Begin typing your search...

खान सर की बढ़ी टेंशन! कोचिंग सेंटर पर लगा ताला, 7 पॉइंट में जानें क्यों और कहां हुई कार्रवाई

प्रयागराज में प्रशासन ने व्यापक जांच अभियान चलाते हुए कई कोचिंग संस्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है. कई बड़े कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया गया. जिसमें खान का कोचिंग सेंटर भी शामिल रहा.

Khan Sir Coaching Centre Sealed
X

Khan Sir Coaching Centre Sealed

( Image Source:  X/ @priyanshu__63 )

हाल ही में लखनऊ के अलीगंज में एक बिल्डिंग में भीषण आग लगने के चलते 15 लोगों की जान चली गई थी, इस बिल्डिंग में कोचिंग सेंटर भी चल रहा था, जिसके कई बच्चे आग में जलकर मर गए. इस भीषण हादसे के बाद अब यूपी सरकार एक्शन मोड में दिखाई दे रही है. प्रशासन ने अवैध तथा असुरक्षित तरीके से संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है. इसी कड़ी में प्रदेश के सबसे बड़े शिक्षा केंद्रों में शामिल प्रयागराज में प्रशासन ने व्यापक जांच अभियान चलाते हुए कई कोचिंग संस्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है.

फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी, भवन उपयोग नियमों के उल्लंघन और छात्रों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवालों के बीच कई बड़े कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया गया. इस कार्रवाई में खान सर का कोचिंग सेंटर भी आया, जिसपर ताला लगा दिया गया है.

7 पॉइंट में जानें पूरा मामला

1. प्रयागराज जिला प्रशासन, प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमों ने शहर के प्रमुख कोचिंग हब में विशेष जांच अभियान चलाया. इस दौरान भवन सुरक्षा, फायर सेफ्टी और वैध अनुमति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई.

2. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों की भारी अनदेखी मिली. कई कोचिंग सेंटर ऐसे भवनों में संचालित होते पाए गए, जिन्हें व्यावसायिक गतिविधियों के लिए अधिकृत नहीं किया गया था.

3. जांच टीम ने पाया कि कई संस्थान आवासीय इमारतों और बेहद संकरी गलियों में संचालित किए जा रहे थे। ऐसे स्थानों पर किसी भी आपात स्थिति में छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो सकता है.

4. सील किए गए कई कोचिंग सेंटरों में हजारों छात्र पढ़ाई कर रहे थे, लेकिन आपातकालीन निकासी के लिए जरूरी ‘इमरजेंसी एग्जिट’ की व्यवस्था नहीं थी. इसे प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चूक माना.

5. जांच के दौरान कई संस्थानों में लगे अग्निशमन यंत्र या तो एक्सपायर पाए गए या केवल औपचारिकता के तौर पर लगाए गए थे. इसके अलावा फायर फाइटिंग सिस्टम, पानी की बौछार करने वाली व्यवस्था और वेंटिलेशन सिस्टम भी कई जगहों पर मानकों के अनुरूप नहीं मिले.

6. प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान प्रयागराज स्थित खान सर के कोचिंग सेंटर का भी निरीक्षण किया गया. जांच में सुरक्षा और नियमों से जुड़ी कई कमियां सामने आने के बाद प्रशासन ने संस्थान को बंद रखने का आदेश दिया.

7. रिपोर्ट्स के अनुसार, अधिकारियों का कहना है कि जिस भवन में कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था, उसे कमर्शियल उपयोग की अनुमति तो प्राप्त थी, लेकिन कोचिंग संस्थान संचालन के लिए आवश्यक श्रेणी की मंजूरी नहीं ली गई थी.

अगला लेख