Begin typing your search...

Anaya Bangar को CA ने दी महिला क्रिकेट में वापसी की राह तो भड़क उठीं साउथ अफ्रीका की आलराउंडर, कहा- यह नहीं होना चाहिए

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अनाया बांगर को महिला क्रिकेट में वापसी के लिए एक रास्ता दिया है, लेकिन मार्च 2027 तक उन्हें तय टेस्टोस्टेरोन और अन्य शर्तें पूरी करनी होंगी. दक्षिण अफ्रीका की मारिजाने कप ने इस फैसले की कड़ी आलोचना करते हुए इसे 'बिल्कुल हास्यास्पद' बताया.

marizzane kapp on anaya bangar
X
( Image Source:  instagram.com/anayabangar/kappie777 )

दक्षिण अफ्रीका की स्टार ऑलराउंडर Marizanne Kapp ने ट्रांसजेंडर क्रिकेटर अनाया बांगर को ऑस्ट्रेलिया में महिला क्रिकेट में वापसी का रास्ता दिए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कप ने इसे 'बिल्कुल हास्यास्पद' बताया और कहा कि ऐसा नहीं होने दिया जाना चाहिए.

मामला पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच संजय बांगर की बेटी अनाया बांगर से जुड़ा है. ऑस्ट्रेलियाई मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, Cricket Australia ने अपनी Inclusion of Transgender and Gender Diverse Players in Elite Cricket Policy के तहत अनाया को प्रतिस्पर्धी महिला क्रिकेट में वापसी के लिए एक तय रास्ता दिया है.

अनाया ने इस साल मार्च में जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराई थी. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा फैसले के तहत वह मार्च 2027 तक ऑस्ट्रेलिया के किसी भी राज्य या क्षेत्र में कम्युनिटी क्रिकेट खेल सकती हैं. इसके बाद अगर वह नीति में तय सभी शर्तें पूरी करती हैं, तो उन्हें एलीट महिला क्रिकेट में खेलने के लिए पात्र माना जा सकता है.

क्या है क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की शर्त?

  • क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुताबिक, महिला वर्ग के एलीट क्रिकेट में खेलने की इच्छा रखने वाली खिलाड़ी के लिए जरूरी है कि उसके सीरम टेस्टोस्टेरोन का स्तर लगातार कम से कम 12 महीने तक 10 nmol/L से नीचे रहे.
  • अनाया के मामले की समीक्षा क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के विशेषज्ञ पैनल ने की. इसमें इंटीग्रिटी, कानूनी, घरेलू क्रिकेट संचालन और मेडिकल विशेषज्ञ शामिल थे.
  • क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अनाया को बताया कि उपलब्ध मेडिकल जानकारी के आधार पर 12 महीने वाली यह शर्त मार्च 2027 में पूरी हो जाएगी.
  • हालांकि, मार्च 2027 के बाद भी उनकी पात्रता अपने आप पक्की नहीं होगी. उन्हें ब्लड टेस्ट के जरिए टेस्टोस्टेरोन स्तर निर्धारित सीमा के भीतर साबित करना होगा और नीति की अन्य सभी शर्तों को भी पूरा करना होगा.
  • अनाया ने बताया कि जुलाई में हुए उनके सबसे हालिया ब्लड टेस्ट में कुल टेस्टोस्टेरोन का स्तर 0.6 nmol/L दर्ज किया गया था. यह संबंधित लैब की महिला रेफरेंस रेंज के भीतर था.

अनाया ने कहा- पात्रता का मतलब टीम में जगह नहीं

  • अनाया ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले को टीम में चयन मिलने के तौर पर देखने से साफ इनकार किया. उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ क्रिकेट में वापसी का एक रास्ता मिला है, टीम में जगह की गारंटी नहीं. उन्हें अभी ट्रेनिंग करनी होगी, प्रतिस्पर्धा करनी होगी और अपने प्रदर्शन के दम पर टीम में जगह हासिल करनी होगी.
  • अनाया ने यह भी कहा कि वह नहीं चाहतीं कि उनकी पहचान या पिछला इतिहास उन्हें किसी टीम में जगह दिलाए, बल्कि वह चाहती हैं कि उनका क्रिकेट उन्हें वहां तक पहुंचाए. उन्होंने महिला क्रिकेट में प्रतिस्पर्धा के स्तर और खेल की निष्पक्षता को लेकर चल रही बहस को भी स्वीकार किया. हालांकि, उनका तर्क है कि समावेश और निष्पक्षता को एक-दूसरे का विरोधी मानना जरूरी नहीं है.
  • अनाया ने कहा कि ट्रांजिशन के बाद उनके सामने सबसे मुश्किल सवालों में से एक यह था कि क्या क्रिकेट में उनके लिए फिर कोई जगह होगी. उन्होंने बताया कि उन्होंने वापसी का रास्ता खोजने में वर्षों लगाए और अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के फैसले ने उन्हें दोबारा कोशिश करने का मौका दिया है.

मारिजाने काप ने जताई असहमति

दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका की प्रमुख क्रिकेटर मारिजाने काप ने इस फैसले पर बिल्कुल अलग राय रखी. उन्होंने सोशल मीडिया पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से जुड़े एक रिपोर्ट को शेयर करते हुए लिखा, “Absolutely ridiculous. This should not be allowed.” कप की टिप्पणी के बाद महिला क्रिकेट में ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों की भागीदारी, प्रतिस्पर्धात्मक समानता और खेल की निष्पक्षता को लेकर बहस और तेज हो गई है.

अगर अनाया मार्च 2027 में सभी निर्धारित पात्रता शर्तें पूरी कर लेती हैं, तो उनके लिए ऑस्ट्रेलिया की एलीट महिला क्रिकेट में आगे बढ़ने का रास्ता खुल सकता है. इसमें भविष्य में Women’s Big Bash League जैसे बड़े टूर्नामेंट तक पहुंचने की संभावना भी शामिल है. हालांकि, वहां तक पहुंचने के लिए उन्हें अपनी पात्रता के साथ-साथ मैदान पर प्रदर्शन के आधार पर भी चयन हासिल करना होगा.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख