Begin typing your search...

3 साल तक रिलेशनशिप, शादी का झांसा देकर बनाए संबंध; 23 वर्षीय IPL स्टार खिलाड़ी की बढ़ी टेंशन- 5 पॉइंट्स में जानें मामला

अभिषेक पोरेल एक गंभीर विवाद में घिर गए हैं. पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में उनके खिलाफ एक मेडिकल छात्रा ने शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

abishek porel accused of exploitation
X

abishek porel accused of exploitation

( Image Source:  X/@BoAnalystSports )

आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल एक गंभीर विवाद में घिर गए हैं. पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में उनके खिलाफ एक मेडिकल छात्रा ने शादी का झांसा देकर शोषण करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. मामले के सामने आने के बाद क्रिकेट और खेल जगत में इसकी चर्चा तेज हो गई है.

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है. वहीं, सूत्रों के अनुसार अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सबूतों को खंगालने में जुटी हुई है.

5 पॉइंट्स में जानें मामला

1. पुलिस अधिकारियों के अनुसार कर्नाटक की एक मेडिकल छात्रा ने हुगली जिले के मोगरा पुलिस स्टेशन में अभिषेक पोरेल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि क्रिकेटर ने शादी का वादा कर उनका शोषण किया.

2. शिकायत में युवती ने दावा किया है कि वह पिछले तीन सालों से अभिषेक पोरेल के साथ रिश्ते में थीं. दोनों ने भविष्य में शादी करने का फैसला भी किया था, लेकिन बाद में परिस्थितियां बदल गईं और विवाद बढ़ गया.

3. जानकारी के मुताबिक करीब डेढ़ साल पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था. उस समय मामला पुलिस स्टेशन तक पहुंचा था, लेकिन किसी भी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी. इस बार युवती अपनी मां के साथ थाने पहुंची और लिखित शिकायत दी.

4. मामले की गंभीरता को देखते हुए हुगली (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक कुंवर भूषण सिंह ने मोगरा पुलिस स्टेशन का दौरा किया. उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जांच की प्रगति पर चर्चा की. एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा "शिकायत दर्ज कर ली गई है. हमने जांच शुरू कर दी है."

5. सूत्रों के मुताबिक 23 वर्षीय अभिषेक पोरेल ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को खारिज किया है. बताया जा रहा है कि फिलहाल वह बेंगलुरु में मौजूद हैं. हालांकि, इस मामले पर उनकी ओर से कोई आधिकारिक सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया है.

पोरेल का क्रिकेट करियर

अभिषेक पोरेल को आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत के विकल्प के रूप में मौका दिया था. शुरुआती दौर में उन्हें सीमित अवसर मिले, लेकिन बाद में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग से टीम प्रबंधन का भरोसा जीत लिया. आईपीएल में पोरेल ने 35 मैच खेले हैं, इस दौरान उन्होंने 769 रन बनाए हैं. जिसमें 4 अर्धशतक शामिल रहे. इसके अलावा अभिषेक ने 23 लिस्ट-ए मैचों में 833 रन बनाए हैं.

अगला लेख