Begin typing your search...

क्या बेवफाई की सजा है मौत, कन्नौज में पति ने कुर्सी से बांधकर पत्नी को लगा दी आग, 2 बच्चों का भी नहीं आया ख्याल; मामले में क्या-क्या हुआ?

कन्नौज में एक पति ने अपनी पत्नी को कुर्सी में बांधकर पेट्रोल से छिड़कर आग लगा दी. दरअसल पति को अपनी पत्नी के दूसरे युवक के साथ संबंध का शक था, जिसके चलते उसने वारदात को अंजाम दिया.

Husband Wife Burnt Alive
X

Husband Wife Burnt Alive

( Image Source:  X/ @Sachingupta, Gemini )

उत्तर प्रदेश के कन्नौज से घरेलू विवाद में हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया, जिससे पत्नी की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि आरोपी को पत्नी के किसी दूसरे युवक से संबंध होने का शक था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था. खास बात ये है कि दोनों ने लव मैरिज की थी.

आरोप है कि गुरुवार सुबह विवाद बढ़ने पर पति ने पत्नी को कुर्सी से बांधा और पेट्रोल डालकर आग लगा दी. महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गया. पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है.

कब दिया घटना को अंजाम?

घटना गुरुवार सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है. घर से आग की ऊंची लपटें उठती देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ दमकल विभाग को सूचना दी. दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इसके बाद जब दमकलकर्मी घर के अंदर पहुंचे तो वहां एक महिला का बुरी तरह जला हुआ शव मिला. उसकी पहचान सोनम के रूप में हुई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

कहां हुई थी दोनों की मुलाकात?

जानकारी के मुताबिक, सुखबीर और सोनम की मुलाकात हरियाणा के हिसार में हुई थी. दोनों वहां अलग-अलग निजी कंपनियों में नौकरी करते थे. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और करीब 11 साल पहले उन्होंने लव मैरिज की. शादी के बाद दोनों हिसार में ही रहने लगे. उनके दो बच्चे भी हैं. बताया जाता है कि सुखबीर पिछले करीब 14 साल से हिसार में निजी नौकरी कर रहा था. हालांकि, शादी के कुछ साल बाद दोनों के रिश्ते में तनाव आने लगा था.

ग्रामीणों ने क्या बताया?

ग्रामीणों के अनुसार, करीब चार साल पहले सुखबीर को सोनम के किसी दूसरे युवक से संबंध होने का शक हुआ था. इसके बाद पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़े होने लगे. कुछ समय पहले सुखबीर पत्नी और बच्चों को लेकर अपने गांव आ गया था. हालांकि, यहां भी सोनम की गांव के एक युवक से नजदीकियों को लेकर दोनों के बीच विवाद जारी रहा. बताया जा रहा है कि दिवाली की छुट्टियों में सुखबीर दो दिन पहले ही गांव पहुंचा था. उसे पत्नी और गांव के एक युवक के बीच बातचीत होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद उसने सोनम पर नजर रखनी शुरू कर दी.

जानकारी के मुताबिक, एक दिन सुखबीर ने सोनम को मोबाइल पर उस युवक से बात करते हुए देख लिया. इस बात को लेकर दोनों के बीच लगातार दो दिनों तक कहासुनी होती रही. विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सिकंदरपुर पुलिस चौकी तक पहुंच गया था. गुरुवार सुबह भी दोनों के बीच फिर से झगड़ा हुआ. इसके बाद सुखबीर घर से बाहर चला गया. करीब आधे घंटे बाद वह बोतल में पेट्रोल लेकर वापस लौटा.

आरोपी के चाचा ने क्या बताया?

आरोप है कि घर लौटने के बाद सुखबीर ने सोनम को कुर्सी से बांध दिया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इसके बाद वह अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर वहां से फरार हो गया. आरोपी के चाचा जितेंद्र ने भी घटना में अपने भतीजे का नाम लिया है. उनके मुताबिक, महिला के चीखने की आवाज सुनाई दे रही थी, लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई भी उसे बचाने के लिए घर के अंदर नहीं जा सका.

क्या पकड़ा गया आरोपी?

घटना की सूचना मिलते ही छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है. वारदात के बाद से आरोपी पति फरार है. उसे पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. साथ ही दोनों बच्चों की तलाश भी की जा रही है.

अगला लेख