Begin typing your search...

1 रन देकर 7 विकेट, टेस्ट क्रिकेट का वो सबसे खतरनाक स्पेल; 33 साल पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए 'काल' बना था ये गेंदबाज

33 साल पहले वेस्टइंडीज के दिग्गज तेज गेंदबाज कर्टली एम्ब्रोस ने ऐसा कहर बरपाया था, जिसे क्रिकेट इतिहास के सबसे खौफनाक स्पेल में गिना जाता है.

Curtly Ambrose
X

Curtly Ambrose

एक समय था जब क्रिकेट का असली खिलाड़ी उसी को माना जाता था जो टेस्ट में बेहतर हो. क्रिकेट की शुरुआत भी टेस्ट फॉर्मेट से ही हुई थी और इस फॉर्मेट ने कई बड़े दिग्गज खिलाड़ी दुनिया को दिए हैं. जिनका नाम आज भी उनकी खास उपलब्धियों के लिए लिया जाता है. बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी कई बड़े दिग्गज खिलाड़ियों ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ी है.

ऐसे ही एक महान गेंदबाज की आज हम बात करने वाले हैं जिन्होंने अपनी धारदार गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के छक्के छुड़ा दिए थे. 33 साल पहले इस दिग्गज गेंदबाज ने ऑस्ट्रेलिया टीम का ऐसा हाल किया था कि आज तक कंगारू टीम भूल नहीं पाई होगी.

कौन था वो गेंदबाज?

टेस्ट क्रिकेट के लगभग 150 साल लंबे इतिहास में कई महान गेंदबाज आए और उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से बल्लेबाजों को परेशान किया. लेकिन आज से ठीक 33 साल पहले वेस्टइंडीज के दिग्गज तेज गेंदबाज कर्टली एम्ब्रोस ने ऐसा कहर बरपाया था, जिसे क्रिकेट इतिहास के सबसे खौफनाक स्पेल में गिना जाता है. पर्थ की तेज और उछाल भरी पिच पर एम्ब्रोस की आग उगलती गेंदों ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया था.

1992/93 की टेस्ट सीरीज के पांचवें मुकाबले में एम्ब्रोस ने अपनी रफ्तार, उछाल और सटीक लाइन-लेंथ से ऐसा तूफान खड़ा किया कि मजबूत स्थिति में दिख रही ऑस्ट्रेलियाई टीम कुछ ही देर में बिखर गई. महज 32 गेंदों के भीतर उन्होंने सिर्फ 1 रन देकर 7 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया. यह स्पेल आज भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच और ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए डरावनी याद की तरह याद किया जाता है.

कैसा रहा था एम्ब्रोस स्पेल?

पर्थ की पिच हमेशा से तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती रही है, लेकिन उस दिन कर्टली एम्ब्रोस ने इसे अपने लिए हथियार बना लिया था. उनकी हर गेंद बंदूक की गोली की तरह बल्लेबाजों की ओर आ रही थी. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने मुकाबले की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी और स्कोर 85 रन पर 2 विकेट था. ऐसा लग रहा था कि मेजबान टीम मजबूत स्थिति में पहुंच चुकी है, लेकिन इसके बाद एम्ब्रोस ने गेंद हाथ में ली और मैच का पूरा रुख बदल दिया.

एम्ब्रोस ने अपने घातक स्पेल में सिर्फ 32 गेंदें फेंकीं और मात्र 1 रन खर्च करते हुए 7 विकेट झटक लिए. उनकी इस तूफानी गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज पूरी तरह बेबस नजर आए. 85/2 से मजबूत स्थिति में दिख रही टीम देखते ही देखते 119 रन पर ऑलआउट हो गई. क्रिकेट इतिहास में यह स्पेल सबसे किफायती और घातक स्पेल में शामिल है.

किन-किन खिलाड़ियों को किया था आउट?

कर्टली एम्ब्रोस के इस खतरनाक स्पेल का पहला शिकार Mark Waugh बने. इसके बाद उन्होंने अनुभवी बल्लेबाज डेविड मून को पवेलियन भेजा. ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ऐलन बॉर्डर भी एम्ब्रोस की रफ्तार के आगे टिक नहीं सके. विकेटकीपर बल्लेबाज इयान हीली को भी उन्होंने चलता किया. इसके बाद मर्व ह्यूज, जो एंजेल और आखिर में महान स्पिनर शेन वार्न भी एम्ब्रोस की कहर बरपाती गेंदबाजी का शिकार बने. लगातार सात विकेट लेकर उन्होंने क्रिकेट इतिहास में अपना नाम अमर कर दिया.

आंकड़ों में कितना खतरनाक था यह स्पेल?

उस पारी में कर्टली एम्ब्रोस ने कुल 18 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 9 मेडन ओवर डाले और सिर्फ 25 रन देकर 7 विकेट हासिल किए. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिन 7 विकेटों ने ऑस्ट्रेलिया की कमर तोड़ी, उस दौरान एम्ब्रोस ने केवल 32 गेंदें फेंकीं और सिर्फ 1 रन दिया. यही वजह है कि इस स्पेल को टेस्ट क्रिकेट इतिहास के सबसे विनाशकारी स्पेल में गिना जाता है.

कितनी बड़ी थी वेस्टइंडीज की जीत?

ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 119 रन पर सिमटने के बाद वेस्टइंडीज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 322 रन बनाए और बड़ी बढ़त हासिल कर ली. दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए और पूरी टीम 178 रन ही बना सकी. एम्ब्रोस ने दूसरी पारी में भी 2 विकेट अपने नाम किए. आखिरकार वेस्टइंडीज ने यह मुकाबला एक पारी के अंतर से जीत लिया और कर्टली एम्ब्रोस का यह ऐतिहासिक स्पेल क्रिकेट इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया.

कैसा रहा कर्टली एम्ब्रोस का करियर?

कर्टली एम्ब्रोस ने वेस्टइंडीज के लिए 1988 से 2000 तक क्रिकेट खेला था. उनकी गेंदबाजी के सामने बड़े-बड़े बल्लेबाज कांपते थे. पाकिस्तान के लिए उन्होंने अपना टेस्ट डेब्यू किया था. जिसमें उन्होंने 2 विकेट चटकाए थे. उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए अपने 12 साल के करियर में 98 टेस्ट और 176 वनडे मैच खेले थे. टेस्ट में गेंदबाजी करते हुए कर्टली ने 405 विकेट अपने नाम किए थे.

इस दौरान उनका बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन 84 रन देकर 11 विकेट लेना रहा था. वहीं बल्लेबाजी करते हुए कर्टली ने 1439 रन भी बनाए थे. जिसमें 1 अर्धशतक शामिल था. इसके अलावा वनडे में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 225 विकेट चटकाए थे. इस दौरान उनका बेस्ट गेंदबाजी प्रदर्शन 17 रन देकर 5 विकेट लेना रहा था. वहीं वनडे में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 639 रन बनाए थे.

स्टेट मिरर स्पेशल
अगला लेख