18 साल, 5 ट्रॉफी और 5439 रन... MS Dhoni के शानदार करियर का हुआ अंत; जानें आखिरी बार कब मैदान पर उतरे थे Thala
महेंद्र सिंह धोनी ने 17 नवंबर 2026 को 18 साल के आईपीएल करियर के बाद खिलाड़ी के तौर पर संन्यास ले लिया है. धोनी ने 278 मैचों में 5,439 रन बनाए और अपनी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया. IPL 2027 में धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे. आइए जानते हैं कि उनका आखिरी मुकाबला कैसा रहा था...
महेंद्र सिंह धोनी... क्रिकेट की दुनिया का एक ऐसा नाम, जिसने सिर्फ मैच नहीं जीते, बल्कि करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में अपनी जगह बनाई. कभी आखिरी ओवर में छक्का लगाकर चेन्नई को जीत दिलाई, तो कभी विकेट के पीछे अपनी चपलता से बल्लेबाजों को चौंकाया. मैदान पर उनका शांत अंदाज, मुश्किल परिस्थितियों में फैसले लेने की क्षमता और जीत के लिए आखिरी गेंद तक लड़ने का जज्बा उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता रहा... लेकिन अब आईपीएल में धोनी के उस सफर पर विराम लग गया है, जिसे फैंस पिछले 18 साल से देखते आ रहे थे.
17 नवंबर 2026 को धोनी ने खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया. हालांकि, क्रिकेट के मैदान से उनका रिश्ता अभी खत्म नहीं हुआ है. IPL 2027 में वह चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें :278 मैच, 5,439 रन और CSK को 5 बार बनाया चैंपियन- आंकड़ों में देखिए MS धोनी का IPL करियर
2008 में शुरू हुआ सफर, चेन्नई बनी दूसरी पहचान
आईपीएल का पहला सीजन 2008 में खेला गया था. इसी सीजन के साथ महेंद्र सिंह धोनी ने भी इस टूर्नामेंट में अपने सफर की शुरुआत की. उस समय वह भारतीय क्रिकेट के बड़े सितारे बन चुके थे. उनकी कप्तानी में भारत 2007 का टी20 वर्ल्ड कप जीत चुका था. ऐसे में आईपीएल की नीलामी में भी धोनी सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल रहे. चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें अपनी टीम का हिस्सा बनाया और यहीं से धोनी और चेन्नई के बीच एक ऐसा रिश्ता बना, जो भारतीय क्रिकेट की सबसे बड़ी कहानियों में शामिल हो गया.
धोनी ने 2008 से 2015 तक चेन्नई के लिए खेला. इसके बाद स्पॉट फिक्सिंग मामले में चेन्नई सुपर किंग्स पर दो साल का प्रतिबंध लगा, जिसके कारण उन्हें 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट की तरफ से खेलना पड़ा. 2018 में चेन्नई की आईपीएल में वापसी हुई और धोनी एक बार फिर पीली जर्सी में नजर आए. इसके बाद उन्होंने 2025 तक चेन्नई के लिए खेलना जारी रखा. इस तरह उनके आईपीएल करियर में चेन्नई सुपर किंग्स सिर्फ एक टीम नहीं, बल्कि उनकी पहचान बन गई.
पांच बार चैंपियन बनाया, मुश्किल वक्त में भी नहीं छोड़ा साथ
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि वह दबाव में भी शांत रहते थे. मैच चाहे कितना भी मुश्किल क्यों न हो, उनके चेहरे पर घबराहट दिखाई देना मुश्किल था. यही वजह रही कि चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शामिल करने में उनका बड़ा योगदान रहा.
धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने 2010 में पहली बार आईपीएल का खिताब जीता. इसके बाद 2011 में टीम लगातार दूसरी बार चैंपियन बनी. 2018 में दो साल के प्रतिबंध के बाद वापसी करते हुए चेन्नई ने फिर खिताब अपने नाम किया. इसके बाद 2021 और 2023 में भी टीम चैंपियन बनी. इस तरह धोनी की अगुवाई में चेन्नई ने पांच आईपीएल ट्रॉफी जीतीं.
इतना ही नहीं, उनकी कप्तानी में चेन्नई ने 2010 और 2014 में चैंपियंस लीग टी20 का खिताब भी जीता. चेन्नई के लिए धोनी की अहमियत सिर्फ ट्रॉफियों तक सीमित नहीं रही. उन्होंने टीम में ऐसा माहौल तैयार किया, जहां अनुभवी और युवा खिलाड़ी एक साथ बेहतर प्रदर्शन कर सकें. यही कारण है कि चेन्नई के फैंस उन्हें सिर्फ कप्तान नहीं, बल्कि 'थाला' यानी अपना लीडर मानते हैं.
धोनी ने आखिरी आईपीएल मैच कब खेला था?
धोनी के आईपीएल करियर का आखिरी मुकाबला 25 मई 2025 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था. यह मैच उनके करियर का यादगार पड़ाव बन गया. चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 230 रन बनाए. जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम 147 रन पर सिमट गई. चेन्नई ने यह मुकाबला 83 रनों से जीत लिया.
इस मैच में धोनी को बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला. हालांकि, विकेटकीपर के तौर पर उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई और साई किशोर का कैच पकड़ा. उस वक्त शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह मुकाबला आईपीएल में धोनी का आखिरी मैच साबित होगा. इसके बाद चोट की वजह से वह IPL 2026 में एक भी मुकाबला नहीं खेल सके.
कैसा रहा धोनी का आईपीएल करियर?
धोनी की पहचान भले ही एक बेहतरीन कप्तान और फिनिशर के रूप में रही हो, लेकिन उनके बल्लेबाजी रिकॉर्ड भी उनकी काबिलियत की कहानी कहते हैं. उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 278 मुकाबले खेले और 5,439 रन बनाए. उनका सर्वोच्च स्कोर 84 नाबाद रहा. इस दौरान उनका औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 रहा.
धोनी ने अपनी बल्लेबाजी से कई बार चेन्नई को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला. खासकर आखिरी ओवरों में उनका क्रीज पर मौजूद होना विपक्षी टीमों के लिए चिंता का विषय रहता था. लंबे छक्के लगाने की क्षमता और मैच को आखिरी तक ले जाने की कला ने उन्हें आईपीएल के सबसे लोकप्रिय फिनिशरों में शामिल किया.
आईपीएल में कैसी रही धोनी की कप्तानी?
धोनी की कप्तानी का रिकॉर्ड भी उनके शानदार करियर का अहम हिस्सा है. उन्होंने आईपीएल में कुल 235 मुकाबलों में कप्तानी की और इनमें से 136 मैचों में जीत हासिल की. उनकी कप्तानी में चेन्नई ने कई बार मुश्किल परिस्थितियों से वापसी की और लगातार खुद को खिताब का दावेदार बनाए रखा.
धोनी की कप्तानी की एक खास बात यह रही कि वह खिलाड़ियों पर भरोसा करते थे. युवा खिलाड़ियों को मौका देना हो या अनुभवी खिलाड़ियों से मुश्किल समय में प्रदर्शन करवाना, धोनी ने कई बार अपनी रणनीति से मैच का रुख बदल दिया. यही वजह है कि उनके नेतृत्व में खेलने वाले कई खिलाड़ी आगे चलकर भारतीय टीम तक पहुंचे.
अब मैदान पर नहीं, ड्रेसिंग रूम में दिखेगा धोनी का अनुभव
धोनी के संन्यास के साथ उनके फैंस के लिए एक युग जरूर खत्म हो गया है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनकी कहानी अभी बाकी है. IPL 2027 से मेंटर की भूमिका में वह टीम के साथ जुड़ेंगे. इस नई जिम्मेदारी में उनका अनुभव युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो सकता है.
धोनी ने अपने करियर में जिस तरह दबाव को संभालना, मैच की परिस्थितियों को पढ़ना और खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाना सीखा है, वह अनुभव अब टीम के काम आएगा. चेन्नई के लिए यह बदलाव सिर्फ एक खिलाड़ी की भूमिका बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि उस नेतृत्व को आगे बढ़ाने की कोशिश है, जिसने टीम को पांच बार चैंपियन बनाया.
आने वाले सीजन में शायद धोनी विकेट के पीछे दस्ताने पहने नजर नहीं आएंगे. न ही उनके बल्ले से आखिरी ओवरों में लंबे छक्के देखने को मिलेंगे... लेकिन ड्रेसिंग रूम में उनकी मौजूदगी, रणनीतिक सलाह और खिलाड़ियों के साथ उनका संवाद चेन्नई के लिए उतना ही महत्वपूर्ण हो सकता है.
18 साल, 5 आईपीएल ट्रॉफी, 5,439 रन और अनगिनत यादें... महेंद्र सिंह धोनी का खिलाड़ी के तौर पर सफर भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन 'थाला' की कहानी चेन्नई सुपर किंग्स के साथ अभी जारी रहेगी.




