जब 15 अगस्त को टूटा था करोड़ों फैन्स का दिल! शाम 19: 29 बजे धोनी ने लिया संन्यास, 30 मिनट बाद जिगरी यार ने कहा- मैं भी साथ हूं
15 अगस्त 2020 की शाम भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद भावुक थी. महेंद्र सिंह धोनी ने 19:29 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया और महज करीब 30 मिनट बाद उनके बेहद करीबी दोस्त सुरेश रैना ने भी क्रिकेट को अलविदा कह दिया.
ICC 2019 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आउट होने के बाद पवेलियन लौटते धोनी (फाइल फोटो)
15 अगस्त का दिन भारतीय क्रिकेट के इतिहास में हमेशा याद किया जाएगा. साल 2020 में स्वतंत्रता दिवस की शाम अचानक महेंद्र सिंह धोनी ने ऐसा फैसला सुनाया, जिसकी लंबे समय से चर्चा तो हो रही थी, लेकिन जिस अंदाज में उन्होंने इसे बताया, उसने हर क्रिकेट फैन को भावुक कर दिया. धोनी ने किसी प्रेस कॉन्फ्रेंस या लंबे बयान के बजाय इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया. वीडियो में उनके इंटरनेशनल करियर की यादगार तस्वीरें और वीडियो क्लिप थीं.
धोनी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा था, “Thanks a lot for ur love and support throughout. from 1929 hrs consider me as Retired.” यानी 15 अगस्त की शाम 7:29 बजे से उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर्ड माना जाए. उनके इस एक पोस्ट के साथ करीब 16 साल लंबे उनके इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का आधिकारिक तौर पर अंत हो गया.
बैकग्राउंड में बज रहा था एक भावुक गाना
धोनी ने अपने संन्यास के ऐलान को भी अपने ही अंदाज में बेहद शांत रखा. वीडियो में उनके करियर की तस्वीरों और यादों के साथ मुकेश का मशहूर गाना ‘मैं पल दो पल का शायर हूं’ बज रहा था. न कोई लंबा भाषण, न कोई बड़ी घोषणा- सिर्फ तस्वीरें, संगीत और कुछ शब्द.. लेकिन इन चंद शब्दों ने करोड़ों क्रिकेट फैंस को भावुक कर दिया.
30 मिनट बाद रैना ने भी कह दिया- ‘मैं भी साथ हूं’
धोनी के संन्यास की खबर के बाद भारतीय क्रिकेट फैंस इस बड़े फैसले को समझ ही रहे थे कि करीब 30 मिनट बाद सुरेश रैना ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया. रैना ने धोनी के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें संबोधित किया और लिखा कि उनके साथ खेलना बेहद खूबसूरत सफर रहा.
यह महज संयोग नहीं लगा, क्योंकि धोनी और रैना की दोस्ती क्रिकेट के मैदान से बाहर भी बेहद खास मानी जाती थी. दोनों ने भारतीय टीम के साथ-साथ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए भी लंबे समय तक साथ खेला.
चेन्नई कैंप में रो पड़े थे धोनी और रैना
धोनी और रैना का संन्यास सोशल मीडिया पर कुछ मिनटों के अंतराल में हुआ, लेकिन इस फैसले के पीछे भावनाओं का एक ऐसा पल भी था, जिसे बाद में रैना ने खुद याद किया था. रैना के मुताबिक, दोनों पहले ही अपने संन्यास को लेकर मन बना चुके थे. उस समय दोनों IPL 2020 की तैयारियों के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के ट्रेनिंग कैंप में मौजूद थे. संन्यास की घोषणा के बाद धोनी, रैना और पीयूष चावला एक साथ बैठे. यहीं वह पल आया जब दोनों दोस्त भावुक हो गए.
रैना के मुताबिक, धोनी और वह एक-दूसरे के गले लगकर रो पड़े. क्रिकेट के मैदान पर हमेशा मजबूत नजर आने वाले इन खिलाड़ियों के लिए यह उनके इंटरनेशनल सफर के अंत का बेहद भावुक क्षण था. इसके बाद चेन्नई कैंप में खिलाड़ियों ने मिलकर उनके लिए फेयरवेल पार्टी भी की.
धोनी ने रिटायरमेंट के लिए 15 अगस्त ही क्यों चुना?
धोनी के संन्यास के लिए 15 अगस्त का दिन चुनना भी फैंस के बीच चर्चा का विषय रहा. धोनी भारतीय प्रादेशिक सेना में मानद लेफ्टिनेंट कर्नल हैं और देश के प्रति उनका जुड़ाव किसी से छिपा नहीं है. इसलिए कई लोगों ने माना कि स्वतंत्रता दिवस पर इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहना उनके लिए भावनात्मक और प्रतीकात्मक फैसला हो सकता था. हालांकि, धोनी ने खुद सार्वजनिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं किया कि उन्होंने 15 अगस्त ही क्यों चुना.
19:29 का क्या था राज?
धोनी के पोस्ट में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली चीज थी 19:29 यानी शाम 7:29 बजे. धोनी ने लिखा था कि “from 1929 hrs consider me as Retired”. इसके बाद फैंस ने 19:29 को 2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल से जोड़ना शुरू किया. कई फैंस का मानना है कि साल 2019 के वर्ल्ड कप सेमीफाइनल (न्यूजीलैंड के खिलाफ) में जब धोनी रन-आउट हुए थे, तब घड़ी में ठीक यही समय (शाम के 7:29) हो रहा था.
एक युग का अंत, लेकिन यादें हमेशा जिंदा
धोनी और रैना का संन्यास भारतीय क्रिकेट के सबसे भावुक पलों में से एक बन गया. एक तरफ भारत को 2007 T20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान ने इंटरनेशनल क्रिकेट छोड़ा, तो दूसरी तरफ उनके करीबी दोस्त रैना ने भी उसी शाम अपनी यात्रा समाप्त कर दी. सबसे खास बात यह रही कि दोनों ने किसी बड़े फेयरवेल मैच या मंच का इंतजार नहीं किया. धोनी ने अपने अंदाज में कहा- 19:29 बजे से मुझे रिटायर्ड समझें… और कुछ ही देर बाद रैना ने भी कह दिया- इस सफर में मैं भी आपके साथ हूं.




