दिवाली पर गांधी परिवार में बनता था ये खास कश्मीरी पकवान, जानें मशहूर Modur Pulao की रेसिपी
सोनिया गांधी ने एक वीडियो में बताया कि दिवाली के मौके पर उनके घर पर कश्मीरे मीठे चावल बनते थे. हालांकि, सोनिया ने कहा कि वह आज भी यह चावल उनके घर में बनते हैं. इसे मोदुर पुलाव कहा जाता है.
त्योहारों की रौनक सिर्फ घर की सजावट और दीयों तक सीमित नहीं होती, बल्कि कई बार खाने की खुशबू भी पुरानी यादें ताजा कर देती है. कुछ ऐसा ही खास रिश्ता गांधी परिवार का कश्मीरी खाने से भी है. हाल ही में सोनिया गांधी ने अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा और नातिन मिराया वाड्रा के साथ दिवाली की पुरानी यादें साझा कीं. इस बातचीत में उन्होंने बताया कि उनके परिवार में त्योहारों के मौके पर कश्मीरी खाना और मीठे चावल बनाने की परंपरा रही है. खास बात यह है कि आज भी उनके घर में यह पकवान बनाया जाता है.
सोनिया गांधी ने मीठे चावल का नाम नहीं बताया, लेकिन कश्मीरी खाने में मोदुर पुलाव (Modur Pulav) एक खास मिठाई जैसा चावल का पकवान है. केसर, दूध, घी, इलायची और सूखे मेवों से तैयार होने वाला यह पुलाव अपनी खुशबू और स्वाद के लिए जाना जाता है. अगर आप भी इस बार घर पर कुछ अलग और खास मीठा बनाना चाहते हैं, तो इसकी रेसिपी आजमा सकते हैं.
क्या है मोदुर पुलाव?
मोदुर पुलाव कश्मीर का पारंपरिक मीठा चावल है. इसे खासतौर पर त्योहारों और विशेष मौकों पर बनाया जाता है. इसकी सबसे बड़ी खासियत है इसका सुनहरा रंग, हल्की मिठास और केसर की शानदार खुशबू. इसमें बादाम, काजू, किशमिश और पिस्ता जैसे मेवे डाले जाते हैं. साधारण मीठे चावल से अलग इसमें दूध, घी और साबुत मसालों का भी इस्तेमाल होता है.
मोदुर पुलाव बनाने के लिए जरूरी सामान
इस स्वादिष्ट पुलाव को बनाने के लिए आपको इन चीजों की जरूरत होगी.
- 1 कप बासमती चावल
- 2 से 4 बड़े चम्मच देसी घी
- आधा से 1 कप चीनी
- 1 से 2 कप पानी
- आधा से 1 कप दूध
- केसर के कुछ धागे
- 2-3 हरी इलायची
- 2-3 लौंग
- दालचीनी का एक छोटा टुकड़ा
- 2 तेजपत्ते
- 10-12 बादाम और काजू
- थोड़े से पिस्ता और किशमिश
- सूखे नारियल के टुकड़े
- एक चुटकी नमक
कैसे बनाएं कश्मीरी मोदुर पुलाव?
- सबसे पहले बासमती चावल को अच्छी तरह धोकर करीब 20-30 मिनट के लिए पानी में भिगो दें. दूसरी तरफ थोड़ा गर्म दूध लेकर उसमें केसर के धागे डाल दें, ताकि दूध में उसका रंग और खुशबू आ जाए.
- अब एक बर्तन में पानी गर्म करें. इसमें इलायची, लौंग, दालचीनी, तेजपत्ता और थोड़ा नमक डालें. पानी उबलने लगे तो इसमें चावल डालकर करीब 75-80 प्रतिशत तक पकाएं. इसके बाद अतिरिक्त पानी निकाल दें.
- एक भारी तले वाली कड़ाही में घी गर्म करें. इसमें बादाम, काजू, पिस्ता, किशमिश और नारियल के टुकड़ों को हल्का सुनहरा होने तक भून लें. इन्हें निकालकर अलग रख दें.
- अब उसी कड़ाही में चीनी, दूध और केसर वाला दूध डालें. इसमें आधे भुने हुए मेवे मिलाएं और फिर चावल डालकर हल्के हाथों से चलाएं.
- कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर 10-20 मिनट तक पकने दें. जब चावल दूध और चीनी का स्वाद अच्छी तरह सोख लें, तो गैस बंद कर दें. करीब 10 मिनट बाद ढक्कन हटाएं और बचे हुए मेवों से सजाकर गर्मागर्म परोसें.
- इस तरह आपका खुशबूदार कश्मीरी मोदुर पुलाव तैयार हो जाएगा. त्योहार हो या घर में कोई खास मौका, यह मीठा पकवान खाने की मेज पर एक अलग स्वाद जोड़ सकता है.




