJohns
WC 2019 में कितने विकेट?
वनडे वर्ल्ड कप 2019 में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को डीएलएस मेथड के तहत 89 रनों से हराया था. इस मैच में हार्दिक पांड्या ने 8 ओवर में 44 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे.
T20 WC 2022 में कितने विकेट?
ऑस्ट्रेलिया की धरती पर खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2022 में टीम इंडिया ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 4 विकेट से करारी शिकस्त दी थी. इस मैच में हार्दिक पांड्या ने बल्ले और गेंद दोनों से कमाल का प्रदर्शन किया था. बल्लेबाजी करते हुए हार्दिक ने 40 रन बनाए थे तो वहीं गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे.
WC 2023 में कितने विकेट?
वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भी पाकिस्तान को टीम इंडिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था. इस मैच में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 42.5 ओवर में 191 रनों पर ऑलआउट कर दिया था. इसके बाद टीम इंडिया ने मैच को 7 विकेट से जीत लिया था. इस मैच में टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी करते हुए हार्दिक पांड्या ने 6 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे.
T20 WC 2024 में कितने विकेट?
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 6 रनों से हराया था. इस मैच में हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे.
CT 2025 में कितने विकेट?
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी थी. इस मैच में विराट कोहली ने शानदार शतक लगाया था. वहीं गेंदबाजी करते हुए हार्दिक पांड्या ने 8 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे.
T20 WC 2026 में कितने विकेट?
वहीं अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 61 रनों से हराया था. इस मैच में हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में महज 16 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे. वहीं बल्लेबाजी में ईशान किशन ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई थी. ईशान ने इस मैच में 40 गेंदों पर 77 रनों की पारी खेली थी.




