Begin typing your search...

Argentina vs Spain Final: 10 साल पहले ही धोनी ने कर दी थी फीफा फाइनल की भविष्यवाणी? जानें पुरानी पोस्ट में ऐसा क्या जो गई वायरल

र्जेंटीना और स्पेन के बीच होने वाले फीफा वर्ल्ड कप 2026 फाइनल मैच से पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी की पुरानी इंस्टाग्राम पोस्ट सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी है. धोनी की ये करीब 10 साल पुरानी इंस्टाग्राम पोस्ट है.

Argentina vs Spain final MS Dhoni
X

Argentina vs Spain final MS Dhoni

( Image Source:  X/ @433, @MSDianAbhiii )
विशाल पुंडीर
Edited By:विशाल पुंडीर4 Mins Read

Updated on: 17 July 2026 8:07 AM IST

FIFA WC 2026 Argentina vs Spain Final: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है. फाइनल में इस बार अर्जेंटीना और स्पेन का मुकाबला होने वाला है. 20 जुलाई को ये फाइनल मुकाबला न्यू जर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेला जाएगा. जिसको जीतकर लियोनल मेसी की अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार खिताब पर कब्जा करना चाहेगी,

वहीं इस मैच से पहले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान एमएस धोनी की पुरानी इंस्टाग्राम पोस्ट सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगी है. धोनी की ये करीब 10 साल पुरानी इंस्टाग्राम पोस्ट है. आखिर क्यों हो रही है धोनी की ये पोस्ट इतनी वायरल. चलिए हम आपको बताते हैं.

फाइनल से पहले क्यों चर्चा में आए धोनी?

फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई. इसके बाद सोशल मीडिया पर महेंद्र सिंह धोनी की 2016 की एक इंस्टाग्राम पोस्ट वायरल होने लगी, जिसमें उन्होंने स्पेन बनाम अर्जेंटीना का जिक्र किया था. यही वजह है कि फुटबॉल और क्रिकेट दोनों के फैंस इस पोस्ट को लेकर चर्चा कर रहे हैं.

क्या था धोनी की वायरल पोस्ट में?

यह पोस्ट जून 2016 की है, जब भारतीय क्रिकेट टीम जिम्बाब्वे दौरे पर थी और महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे थे. पोस्ट में धोनी अपने साथी खिलाड़ियों मनदीप सिंह, जयदेव उनादकट, अक्षर पटेल और करुण नायर के साथ नजर आ रहे हैं. तस्वीर में सभी प्लेस्टेशन पर फीफा वीडियो गेम खेलते दिखाई देते हैं. पोस्ट के कैप्शन में "Spain vs Argentina" लिखा गया था, जो अब 10 साल बाद वास्तविक फीफा विश्व कप फाइनल का मुकाबला बन गया है.

सोशल मीडिया पर क्यों वायरल हो रही है यह तस्वीर?

अर्जेंटीना के फाइनल में पहुंचने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने धोनी की पुरानी पोस्ट को फिर से शेयर करना शुरू कर दिया. कई यूजर्स मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि धोनी को 10 साल पहले ही अंदाजा हो गया था कि भविष्य में फीफा विश्व कप का फाइनल अर्जेंटीना और स्पेन के बीच खेला जाएगा.

कौन बनेगा इस बार चैंपियन?

अर्जेंटीना फीफा विश्व कप 2026 में डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरी है. पिछली बार टीम ने रोमांचक फाइनल में फ्रांस को हराकर विश्व कप अपने नाम किया था. अब टीम लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने से सिर्फ एक जीत दूर है. स्पेन ने अपना पहला और अब तक का एकमात्र फीफा विश्व कप खिताब साल 2010 में जीता था. इसके बाद टीम दोबारा विश्व चैंपियन नहीं बन सकी. अब 16 साल बाद स्पेन के पास एक बार फिर विश्व फुटबॉल का ताज अपने नाम करने का सुनहरा अवसर है.

फीफा वर्ल्ड कप 2026
अगला लेख