Begin typing your search...

क्या CSK से हो गई बड़ी गलती, खलील और एलिस को छोड़ना कितना पड़ सकता है भारी; जानें SRH के साथ ट्रेड डील की पूरी कहानी

चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच 4 खिलाड़ियों को लेकर ट्रेड डील पूरी हो चुकी है. जहां खलील अहमद और नाथन एलिस सनराइजर्स में चले गए हैं तो वहीं लियाम लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स सीएसके में आ गए हैं.

Khaleel Ahmed trade deal
X

Khaleel Ahmed trade deal

( Image Source:  ChatGPT )

आईपीएल 2027 सीजन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली को लेकर बड़ी डील हुई है. दोनों फ्रेंचाइजी चार खिलाड़ियों के ट्रेड पर सहमत हो गई हैं. इस सौदे के तहत इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन और ऑस्ट्रेलिया के जैक एडवर्ड्स चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा बनेंगे, जबकि खलील अहमद और नाथन एलिस सनराइजर्स हैदराबाद की टीम में शामिल होंगे.

हालांकि, इस ट्रेड डील ने CSK के फैंस को हैरान कर दिया है. इसकी सबसे बड़ी वजह खलील अहमद और नाथन एलिस जैसे गेंदबाजों को टीम से जाने देना है. खलील नई गेंद से विकेट लेने में माहिर हैं, जबकि एलिस को डेथ ओवरों का अच्छा गेंदबाज माना जाता है. ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या चेन्नई ने दो अहम गेंदबाजों को छोड़कर कोई बड़ी गलती कर दी है?

CSK-SRH के बीच क्या हुई ट्रेड डील?

लियाम लिविंगस्टोन 6 करोड़ रुपये में CSK से जुड़ेंगे, जबकि SRH ने उन्हें पहले 13 करोड़ रुपये में खरीदा था. जैक एडवर्ड्स अपनी मौजूदा 3 करोड़ रुपये की फीस पर चेन्नई की टीम में आएंगे. खलील अहमद 4.8 करोड़ रुपये के मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट पर SRH में शामिल होंगे, वहीं नाथन एलिस भी इस ट्रेड के तहत चेन्नई से हैदराबाद जाएंगे.

क्या CSK ने खलील और एलिस को छोड़कर गलती कर दी?

चेन्नई सुपर किंग्स के इस फैसले पर फैंस सवाल उठा रहे हैं. इसकी वजह यह है कि खलील अहमद और नाथन एलिस दोनों ही टीम के गेंदबाजी आक्रमण के लिए उपयोगी खिलाड़ी रहे हैं. खलील पावरप्ले में नई गेंद से विकेट निकालने की क्षमता रखते हैं. वहीं, नाथन एलिस अपनी सटीक यॉर्कर और डेथ ओवरों में गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं. इन दोनों के जाने से चेन्नई का तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट प्रभावित हो सकता है. आईपीएल भारतीय तेज गेंदबाजों की भूमिका भी काफी अहम होती है. प्लेइंग इलेवन का संतुलन बनाए रखने के लिए टीमों को अच्छे घरेलू गेंदबाजों की जरूरत होती है. ऐसे में खलील को ट्रेड करना चेन्नई के लिए जोखिम भरा फैसला साबित हो सकता है.

CSK के लिए कैसा रहा खलील अहमद का प्रदर्शन?

खलील अहमद ने आईपीएल 2025 और 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए क्रिकेट खेला है. इन दो सीजन में उन्होंने कुल 19 मुकाबले खेले और 17 विकेट अपने नाम किए. चेन्नई ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में खलील को 4.8 करोड़ रुपये में खरीदा था. वह टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल हो गए थे और पावरप्ले में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया था. हालांकि, आईपीएल 2026 में चोट ने उनके प्रदर्शन को प्रभावित किया. वह चोट के कारण टूर्नामेंट से जल्दी बाहर हो गए. इस सीजन में उन्होंने सिर्फ 5 मुकाबले खेले और 2 विकेट हासिल किए.

कैसे हैं नाथन एलिस के टी20 इंटरनेशनल आंकड़े?

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज नाथन एलिस का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने अब तक 39 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 18.07 की औसत से 58 विकेट हासिल किए हैं. इस दौरान उनका इकोनॉमी रेट 7.68 रहा है. एलिस को टी20 क्रिकेट में डेथ ओवरों का शानदार गेंदबाज माना जाता है, वह अपनी सटीक गेंदबाजी और दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं. आईपीएल में भी एलिस के नाम 17 मैचों में 17 विकेट दर्ज हैं. हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उन्हें सिर्फ एक मुकाबला खेलने का मौका मिला था. सीएसके ने एलिस को 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा था.

लिविंगस्टोन और जैक एडवर्ड्स से CSK को क्या फायदा होगा?

चेन्नई ने इस ट्रेड में दो ऑलराउंडरों को शामिल किया है. लियाम लिविंगस्टोन अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और शानदार स्पिन गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं. वह मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाने के साथ टीम को अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प भी दे सकते हैं. दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया के जैक एडवर्ड्स सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर हैं. उनके आने से चेन्नई को गेंद और बल्ले दोनों से टीम का संतुलन बनाने में मदद मिल सकती है.

आईपीएल
अगला लेख